धनतेरस पर 20,000 करोड़ का सोना और 60000 करोड़ के कुल कारोबार का अनुमान, चांदी भी डिमांड में

क्या आप अनुमान लगा सकते हैं कि आज देशभर में धनतेरस के मौके पर खुदरा व्यापार कितने का हुआ होगा? कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि धनतेरस के मौके पर देशभर में तकरीबन 60,000 करोड़ रुपये के व्यापार होने का अनुमान है.

धनतेरस पर सोने की कीमतों में उछाल, कैसा रहा चांदी का हाल? Image Credit: GettyImages

देशभर में आज यानी 29, अक्टूबर को धनतेरस मनाया जा रहा है. इस मौके पर सोने-चांदी खरीदने का रिवाज है. भारत में बड़े स्तर पर लोग सोने-चांदी की खरीदी करते हैं. लेकिन क्या आप अनुमान लगा सकते हैं कि आज देशभर में धनतेरस के मौके पर खुदरा व्यापार कितने का हुआ होगा? कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि धनतेरस के मौके पर देशभर में तकरीबन 60,000 करोड़ रुपये के व्यापार होने का अनुमान है.

खरीदे गए 25 टन सोना और 250 टन चांदी

चांदनी चौक से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और सीएआईटी के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने अपने बयान में कहा कि देशभर में आज धनतेरस के अवसर पर लगभग 20,000 करोड़ रुपये का सोना और 2,500 करोड़ रुपये का चांदी बेचा गया है. वहीं दूसरी ओर सीएआईटी के ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने एक बयान में कहा है कि सोना-चांदी की मांग में काफी बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने कहा, “इस वर्ष देशभर में तकरीबन 25 टन सोने की बिक्री हुई जिसकी कीमत करीब 20,000 करोड़ रुपये है वहीं तकरीबन 250 टन चांदी की भी बिक्री हुई जिसकी कीमत 2,500 करोड़ रुपये के आसपास थी. इससे इतर, पुराने चांदी के सिक्कों की मांग में भी उछाल आया है जिसकी कीमत 1,200 से 1,300 रुपये प्रति सिक्के के बीच रही थी.”

दिल्ली में कहां हुई बिक्री

धनतेरस के मौके पर दिल्ली के कुछ खुदरा बाजारों में काफी ज्यादा बिक्री हुई जिनमें, चांदनी चौक, दरीबा कलां, सदर बाजार, कमला नगर, अशोक विहार, मॉडल टाउन, पीतमपुरा, पश्चिम विहार, रोहिणी, राजौरी गार्डन, द्वारका, जनकपुरी, साउथ एक्सटेंशन, ग्रेटर कैलाश, ग्रीन पार्क, लाजपत नगर, कालकाजी, प्रीत विहार, शाहदरा और लक्ष्मी नगर जैसी कुछ लोकप्रिय मार्केट शामिल हैं.

धनतेरस पर लोग क्यों खरीदते हैं सोना?

बता दें कि भारत में धनतेरस के दिन इन चीजों की खरीद को काफी शुभ माना जाता है. इसके अलावा बर्तन, झाड़ू जैसी चीजों की खरीद को भी काफी शुभ माना जाता है. मानने वाले लोगों का कहना है कि इस दिन भगवान कुबेर, देवी लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि की पूजा करते हैं और धन और स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद मांगते हैं.