इस कंपनी ने 47 कर्मचारियों को बांटी 20 करोड़ की कारें; रेंज रोवर, ऑडी और डिफेंडर भी हैं शामिल
HiLITE Group ने अपने 47 कर्मचारियों को उपहार में दी गई गाड़ियों में रेंज रोवर, ऑडी Q8 और लैंड रोवर डिफेंडर जैसी लग्जरी कारें शामिल हैं. इसके अलावा टाटा हैरियर, किया सेल्टोस, हुंडई क्रेटा और स्कोडा काइलैक जैसे मॉडल भी कर्मचारियों को दिए हैं.
कॉर्पोरेट दुनिया में सालगिरह अक्सर भाषणों और फ्यूचर की योजनाओं के साथ मनाई जाती है, लेकिन केरल के कोझिकोड की मशहूर रियल एस्टेट कंपनी HiLITE Group ने अपनी 30वीं एनिवर्सरी पर कुछ अलग ही कर दिखाया. कंपनी ने अपने 47 कर्मचारियों को करीब 20 करोड़ रुपये की कारें उपहार में दीं. यह घोषणा एक बड़े कंपनी कार्यक्रम में की गई.
कौन-कौन सी कारें मिलीं?
Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने सिर्फ साधारण गाड़ियां नहीं दीं, बल्कि प्रीमियम और पॉपुलर मॉडल भी शामिल किए. उपहार में दी गई गाड़ियों में रेंज रोवर, ऑडी Q8 और लैंड रोवर डिफेंडर जैसी लग्जरी कारें शामिल हैं. इसके अलावा टाटा हैरियर, किया सेल्टोस, हुंडई क्रेटा और स्कोडा काइलैक जैसे मॉडल भी कर्मचारियों को दिए गए. कंपनी का कहना है कि गाड़ियों का चयन कर्मचारियों के पद और जिम्मेदारियों को ध्यान में रखकर किया गया.
क्या बोला कंपनी के चेयरमैन ने ?
कंपनी के चेयरमैन P. Sulaiman ने इस मौके पर कहा कि पिछले 30 सालों में उनका ध्यान केरल को बेहतर और आधुनिक स्पेस देने पर रहा है. उन्होंने कहा कि कंपनी ने हमेशा ऐसी जगहें बनाने की कोशिश की है, जो समय की कसौटी पर खरी उतरें और लोगों के लिए गर्व का कारण बनें.
कंपनी की शुरुआत और सफर
HiLITE Group की शुरुआत 1996 में कोझिकोड में हुई थी. शुरुआती दौर में कंपनी ने खुदरा और व्यावसायिक परियोजनाओं पर काम किया. कंपनी के पहले बड़े प्रोजेक्ट्स में फोकस मॉल खास रहा, जिसे केरल का पहला संगठित खुदरा स्पेस माना जाता है. इसके बाद कंपनी ने HiLITE मॉल कोझिकोड और HiLITE मॉल त्रिशूर जैसे बड़े प्रोजेक्ट विकसित किए. कंपनी के अनुसार, राज्य में इस समय 10 और मॉल्स पर काम चल रहा है. आज HiLITE Group आवासीय, आईटी और मिश्रित उपयोग वाली परियोजनाओं में भी सक्रिय है। कंपनी में करीब 10,000 लोग कार्यरत हैं.
क्या है आगे का प्लान?
वर्षगांठ के अवसर पर कंपनी ने फ्यूचर की योजनाओं का भी ऐलान किया. कंपनी कोझिकोड में 12.5 मिलियन वर्ग फीट का वर्ल्ड ट्रेड सेंटर प्रोजेक्ट विकसित कर रही है, जिसमें करीब 680 मिलियन डॉलर का निवेश होगा. कंपनी के सीईओ Ajil Muhammed ने कहा कि यह विस्तार केरल को वैश्विक कारोबारी मानचित्र पर और मजबूत बनाएगा. साथ ही, 2030 तक केरल में 50 मिलियन वर्ग फीट का विस्तार करने की योजना है, जिससे दो लाख से अधिक रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। इस विस्तार में आईटी पार्क, व्यावसायिक केंद्र और बड़े शहरी प्रोजेक्ट शामिल होंगे.
इसे भी पढ़ें- 19999 रुपये में लॉन्च हुआ 6500mAh बैटरी वाला 5G फोन, 50MP कैमरा के साथ है खास गेमिंग फीचर्स
