T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले अहमदाबाद में होटल के दाम आसमान पर, रूम किराया 2 लाख रुपये तक पहुंचा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले अहमदाबाद में होटल के कमरों की कीमतों में भारी उछाल आया है. बढ़ती मांग के कारण कई होटलों में किराया 300 से 400 प्रतिशत तक बढ़ गया है. कुछ लग्जरी होटलों में कमरे की कीमत दो लाख रुपये से ज्यादा पहुंच गई है.

भारत न्यूजीलैंड मैच

Ahmedabad hotel Prices: भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले अहमदाबाद में होटल के कमरों की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं. देश और विदेश से बड़ी संख्या में क्रिकेट फैंस शहर पहुंच रहे हैं, जिसकी वजह से होटल रूम के किराए में 300 से 400 प्रतिशत तक उछाल आ गया है. रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस बड़े मुकाबले से पहले शहर में जबरदस्त डिमांड देखी जा रही है.

5 हजार वाले कमरे 50 हजार तक पहुंचे

गुजरात के Hotels and Restaurants Association के अध्यक्ष और होटल कारोबारी नरेंद्र सोमानी के मुताबिक फाइनल मैच की वजह से होटल कमरों की मांग अचानक बढ़ गई है. उन्होंने न्यूज एजेंसी PTI से कहा कि आम दिनों में जिन कमरों का किराया 5,000 से 20,000 रुपये होता था, वही अब बढ़कर 15,000 से 50,000 रुपये तक पहुंच गया है. उनके मुताबिक ज्यादा डिमांड के कारण होटल टैरिफ में 300 से 400 प्रतिशत तक उछाल आया है.

कई होटलों में कीमतों में भारी बढ़ोतरी

ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल्स पर भी अहमदाबाद के कई बड़े होटलों में कमरों की कीमतों में भारी उछाल देखा जा रहा है.
Taj Skyline होटल में दो लोगों के लिए एक डीलक्स रूम की कीमत रविवार रात के लिए करीब 2.01 लाख रुपये दिखाई जा रही है. इसके अलावा करीब 36 हजार रुपये GST अलग से देना होगा. आम दिनों में इसी कमरे का किराया करीब 9,000 से 15,000 रुपये के बीच रहता है.

इसी तरह Welcomhotel by ITC Hotels में कमरों का किराया करीब 20,950 रुपये दिख रहा है, जबकि सामान्य दिनों में यही कमरा 6,000 से 8,000 रुपये के आसपास मिलता है. वहीं Hyatt Regency Ahmedabad में मैच वाले दिन के लिए कमरे करीब 30,000 रुपये तक पहुंच गए हैं, जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग चार गुना ज्यादा है.

कई फैंस शहर में रुके बिना लौट रहे

होटल के महंगे किराए की वजह से कई लोग अहमदाबाद में रुकने के बजाय दूसरे विकल्प तलाश रहे हैं. कुछ फैंस गांधीनगर में ठहरने का प्लान बना रहे हैं, जो अहमदाबाद से करीब 25 किलोमीटर दूर है. वहीं कई लोग सिर्फ मैच देखने के लिए शहर आकर उसी दिन वापस लौटने का फैसला कर रहे हैं.

दूसरे शहरों से आकर उसी दिन लौट रहे लोग

नरेंद्र सोमानी के मुताबिक मुंबई से आने वाले कई लोग सुबह सड़क मार्ग से निकलते हैं. वे शाम चार या पांच बजे तक अहमदाबाद पहुंचते हैं, सीधे स्टेडियम जाकर मैच देखते हैं और रात में वापस लौट जाते हैं. गुजरात के दूसरे शहरों जैसे राजकोट और पोरबंदर से आने वाले फैंस भी इसी तरह अपनी कार से आते हैं और मैच के बाद वापस चले जाते हैं.
इसके अलावा भारत के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी कई क्रिकेट प्रेमी अहमदाबाद पहुंचने लगे हैं, ताकि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस हाई-प्रोफाइल फाइनल को स्टेडियम में बैठकर देख सकें.

इसे भी पढ़ें- ईरान ने अमेरिका का तोड़ दिया गुरूर, THAAD सिस्टम तबाह, 22000 करोड़ का झटका; अब कैसे बचेंगे UAE, सऊदी!