नॉर्मल पेट्रोल से कितना महंगा प्रीमियम? जानें क्यों कंपनियां वसूलती हैं ज्यादा पैसा; क्या होता है फायदा

प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में बढ़ोतरी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या ज्यादा पैसे देकर इसे लेना जरूरी है. ऐसे में आइए जानते हैं नार्मल पेट्रोल और प्रीमियम पेट्रोल में क्या अंतर है. इसका फायदा क्या होता है जिस वजह से कंपनियां ज्यादा पैसे वसूलते हैं.

पेट्रोल

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब इंडिया के ईंधन मार्केट पर दिखने लगा है. जहां एक तरफ आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए नॉर्मल पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वहीं दूसरी तरफ प्रीमियम पेट्रोल महंगा हो गया है. 20 मार्च 2026 से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम 2 से 2.3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं. ऐसे में आइए जानते हैं नार्मल पेट्रोल और प्रीमियम पेट्रोल में क्या अंतर है. इसका फायदा क्या होता है जिस वजह से कंपनियां ज्यादा पैसे वसूलते हैं.

महंगा होता है प्रीमियम पेट्रोल

प्रीमियम पेट्रोल आमतौर पर नॉर्मल पेट्रोल से प्रति लीटर कुछ रुपये महंगा होता है. ताजा बढ़ोतरी के बाद यह अंतर और बढ़ गया है. कंपनियां इस अतिरिक्त कीमत को बेहतर परफॉर्मेंस और इंजन सुरक्षा के नाम पर वसूलती हैं यानी अगर आप प्रीमियम पेट्रोल चुनते हैं, तो हर लीटर पर आपको ज्यादा कीमत चुकानी पड़ती है, लेकिन इसके साथ कुछ अतिरिक्त फायदे भी दिए जाते हैं.

क्या होता है प्रीमियम पेट्रोल?

प्रीमियम पेट्रोल एक हाई-ऑक्टेन फ्यूल होता है, जिसका ऑक्टेन नंबर आमतौर पर 95 से 99 के बीच होता है. उदाहरण के तौर पर IOCL का XP95 पेट्रोल 95 ऑक्टेन रेटिंग के साथ आता है. यह फ्यूल खासतौर पर उन इंजनों के लिए बनाया जाता है, जिनमें हाई-कंप्रेशन या ज्यादा परफॉर्मेंस की जरूरत होती है. इसमें बेहतर दहन (combustion) होता है, जिससे इंजन ज्यादा स्मूद चलता है.

नॉर्मल पेट्रोल क्या होता है?

नॉर्मल या रेगुलर पेट्रोल का ऑक्टेन नंबर 91 होता है और यह भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला फ्यूल है.
यह रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिए पर्याप्त होता है और लगभग सभी सामान्य वाहनों के लिए उपयुक्त माना जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत है इसकी कम कीमत और आसान उपलब्धता.

दोनों में असली अंतर क्या है?

नॉर्मल और प्रीमियम पेट्रोल के बीच सबसे बड़ा अंतर ऑक्टेन रेटिंग का होता है. प्रीमियम पेट्रोल में, हाई ऑक्टेन (95-99) होता है. इंजन नॉकिंग कम होती है. बेहतर एक्सीलरेशन और स्मूद ड्राइविंग मिलती है. क्लीनर दहन से उत्सर्जन कम होता है. वहीं नॉर्मल पेट्रोल में ऑक्टेन 91 होता है. सामान्य इंजन के लिए पर्याप्त होता है.

कंपनियां ज्यादा पैसे क्यों वसूलती हैं?

प्रीमियम पेट्रोल में सिर्फ ऑक्टेन ज्यादा नहीं होता, बल्कि इसमें विशेष एडिटिव्स भी मिलाए जाते हैं. ये एडिटिव्स इंजन को साफ रखते हैं, कार्बन जमा होने से रोकते हैं और परफॉर्मेंस बेहतर करते हैं. इसके अलावा हाई-ऑक्टेन फ्यूल बनाने की लागत भी ज्यादा होती है. यही वजह है कि कंपनियां इसके लिए अतिरिक्त कीमत वसूलती हैं.

क्या वाकई मिलता है फायदा?

अगर आपकी गाड़ी हाई-परफॉर्मेंस या टर्बो इंजन वाली है, तो प्रीमियम पेट्रोल इस्तेमाल करने से आपको बेहतर माइलेज, स्मूद ड्राइविंग और इंजन की लंबी उम्र जैसे फायदे मिल सकते हैं. लेकिन अगर आप एक सामान्य बाइक या कार चलाते हैं, तो नॉर्मल पेट्रोल भी पूरी तरह पर्याप्त होता है और प्रीमियम पेट्रोल का फायदा उतना स्पष्ट नहीं होता.

इसे भी पढ़ें- कभी ₹10 पर करता था ट्रेड, अब 781 पर पहुंचा स्टॉक, दो दिन से शेयरों में भूचाल, देखें कैसा है कंपनी का फंडामेंटल्स