सितारे की तरह चमका ये टेलीकॉम स्‍टॉक, 4G नेटवर्क के बड़े ऑर्डर से मिला बूस्‍ट, एक दिन में 3% से ज्‍यादा चढ़ा

Tejas Networks Ltd का शेयर नए ऑर्डर की खबर के बाद एक दिन में करीब 3.6% उछल गया. कंपनी को दक्षिण एशिया के एक मोबाइल ऑपरेटर के लिए ऑर्डर मिला है, जिससे उसके ग्लोबल वायरलेस बिजनेस को मजबूती मिलने की उम्मीद है. पिछले एक महीने में शेयर करीब 36% चढ़ा है.

Tejas Networks Share Price: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और एनर्जी सेक्‍टर में सप्लाई से जुड़ी चिंताओं के कारण पूरे महीने भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा. कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस पर निर्भर कई कंपनियों के शेयर दबाव में रहे. लेकिन इस माहौल में एक टेलीकॉम टेक्नोलॉजी कंपनी का शेयर सोमवार, 16 मार्च को चमकता नजर आया. इसका नाम Tejas Networks Ltd. है. इसके शेयर कल करीब 3.6 प्रतिशत तक चढ़ गए.

शेयर का पिछला बंद भाव 446.85 रुपये था, जबकि इसका इंट्रा डे हाई 463 रुपये दर्ज किया गया. ऐसे में तेजस नेटवर्क का शेयर एक दिन में करीब 3.6% तक उछल गया. शेयरों में आई तेजी की बड़ी वजह कंपनी को मिला एक नया ऑर्डर है, जो 4G नेटवर्क के लिए है.

ऑर्डर की खासियत

कंपनी ने हाल ही में एक्सचेंज को जानकारी दी कि उसे दक्षिण एशिया के एक मोबाइल ऑपरेटर के लिए 4G नेटवर्क सॉल्‍यूशंस सप्लाई करने का नया ऑर्डर मिला है. इस ऑर्डर के तहत Tejas Networks अपने 4G मल्टी-बैंड रेडियो प्रोडक्ट्स ऑपरेटर के नेटवर्क के कई साइट्स पर तैनात करेगी. कंपनी के अनुसार यह ऑर्डर कंपनी के ग्लोबल वायरलेस कारोबार के विस्तार में एक और अहम कदम है और इससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 4G और 5G मोबिलिटी सॉल्यूशंस की पहुंच और मजबूत होगी. आने वाले समय में तकनीकी बदलाव और तेजी से बढ़ती कनेक्टिविटी की मांग से वायरलेस बिजनेस में बड़े अवसर पैदा होंगे.

विदेशों में मजबूत कर रहें कस्‍टमर बेस

Tejas Networks ने वैश्विक कंपनियों NEC Corporation और Rakuten Group के साथ साझेदारी के जरिए विदेशों में अपने ग्राहक आधार को मजबूत किया है. इसके साथ ही कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी सेल्स नेटवर्क का विस्तार किया है. शुरुआती रणनीतिक ऑर्डर हासिल किए हैं, जिससे आने वाले समय में ग्लोबल बिजनेस बढ़ने की उम्मीद है.

कंपनी का प्‍लान

Tejas Networks रिसर्च और डेवलपमेंट पर भी बड़ा फोकस कर रही है. कंपनी वायरलेस, ऑप्टिकल और ब्रॉडबैंड टेक्नोलॉजी पर काम करते हुए ग्राहकों को ज्यादा कुशल और किफायती समाधान देने की कोशिश कर रही है. कंपनी का लक्ष्य उभरते और विकसित दोनों तरह के बाजारों में उच्च प्रदर्शन और लागत प्रभावी नेटवर्किंग समाधान उपलब्ध कराना है.

यह भी पढ़ें: 52 वीक हाई से 45% नीचे ट्रेड कर रहा ये डिफेंस स्‍टॉक, पर मजबूत ऑर्डर बुक और विस्‍तार प्‍लान से फोकस में शेयर, रखें नजर

शेयर का हाल

शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो पिछले एक महीने में शेयर करीब 36 प्रतिशत तक चढ़ चुका है. हालांकि साल भर में ये 33 फीसदी गिरा है. 5 साल में इसने 137 फीसदी का रिटर्न दिया है. कंपनी का 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर 914.40रुपये और निचला स्तर 294 रुपये है.

कंपनी का कामकाज

Tejas Networks एक टेलीकॉम उपकरण निर्माता कंपनी है जो दुनिया के 75 से अधिक देशों में टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर, इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर, यूटिलिटी, डिफेंस और सरकारी संस्थानों को नेटवर्किंग प्रोडक्‍ट उपलब्ध कराती है. इसके पोर्टफोलियो में 4G और 5G वायरलेस टेक्नोलॉजी, फाइबर ब्रॉडबैंड, ऑप्टिकल ट्रांसमिशन, पैकेट स्विचिंग और सैटेलाइट कम्युनिकेशन जैसे समाधान शामिल हैं.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.