देखें 5, 20, 200 के ई-रुपये…जानें असली नोट से कितने अलग हैं

डिजिटल करेंसी को लेकर चर्चा तेज है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि ई-रुपये के नोट दिखते कैसे हैं. पारंपरिक नोटों से अलग इनका डिजाइन और फीचर्स नए हैं. अगर आपने इन्हें नहीं देखा है, तो यह बदलाव समझना दिलचस्प हो सकता है.

E-Rupee note Image Credit: Money9 Live

डिजिटल पेमेंट के दौर में अब “डिजिटल रुपया” यानी सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) भी धीरे-धीरे आम लोगों तक पहुंच रही है. लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह डिजिटल करेंसी कैसी दिखती है? हाल ही में सामने आई तस्वीरों से साफ होता है कि डिजिटल नोट, असली कागजी नोट से काफी अलग नजर आते हैं.

डिजिटल नोट का डिजाइन कैसा होता है?

डिजिटल रुपये के 5, 20 और 200 रुपये के नोट देखने में एक जैसे पैटर्न पर बने हैं. इनका बेस डिजाइन लगभग समान है, लेकिन हर वैल्यू के हिसाब से रंग बदल जाता है, जैसे 5 रुपये में हरा, 20 में डार्क टोन और 200 में अलग शेड. इन नोट्स में पारंपरिक भारतीय नोटों जैसी जटिल डिजाइन जरूर दिखती है, लेकिन इनका लुक ज्यादा साफ और सिंपल रखा गया है.

असली नोट से कितना अलग?

अगर आप डिजिटल नोट और असली नोट को साथ देखें, तो फर्क साफ नजर आता है:

  • इन डिजिटल नोट्स पर महात्मा गांधी की तस्वीर नहीं है
  • हर नोट पर रहने वाला यूनिक सीरियल नंबर भी नहीं दिखता
  • डिजाइन लगभग एक जैसी है, सिर्फ रंग अलग हैं
  • नोट पर “Cash but digital” का लोगो बना होता है

यानी ये नोट पारंपरिक करेंसी की कॉपी नहीं हैं, बल्कि एक नई डिजिटल पहचान के साथ बनाए गए हैं.

यह भी पढ़ें: दुनिया में तेल संकट के बीच चीन क्यों है बेफिक्र! ‘टीपॉट रिफाइनरी’ कैसे बन गई सबसे बड़ी ताकत?

ऐप में कैसे दिखते हैं ये नोट?

ये नोट मोबाइल वॉलेट के अंदर कार्ड की तरह दिखाई देते हैं. यूजर अपने डिजिटल वॉलेट में इन नोट्स को देख सकता है, उनका बैलेंस चेक कर सकता है और सीधे पेमेंट कर सकता है. नीचे “Scan QR” और “Pay” जैसे ऑप्शन भी दिए होते हैं, जिससे इनका इस्तेमाल बिल्कुल UPI जैसा आसान हो जाता है.

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी डिजिटल रुपया एक लीगल टेंडर है, यानी यह असली रुपये की तरह ही मान्य है. लेकिन यह पूरी तरह डिजिटल फॉर्म में होता है, जिसे आप न तो छू सकते हैं और न ही फिजिकल रूप में रख सकते हैं.