Gold-Silver Rate Today 02-02-2026: ₹52000 सस्ती हुई चांदी, तीन दिन में 36% लुढ़की कीमतें; सोना भी ₹12800 टूटा

Gold-Silver Rate Today 02-02-2026 Latest News Updates: दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी और सोने की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली. चांदी एक दिन में 52,000 रुपये टूटी, जबकि सोना 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक फिसल गया. कमजोर वैश्विक संकेत, मजबूत डॉलर और मुनाफावसूली ने कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा दिया है. जानें क्या है नई कीमत.

सस्ता हुआ सोना और चांदी Image Credit: @Canva/Money9live

Gold and Silver Price Today: सोमवार, 02 फरवरी को कीमती धातुओं के बाजार में जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली. राजधानी दिल्ली में चांदी की कीमतों में तीसरे दिन भी तेज गिरावट जारी रही. चांदी एक ही दिन में 52,000 रुपये टूटकर 2.60 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई. वहीं सोने की कीमतों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई और भाव 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक फिसल गए. कमजोर वैश्विक संकेतों और अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने बाजार पर दबाव बनाया.

कितनी टूटी चांदी?

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, टैक्स समेत चांदी की कीमत करीब 17 फीसदी गिरकर 2,60,000 रुपये प्रति किलो रह गई. इससे पहले शनिवार को भी चांदी में भारी गिरावट आई थी, जब इसके दाम 72,500 रुपये यानी करीब 19 फीसदी टूटकर 3.12 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए थे. अगर पिछले तीन कारोबारी सत्रों की बात करें तो चांदी की कीमतों में कुल 1,44,500 रुपये प्रति किलो की गिरावट आ चुकी है. यह गिरावट लगभग 36 फीसदी की है. गौरतलब है कि 29 जनवरी को चांदी ने 4,04,500 रुपये प्रति किलो का ऑल-टाइम हाई छुआ था.

सोने पर भी बिकवाली का असर

चांदी के साथ-साथ सोने की चमक भी फीकी पड़ गई. 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना सोमवार को 12,800 रुपये या करीब 7.7 फीसदी टूटकर 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इससे पहले के सत्र में सोना 1,65,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. पिछले तीन सत्रों में सोने की कीमतों में कुल 30,300 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है. यानी सोना अपने रिकॉर्ड स्तर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (29 जनवरी) से करीब 17 फीसदी नीचे आ चुका है. जानकारों का कहना है कि तेज उछाल के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ गया.

डॉलर मजबूत, वैश्विक हालात का असर

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी एनालिस्ट मानव मोदी के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और वैश्विक राजनीतिक घटनाक्रमों की वजह से सोना और चांदी दबाव में हैं. अमेरिका के टैरिफ से जुड़े फैसलों, अमेरिका-ईरान के बीच तनाव में नरमी और सरकारी शटडाउन टलने से बाजार में लिक्विडिटी बढ़ी, जिससे सुरक्षित निवेश की मांग कमजोर हुई. वहीं लेमॉन मार्केट्स के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग का कहना है कि केंद्रीय बजट 2026-27 में सोना और चांदी के इंपोर्ट ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किया गया. बाजार को इसमें राहत की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा न होने से घरेलू बाजार में कीमतों को सपोर्ट नहीं मिला.

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी गिरावट

वैश्विक बाजारों में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 83.75 डॉलर या करीब 1.7 फीसदी गिरकर 4,781.60 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. मिराए एसेट शेयरखान के एनालिस्ट प्रवीण सिंह के मुताबिक, मजबूत डॉलर और अमेरिकी फेड के अगले चेयरमैन को लेकर चल रही चर्चाओं ने सोने की कीमतों को कमजोर किया है. वहीं स्पॉट सिल्वर भी 1.2 डॉलर या करीब 1.4 फीसदी गिरकर 83.49 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.

आगे किन बातों पर रहेगी नजर

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी का कहना है कि आने वाले दिनों में बाजार की नजर मिडिल ईस्ट की स्थिति, यूरोप, ब्रिटेन और भारत की मौद्रिक नीति के फैसलों पर रहेगी. इसके अलावा अमेरिका के अहम आर्थिक आंकड़े जैसे नॉन-फार्म पेरोल, बेरोजगारी दर और फेड अधिकारियों के बयान भी सोने-चांदी की चाल तय करेंगे.

ये भी पढ़ें- लंदन-बेंगलुरु एयर इंडिया की फ्लाइट के फ्यूल स्विच में खराबी, एयरलाइंस ने ड्रीमलाइनर को किया ग्राउंड