यूपी-दिल्ली-पंजाब में ठंड का असर होगा खत्म, 26 डिग्री तक चढ़ेगा तापमान, पहाड़ों में बर्फबारी रहेगी जारी

फरवरी के दूसरे हफ्ते में मौसम करवट बदलता नहीं नजर आ रहा है. हालांकि हवा, तापमान और आसमान की स्थिति में धीरे-धीरे फर्क महसूस किया जा सकता है. कुछ इलाकों में सुबह का असर ज्यादा दिखेगा, तो कहीं दिन के हालात अलग रहेंगे. आने वाले दिनों में मौसम से जुड़े संकेत आम लोगों के लिए अहम रहने वाले हैं.

मौसम का अनुमान Image Credit: Money9 Live

Weather Update for 8 Feb: फरवरी के पहले हफ्ते के बाद आने वाले दिनों में मौसम कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है. उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और तेज सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम के चलते हवा की रफ्तार बढ़ी है, जबकि तापमान में बहुत बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सात दिनों में दिल्ली, यूपी, पंजाब समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में सुबह की ठंड, हल्की धुंध और बीच-बीच में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी. वहीं पहाड़ी इलाकों में अगले कुछ दिनों में मौसम फिर से बिगड़ सकता है.

दिल्ली, यूपी और पंजाब में कैसा रहेगा मौसम

इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में सक्रिय है. इसका असर पूरे उत्तर भारत में महसूस किया जा रहा है. दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में अगले 24 घंटों तक तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है.

न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि 9 फरवरी को करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसके बाद 11 फरवरी को रात का तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर जा सकता है. दिन का तापमान भी ज्यादातर सामान्य रहेगा, लेकिन 10 और 11 फरवरी को हल्की गर्मी का एहसास हो सकता है.

दिल्ली, यूपी और आसपास के मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटे सुबह के समय हल्की धुंध रहने की संभावना है. इसके बाद के दिनों में कुछ जगहों पर सुबह के वक्त हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है. दिन के समय आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन 9 और 10 फरवरी को थोड़े बादल छा सकते हैं.

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड का जानें हाल

मौसम विभाग के मुताबिक 8 फरवरी की रात से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बादल बढ़ने के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बन रही है. इससे मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं का असर बढ़ सकता है.

देश के बाकी हिस्सों का मौसम

मध्य भारत और पश्चिम भारत में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा. राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में दिन में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन रातें सामान्य रहेंगी. पूर्वी भारत में भी मौसम स्थिर रहने की उम्मीद है. दक्षिण भारत में किसी बड़े मौसमीय बदलाव के संकेत नहीं हैं और वहां तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा.

यह भी पढ़ें: DDGS क्या है और क्यों खोले गए अमेरिका के लिए दरवाजे, जानें भारत पर इसका असर, सेब-सोयाबीन पर क्या बोली सरकार?

बीते 24 घंटे का हाल

दिल्ली में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ. पश्चिमी हवाएं 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलीं. कुल मिलाकर मौसम ठंडा तो है, लेकिन फिलहाल कड़ाके की ठंड लौटने के आसार कम हैं.