काबुल पर एयरस्ट्राइक, अस्पताल में हुए हमले में 400 लोगों की मौत, भड़का अफगानिस्तान, पाकिस्तान पर लगाया बड़ा आरोप
काबुल में एयरस्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. अफगानिस्तान ने आरोप लगाया कि अस्पताल पर हुए हमले में 400 से ज्यादा लोगों की मौत और करीब 250 घायल हुए. हालांकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसकी वायुसेना ने केवल सैन्य ठिकानों और आतंकी ढांचे को निशाना बनाया और नागरिकों को नुकसान नहीं पहुंचाया है.
Airstrikes in Kabul Hospital: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. अफगानिस्तान ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने काबुल में एक ऐसे अस्पताल पर एयरस्ट्राइक की जहां नशे की लत से जूझ रहे लोगों का इलाज चल रहा था. अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान के मुताबिक इस हमले में 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और करीब 250 लोग घायल हो गए. उन्होंने स्थानीय टीवी चैनलों से बातचीत में बताया कि ड्रग ट्रीटमेंट अस्पताल का लगभग पूरा हिस्सा तबाह हो गया है.
मंगलवार रात करीब 9 बजे काबुल में जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी. शहर के शहर-ए-नव और वजीर अकबर खान इलाकों में धुएं के बड़े गुबार उठते देखे गए. स्थानीय टीवी फुटेज में देखा गया कि इमारत के मलबे के बीच दमकलकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे.
सोशल मीडिया पर बताया सच
अफगानिस्तान की मौजूदा तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर अफगानिस्तान क्षेत्र का उल्लंघन किया है. उन्होंने इन हमलों को “अमानवीय अपराध” बताते हुए कहा कि मारे गए ज्यादातर लोग इलाज करा रहे मरीज थे.
पाकिस्तान ने आरोपों को झुठलाया
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की ओर से लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय का कहना है कि उसकी वायुसेना ने केवल सैन्य ठिकानों और आतंकी ढांचे को निशाना बनाया है. मंत्रालय के मुताबिक काबुल और नंगरहार में ऐसे ठिकानों पर हमले किए गए जहां तकनीकी उपकरण और गोला-बारूद का भंडारण किया गया था. पाकिस्तान का दावा है कि ये स्थान उन आतंकियों के लिए इस्तेमाल हो रहे थे जो पाकिस्तान में आम नागरिकों पर हमले कर रहे थे.
भावनाएं भड़काने की कही बात
पाकिस्तान ने यह भी कहा कि उसकी कार्रवाई बेहद सटीक थी और इस दौरान नागरिकों को नुकसान न पहुंचे इसका विशेष ध्यान रखा गया. पाकिस्तान के अनुसार अफगानिस्तान पक्ष के आरोप “भ्रामक और भावनाएं भड़काने वाले” हैं. इस बीच दोनों देशों के बीच सीमा पर झड़पें भी जारी हैं. पाकिस्तान लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार उन उग्रवादियों को पनाह देती है जो पाकिस्तान में हमले करते हैं.
क्यों भड़का मसला?
हाल के दिनों में स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है. पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने आरोप लगाया था कि अफगान तालिबान ने ड्रोन तैनात कर पाकिस्तान में कई नागरिकों को घायल किया, जिसे उन्होंने रेड लाइन पार करना बताया. इसके जवाब में पाकिस्तान की वायुसेना ने अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में कुछ उपकरण भंडारण और तकनीकी सहायता केंद्रों पर भी हमले किए.
Latest Stories
ट्रंप का दावा, ईरान हो चुका है तबाह; हमने 7000 कमर्शियल और सैन्य ठिकानों पर किया अटैक
होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव, ट्रंप ने देशों से नेवी भेजने की अपील, कहा- नहीं तो और बढ़ सकते हैं तेल के दाम
अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर बरसाए बम, ट्रंप बोले सैन्य ठिकाने तबाह; यही है तेल का सबसे बड़ा केंद्र
