TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

भारत-पाक तनाव के बीच रेलवे का बड़ा कदम, जम्मू-उधमपुर से दिल्ली के लिए चलेंगी 3 स्‍पेशल ट्रेनें

जम्‍मू-कश्‍मीर में एयरपोर्ट बंद किए जाने और तनाव के चलते वहां फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित गंतव्‍य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने अहम कदम उठाया है. भारतीय रेलवे ने 3 स्‍पेशल ट्रेनें चलाए जाने का फैसला किया है, तो कौन-सी होंगी वो ट्रेनें और क्‍या रहेगा शेड्यूल यहां देखें पूरी डिटेल.

भारतीय रेलवे ने चलाई स्‍पेशल ट्रेनें Image Credit: money9

Indian Railways Special Trains: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और श्रीनगर-जम्मू हवाई अड्डों के बंद होने से वहां फंसे यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है. रेलवे ने जम्मू और उधमपुर से दिल्ली के लिए तीन स्‍पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. ये ट्रेनें यात्रियों की भीड़ को कम करने और वहां फंसे लोगों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में मदद करेंगी. तो किस दिन चलेंगी ये ट्रेनें, क्‍या होगा समय यहां चेक करे पूरा शेड्यूल.

स्‍पेशल ट्रेनों में वंदे भारत भी शामिल

  • ईटीनाउ की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय रेलवे के एक अधिकारी का कहना है कि उधमपुर और जम्मू से दिल्ली के लिए तीन विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है, जिनमें वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है.
  • ट्रेन 04612: यह ट्रेन जम्मू से सुबह 10:45 बजे रवाना होगी. इसमें 12 अनारक्षित और 12 आरक्षित कोच होंगे.
  • वंदे भारत स्पेशल: 20 कोच वाली यह ट्रेन उधमपुर से दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी, जो जम्मू और पठानकोट होकर दिल्ली जाएगी.
  • LHB स्पेशल: 22 कोच वाली ये ट्रेन पूरी तरह आरक्षित होगी, जो जम्मू से रात 19:00 बजे रवाना होगी.

कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी की चुनौती

कश्मीर का देश के अन्य हिस्सों से सीधा रेल संपर्क नहीं है, ऐसे में भारत-पाक के बीच तनाव बढ़ने से वहां फंसे लोगों को निकालना एक चुनौती है. इस स्थिति में रेलवे की विशेष ट्रेनें यात्रियों के लिए अहम भूमिका निभाएगी. यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए इन विशेष ट्रेनों के संचालन की कोशिश की है. इससे न सिर्फ फंसे यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में बढ़ती यात्रा मांग को भी पूरा किया जा सकेगा.

हवाई अड्डों के बंद होने से बढ़ी परेशानी

भारत-पाक तनाव के चलते श्रीनगर और जम्मू हवाई अड्डों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. यहां हाई अलर्ट किया गया है. ऐसे में हजारों यात्री जम्मू-कश्मीर में फंस गए हैं. रेलवे का यह कदम यात्रियों के लिए फायदेमंद हो सकता है.