JSW MG Motor की बड़ी तैयारी! इस साल लॉन्च होंगी 4 नई SUV, प्लग-इन हाइब्रिड पर भी दांव
JSW MG Motor India इस साल चार नई SUV लॉन्च करने की तैयारी में है, जिनमें एक प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल भी शामिल होगा. कंपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने, लोकलाइजेशन को मजबूत करने और भारतीय SUV व EV बाजार में अपनी पकड़ बढ़ाने के लिए 5,000 करोड़ रुपये तक निवेश करेगी.
Auto News: भारतीय ऑटो बाजार में JSW MG Motor India अपने अगले ग्रोथ फेज की तैयारी में जुट गई है. कंपनी इस साल चार नए मॉडल लॉन्च करने जा रही है, जिनमें एक प्लग-इन हाइब्रिड SUV भी शामिल होगी. मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग मेहरोत्रा के मुताबिक, यह पूरा प्लान कंपनी की पांच साल की रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए MG भारत में अपनी मौजूदगी और मजबूत करना चाहती है.
पांच साल का ग्रोथ प्लान
समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए अपने इंटरव्यू में, अनुराग मेहरोत्रा ने बताया कि कंपनी ने आने वाले पांच सालों के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है. इस प्लान के तहत JSW MG Motor India अपनी सालाना बिक्री को करीब 3 लाख यूनिट तक ले जाने का लक्ष्य रखती है. इसके लिए कंपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नए मॉडल लाने और लोकलाइजेशन पर जोर दे रही है.
कंपनी अगले कुछ सालों में 4,000 से 5,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करने की योजना बना रही है. यह निवेश मुख्य रूप से प्लांट एक्सपेंशन, नए प्रोडक्ट्स और लोकलाइजेशन बढ़ाने पर किया जाएगा. फंडिंग के लिए कंपनी Internal Accruals के साथ-साथ बाहरी स्रोतों से पूंजी जुटाने के विकल्पों पर भी विचार कर रही है.
फिलहाल गुजरात के हलोल प्लांट में JSW MG Motor की सालाना उत्पादन क्षमता 1.2 लाख यूनिट है. कंपनी इसे बढ़ाकर 3 लाख यूनिट सालाना करने की तैयारी में है. मेहरोत्रा के मुताबिक, इस विस्तार में करीब 18 महीने का समय लगेगा. इससे बढ़ती मांग को पूरा करने में कंपनी को मदद मिलेगी.
इस साल लॉन्च होंगे 4 नए SUV
प्रोडक्ट लॉन्च के मोर्चे पर 2026 JSW MG Motor के लिए अहम रहने वाला है. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी इस साल कुल चार नए SUV लॉन्च करेगी. इनमें पहला मॉडल प्रीमियम SUV ‘MAJESTOR’ होगा, जो अप्रैल-मई में बाजार में आ सकता है. यह SUV सीधे तौर पर Toyota Fortuner जैसे सेगमेंट के बड़े खिलाड़ियों को टक्कर देगी.
इसके बाद साल के भीतर तीन और नए मॉडल लॉन्च किए जाएंगे. मेहरोत्रा ने बताया कि ये तीनों मॉडल न्यू एनर्जी व्हीकल होंगे और इनमें से एक प्लग-इन हाइब्रिड SUV होगी. चारों नए मॉडल SUV सेगमेंट में ही होंगे.
कंपनी ने बताया कि चार में से तीन मॉडल MG चैनल के जरिए बेचे जाएंगे, जबकि एक मॉडल प्रीमियम चैनल ‘MG Select’ के तहत पेश किया जाएगा. इससे कंपनी अलग-अलग कस्टमर सेगमेंट को टारगेट कर सकेगी.
यह भी पढ़ें: भारत में आने वाली 7-सीटर कारों की भरमार, फैमिली SUV सेगमेंट में बढ़ेगा मुकाबला; यहां चेक करें पूरी लिस्ट
EV बाजार को लेकर सकारात्मक नजरिया
सेल्स आउटलुक पर बात करते हुए मेहरोत्रा ने कहा कि पैसेंजर व्हीकल इंडस्ट्री में डबल डिजिट ग्रोथ की उम्मीद है, खासकर GST रेशनलाइजेशन और पिछले साल के कमजोर बेस के बाद. EV सेगमेंट में भी तेजी की संभावना है और 2026 तक EV की हिस्सेदारी 7-8 फीसदी तक पहुंच सकती है, जो 2025 में 4.5 फीसदी थी.
Latest Stories
Hyundai Exter vs Tata Punch: फीचर्स, परफॉर्मेंस और कीमत में कौन है नंबर 1? जानें पूरी डिटेल्स
Suzuki ने लॉन्च किया नया Burgman Street 2026, TFT डिस्प्ले और कीलेस फीचर्स से लैस; जानें कीमत
FY26 में रिकॉर्ड हाई पर पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री, सबसे अधिक बिकी मारुति की ये कार; Hyundai ने किया निराश
