Innova Crysta के चाहने वालों के लिए खुशखबरी! Toyota ने लॉन्च किया अपडेटेड मॉडल; जानें कीमत

Toyota Kirloskar Motor ने भारत में अपडेटेड Toyota Innova Crysta लॉन्च कर दी है. नई एमपीवी में नया फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड बंपर, प्रीमियम केबिन, ड्यूल-टोन लेदर सीट्स, वायरलेस चार्जर और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे फीचर्स जोड़े गए हैं. हालांकि, कंपनी ने इसके 2.4-लीटर डीजल इंजन और मैनुअल ट्रांसमिशन में कोई बदलाव नहीं किया है.

टोयोटा इनोवा क्रिस्टा Image Credit: Toyota

Toyota Innova Crysta: प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी Toyota Kirloskar Motor ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय एमपीवी Toyota Innova Crysta का अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस मॉडल में कई कॉस्मेटिक बदलाव, केबिन अपग्रेड और कुछ नए फीचर्स जोड़े हैं. हालांकि, इसके इंजन और मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं किया गया है. Toyota का उद्देश्य Innova Crysta को मौजूदा समय में भी ग्राहकों के बीच आकर्षक बनाए रखना है, क्योंकि यह मॉडल निजी ग्राहकों के साथ-साथ फ्लीट ऑपरेटर्स के बीच भी काफी लोकप्रिय है.

एक्सटीरियर में दिखे नए बदलाव

नई Toyota Innova Crysta के एक्सटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट लुक में किया गया है. कंपनी ने इसमें नया रेडिएटर ग्रिल और अपडेटेड फ्रंट बंपर गार्निश दिया है, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पहले की तुलना में अधिक प्रीमियम और दमदार दिखाई देता है. खास बात यह है कि इसका फ्रंट डिजाइन Toyota Land Cruiser LC300 से प्रेरित है. इसके अलावा, रियर सेक्शन में भी नए बंपर गार्निश एलिमेंट्स जोड़े गए हैं. हालांकि, इन बदलावों के अलावा वाहन का ओवरऑल डिजाइन पहले जैसा ही रखा गया है, जिससे Innova Crysta की पहचान बरकरार रहती है.

केबिन हुआ और अधिक प्रीमियम

इंटीरियर की बात करें तो Toyota ने नई Innova Crysta के केबिन को पहले से अधिक प्रीमियम बनाने का प्रयास किया है. इसमें नई ड्यूल-टोन लेदर सीट अपहोल्स्ट्री दी गई है. साथ ही, डैशबोर्ड, डोर पैनल और अन्य हिस्सों में नए ट्रिम फिनिश का इस्तेमाल किया गया है.

कंपनी ने केबिन में ग्रेस कॉपर एक्सेंट्स और वुड-पैटर्न इंसर्ट्स भी जोड़े हैं, जिससे इंटीरियर को अधिक लग्जरी फील मिलता है. इसके अलावा, एसी कंट्रोल्स, स्विचेज और रियर सीट बैक टेबल के आसपास की फिनिशिंग को भी अपडेट किया गया है.

नए फीचर्स से बढ़ी सुविधा

अपडेटेड Innova Crysta में अब वायरलेस चार्जर और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे नए फीचर्स शामिल किए गए हैं. इसके अलावा, वाहन में पहले से उपलब्ध टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल्स, पर्याप्त स्टोरेज स्पेस और रियर सीट यात्रियों के लिए आरामदायक सुविधाएं भी मिलती रहेंगी.

इंजन में नहीं हुआ कोई बदलाव

मैकेनिकल तौर पर नई Innova Crysta पहले जैसी ही है. इसमें कंपनी का 2.4-लीटर डीजल इंजन दिया गया है, जो केवल मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध है. Toyota के अनुसार, यह एमपीवी 15 किलोमीटर प्रति लीटर तक का सर्टिफाइड माइलेज देने में सक्षम है.

डीजल इंजन आज भी Innova Crysta की सबसे बड़ी खासियतों में से एक माना जाता है. खासकर ऐसे समय में, जब कंपनी बाजार में पेट्रोल-हाइब्रिड Innova HyCross भी बेच रही है, तब भी डीजल इंजन पसंद करने वाले ग्राहकों के बीच Crysta की मजबूत मांग बनी हुई है.

सुरक्षा और वारंटी का भी पूरा ध्यान

सुरक्षा के लिहाज से Innova Crysta में 7 एयरबैग, ABS, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD), व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल (VSC), हिल स्टार्ट असिस्ट कंट्रोल और ब्रेक असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी इस एमपीवी के साथ 3 साल या 1 लाख किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, जिसे बढ़ाकर 5 साल या 2.20 लाख किलोमीटर तक किया जा सकता है. इसके अलावा, ग्राहकों को 24×7 रोडसाइड असिस्टेंस और Toyota एक्सप्रेस मेंटेनेंस सर्विस की सुविधा भी मिलेगी.

कीमत और वेरिएंट

नई Toyota Innova Crysta को प्लैटिनम व्हाइट पर्ल, सुपर व्हाइट, सिल्वर मेटैलिक, एटीट्यूड ब्लैक माइका और अवां-गार्ड ब्रॉन्ज मेटैलिक जैसे रंगों में पेश किया गया है. यह एमपीवी GX, GX+, VX और ZX समेत कुल 4 वेरिएंट्स में उपलब्ध है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.72 लाख रुपये रखी गई है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत 26.63 लाख रुपये तक जाती है. ग्राहक इसे 7-सीटर और 8-सीटर, दोनों विकल्पों में खरीद सकते हैं.

यह भी पढ़ें: 5 जून को इन 3 शेयरों पर लगाएं दांव, ब्रोकरेज ने दिया टारगेट; जानें एंट्री और स्टॉप लॉस