T20 World Cup 2026: जब भी फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होते हैं, कौन जीतता है? जानें टॉस फैक्टर क्या दे रहा है इशारा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबले हमेशा रोमांच से भरे रहे हैं. आईसीसी टूर्नामेंट्स में जब भी दोनों टीमें खिताबी मैच में आमने-सामने आई हैं, मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा है. अब एक बार फिर टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में दोनों टीमों की टक्कर होने जा रही है, जहां टॉस और पिच की भूमिका मैच के नतीजे पर बड़ा असर डाल सकती है.

India vs New Zealand T20 Final Image Credit: TV9

India vs New Zealand T20 Final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्रिकेट मैदान पर मुकाबला हमेशा रोमांच से भरा रहता है, लेकिन जब बात फाइनल की होती है तो यह टक्कर और भी खास बन जाती है. आईसीसी टूर्नामेंट्स में दोनों टीमें कई बार खिताबी मुकाबले में आमने-सामने आ चुकी हैं और हर बार मैच बेहद दिलचस्प रहा है. ऐसे बड़े मुकाबलों में सिर्फ खिलाड़ियों का प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि टॉस भी अहम भूमिका निभाता है. अब एक बार फिर दोनों टीमें फाइनल में भिड़ने जा रही हैं, ऐसे में सवाल यह है कि इतिहास किसके पक्ष में रहा है और इस बार टॉस फैक्टर किस टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.

2000 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल

नैरोबी में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी 2000 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड पहली बार ICC नॉकआउट मुकाबले में भिड़े थे. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 264 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 132 रन पर 5 विकेट खोकर मुश्किल में थी. लेकिन क्रिस केर्न्स ने नाबाद 102 रन की बेहतरीन पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया. क्रिस हैरिस के साथ मिलकर उन्होंने टीम को दो गेंद शेष रहते जीत दिला दी.

2021 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप

साउथैम्पटन में खेले गए 2021 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर इतिहास रचा था. काइल जैमीसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लेकर भारत को 217 रन पर समेट दिया. दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने फिर दबाव बनाया और भारत को 170 रन पर आउट कर दिया. 139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान केन विलियमसन (नाबाद 52) और रॉस टेलर (नाबाद 47) ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम को जीत दिलाकर न्यूजीलैंड को पहला विश्व टेस्ट चैंपियन बनाया.

2025 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल

दुबई में खेले गए 2025 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया. 252 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच में कुछ विकेट जल्दी गिरने से दबाव बढ़ गया. रोहित शर्मा ने 76 रन की अहम पारी खेली, जबकि श्रेयस अय्यर ने 48 रन बनाए. अंत में के.एल. राहुल ने नाबाद 34 रन बनाकर टीम को संभाला और रवींद्र जडेजा ने विजयी रन बनाकर भारत को खिताब दिलाया. यह भारत का तीसरा चैंपियंस ट्रॉफी खिताब था.

टॉस कितना अहम?

यह मुकाबला शाम को खेला जाएगा, इसलिए टॉस काफी अहम भूमिका निभा सकता है. मैच के दौरान ओस पड़ने की संभावना है, जिससे बाद में गेंदबाजी करना मुश्किल हो सकता है और दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है. इसी वजह से दोनों टीमें पहले गेंदबाजी कर लक्ष्य का पीछा करना पसंद कर सकती हैं. ऐसे में टॉस जीतने पर भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकते हैं.

कैसी है पिच?

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल के लिए खास तरह की पिच तैयार की गई है. यह पिच 70% लाल मिट्टी और 30% काली मिट्टी से बनाई गई है. इस तरह की पिच पर गेंद अच्छी उछाल और तेजी के साथ आती है, इसलिए मैच में ज्यादा रन बनने की संभावना है. 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में इस्तेमाल हुई धीमी पिच के मुकाबले यह पिच बल्लेबाजों के लिए बेहतर मानी जा रही है. यहां गेंद रुककर नहीं आएगी, जिससे बल्लेबाज आसानी से शॉट खेल सकेंगे और दर्शकों को आक्रामक टी20 बल्लेबाजी देखने को मिल सकती है.