Maruti Suzuki ने लॉन्च की e Vitara, कीमत ₹10.99 लाख से शुरू, बैटरी के लिए देनी होगी ₹3.99 किमी की EMI
कंपनी ने ‘e for me’ प्लेटफॉर्म के तहत 1,100 से अधिक शहरों में 2,000 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स की सुविधा शुरू की है और 13 चार्ज पॉइंट ऑपरेटर्स के साथ साझेदारी की है. Maruti Suzuki का लक्ष्य 2030 तक 1 लाख पब्लिक चार्जिंग पॉइंट्स स्थापित करने का है.
Maruti Suzuki India Limited ने अपनी पहली मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV e Vitara को ₹10.99 लाख (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है. यह कीमत बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल के तहत रखी गई है, जिसमें बैटरी की लागत को वाहन की कीमत से अलग कर दिया जाता है, जिससे शुरुआती कीमत कम हो जाती है. 49kWh वेरिएंट पर लागू इस प्लान में बैटरी EMI ₹3.99 प्रति किमी तय की गई है. ग्राहक ₹21,000 की शुरुआती राशि देकर NEXA शोरूम या वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं. कंपनी 8 साल की बैटरी वारंटी, 3+5 साल की वाहन वारंटी, ₹50,000 मूल्य का मुफ्त होम चार्जर व इंस्टॉलेशन, एक साल की मुफ्त चार्जिंग और 3 साल बाद 60 फीसदी वैल्यू पर एश्योर्ड बायबैक प्लान भी दे रही है.
बैटरी, पावरट्रेन और रेंज
e Vitara को HEARTECT-e EV प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है और इसमें लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) तकनीक की दो बैटरी विकल्प—49kWh और 61kWh—उपलब्ध हैं. 49kWh वर्जन 105.8kW की पावर देता है, जबकि 61kWh वर्जन 128kW की पावर जनरेट करता है. दोनों वेरिएंट में 192.5Nm का पीक टॉर्क मिलता है. कंपनी के अनुसार 61kWh वेरिएंट की अधिकतम रेंज 543 किमी और 49kWh वेरिएंट की 440 किमी है. इस SUV को −30°C से 60°C तक के तापमान में टेस्ट किया गया है.
सेफ्टी और फीचर्स
e Vitara को भारत NCAP से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है, जिसमें इसे एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में 32 में से 31.49 अंक और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में 49 में से 43 अंक मिले हैं. सुरक्षा के लिहाज से इसमें 7 एयरबैग (ड्राइवर नी एयरबैग सहित), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ऑल-डिस्क ब्रेक, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और लेवल-2 ADAS जैसी सुविधाएं दी गई हैं. फीचर्स की बात करें तो इसमें 10.1-इंच टचस्क्रीन, 10.25-इंच मल्टी-इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 10-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, 40:20:40 स्प्लिट और स्लाइडिंग-रिक्लाइनिंग रियर सीट, फिक्स्ड ग्लास सनरूफ, Infinity by Harman ऑडियो सिस्टम, मैट्रिक्स LED DRLs, LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और 18-इंच एयरोडायनामिक अलॉय व्हील जैसे प्रीमियम फीचर्स शामिल हैं.
चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और मुकाबला
कंपनी ने ‘e for me’ प्लेटफॉर्म के तहत 1,100 से अधिक शहरों में 2,000 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स की सुविधा शुरू की है और 13 चार्ज पॉइंट ऑपरेटर्स के साथ साझेदारी की है. Maruti Suzuki का लक्ष्य 2030 तक 1 लाख पब्लिक चार्जिंग पॉइंट्स स्थापित करने का है, जिसके लिए लॉन्च से पहले लगभग ₹250 करोड़ का निवेश किया गया है. मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में e Vitara का मुकाबला Mahindra BE 6, Toyota Urban Cruiser Ebella, Hyundai Creta Electric, Tata Curvv.ev, MG ZS EV और VinFast VF6 जैसे मॉडलों से होगा.
Latest Stories
टोयोटा ने पेश किया फरवरी 2026 ऑफर; ग्लान्जा, हाईराइडर समेत इन कारों पर मिल रही भारी छूट
लग्जरी SUV सेगमेंट में BMW की दमदार एंट्री, लॉन्च हुई X3 30 xDrive M Sport Pro; 6.3 सेकंड में पकड़ती है 100 की रफ्तार
Royal Enfield का बड़ा प्लान, Continental GT 650 नहीं होगी बंद, नए अवतार में फिर करेगी एंट्री; चेक करें डिटेल
