चांदनी चौक ही नहीं इन मार्केट में भी मिलते हैं सबसे सस्‍ते लहंगे, कीमत महज 5000 रुपये से शुरू

शादियों के सीजन में लहंगे की बिक्री बढ़ जाती है. हर लड़की चाहती है कि उसका शादी का जोड़ा सबसे बेस्‍ट हो, लेकिन कीमतों के चलते कई बार सबके लिए इसे खरीदना मुमकिन नहीं होता है. अगर आप भी कम बजट में बेहतरीन और डिजाइनर लहंगा चाहती हैं तो आज हम आपको ऐसी ही बेस्‍ट मार्केट्स के बारे में बताएंगे.

दिल्‍ली की चुनिंदा मार्केट में बजट में लहंगा खरीदा जा सकता है Image Credit: freepik

शादियों का सीजन आते ही खरीदारी का दौर शुरू हो जाता है और दुल्‍हन के लिए उसका लहंगा सबसे ज्‍यादा खास होता है. अपने स्‍पेशल डे पर सबसे खूबसूरत दिखने के लिए हर लड़की चाहती है कि उसका लहंगा सबसे अच्‍छा हो, लेकिन डिजाइनर लहंगों की हाई-फाई कीमतें अक्‍सर बजट को बिगाड़ देती हैं. वहीं कई लोग इतनी महंगी ड्रेस को खरीदने के ख्‍याल से भी दूर भागते हैं. अगर आप भी अपनी वेडिंग को लेकर ऐसे ही लहंगे की कीमतों में उलझी हुई हैं और बजट में आउटफिट की तलाश में हैं तो हम आपको ऐसी मार्केट्स के बारे में बताएंगे, जहां आप सस्‍ते में बेहतरीन लहंगा खरीद सकती हैं.

सीलमपुर मार्केट

जो लोग बजट में लहंगे की शॉपिंग करना चाहते हैं उनके लिए दिल्‍ली का सीलमपुर मार्केट एक बेस्‍ट ऑप्‍शन हैं. यहां सिंपल लहंगा, हैवी लहंगा, ब्राइडल लहंगा और डॉल वाला लहंगा समेत ढ़ेरों वैरायटी उपलब्‍ध है. इतना ही नहीं यहां महिलाएं फैशनेबल गाउन और सूट भी देख सकती हैं. न्‍यू सीलमपुर के एक लहंगा विक्रेता पंकज गुप्‍ता ने बताया कि यहां लहंगों की कीमत 5000 रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक है. होने वाली दुल्‍हन यहां अपनी पसंद के हिसाब से लहंगा चुन सकती हैं. ब्राइडल के अलावा यहां नॉन ब्राइडल लहंगा भी सस्‍ते में मिलता है, जिसकी कीमत 1500 से 2000 रुपये से शुरू है.

लाजपत नगर

दिल्ली का सेंट्रल मार्केट यानी लाजपत नगर इन दिनों फैशन के लिहाज से काफी ट्रेंड में है. यहां मनीष मल्‍होत्रा से लेकर सब्‍यसाची के डिजाइनर लहंगों की डुप्‍लीकेट कॉपी आसानी से मिल जाती है, जो ओरिजनल प्राइस से काफी कम होती है. यहां लेटेस्‍ट फैशन के लहंगे 10 से 15 हजार रुपये में खरीदे जा सकते हैं. यहां मौजूद छोटे-बड़े शोरूम में लहंगे की ढेरों वैरायटी मिलेंगी. कुछ स्‍टोर बेहद किफायती दाम में बॉलीवुड हीरोइनों के पहने हुए लहंगे की कॉपी भी बेचते हैं.

यह भी पढ़ें: डोसा नहीं ये डिश है भारतीयों की पहली पसंद, Swiggy को हर मिनट मिले इसके 158 ऑर्डर

छोटा बाजार

दिल्ली के शाहदरा में छोटा बाजार भी शादी की शॉपिंग के लिए काफी मशहूर है. यहां आपको सस्ते दा में ब्राइडल और नॉन ब्राइडल लहंगे मिल जाएंगे. इसके अलावा आप यहा हल्‍दी-मेहंदी जैसे फंग्‍शन्‍स के लिए भी फैशनेबल ड्रेसेस खरीद सकती हैं. इस बाजार में आपको ब्राइडल लहंगा 5000 से लेकर 20,000 रुपये तक में आराम से मिल जाएगा. अगर आपका बजट इससे ज्‍यादा है तो आप अच्‍छा डिजाइनर लहंगा ले सकती हैं.

चांदनी चौक

लहंगों का जिक्र आते ही दिल्‍ली की चांदनी चौक मार्केट का नाम सबसे पहले आता है, यहां की कटरा नील मार्केट में लगी छोटी दुकानों से लेकर मेन मार्केट के बड़े शोरूम में लहंगों की ढ़ेरों वैरायटी उपलब्‍ध है. यहां 1000 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक के लहंगे मिलते हैं. लोग अपनी बजट के हिसाब से लहंगा ले सकते हैं. लहंगे के अलावा यहां गाउन, साड़ी, सूट आदि के लेटेस्‍ट डिजाइन मिलते हैं.