Omnitech Engineering के IPO का प्राइस बैंड तय, रिटेल निवेशकों को करना होगा ₹14,982 का निवेश, जानें पूरी डिटेल्स

हाई-प्रिसीजन इंजीनियरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी Omnitech Engineering 583 करोड़ रुपये के आईपीओ के साथ शेयर बाजार में कदम रखने जा रही है. 216-227 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड वाले इस इश्यू के जरिए कंपनी विस्तार, कर्ज चुकाने और नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स स्थापित करने की योजना बना रही है. मजबूत ऑर्डर बुक और तेज ग्रोथ इसे निवेशकों के लिए आकर्षक बनाती है.

Omnitech Engineering IPO Details Image Credit: Canva/ Money9

Omnitech Engineering IPO Details: हाई-प्रिसीजन इंजीनियरिंग कंपनी Omnitech Engineering जल्द ही शेयर बाजार में दस्तक देने जा रही है. कंपनी ने अपने 583 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 216-227 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. ऊपरी दायरे पर कंपनी का वैल्यूएशन करीब 2,807 करोड़ रुपये आंका गया है. यह इश्यू 25 फरवरी को खुलेगा और 27 फरवरी को बंद होगा.

216-227 रुपये का प्राइस बैंड

ओमनीटेक इंजीनियरिंग का आईपीओ 25 फरवरी से 27 फरवरी तक निवेश के लिए खुला रहेगा. एंकर निवेशकों के लिए बोली 24 फरवरी को खुलेगी. शेयर अलॉटमेंट 2 मार्च तक फाइनल हो सकता है और 5 मार्च को कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट होने की उम्मीद है.

इस आईपीओ में 418 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 165 करोड़ रुपये के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत बेचे जाएंगे. कंपनी के प्रमोटर और संस्थापक उदयकुमार अरुणकुमार पारेख OFS के जरिए हिस्सेदारी बेचेंगे.

रिटेल निवेशकों के लिए क्या है मौका?

निवेशक कम से कम 66 शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं. ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से रिटेल निवेशकों को न्यूनतम 14,982 रुपये का निवेश करना होगा. कंपनी ने कर्मचारियों के लिए 1 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षित रखे हैं, जिन्हें अंतिम इश्यू प्राइस पर 11 रुपये प्रति शेयर की छूट मिलेगी. वहीं, नेट ऑफर का 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs), 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों और 35% रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित है. 8 बजे तक इसका जीएमपी जीरो है.

पैसों का क्या करेगी कंपनी?

कंपनी आईपीओ से जुटाए गए 418 करोड़ रुपये में से 233.5 करोड़ रुपये राजकोट में दो नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने में खर्च करेगी. इसके अलावा 50 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में लगाए जाएंगे. फिलहाल कंपनी पर कुल 382.9 करोड़ रुपये का कर्ज है. करीब 18.6 करोड़ रुपये सोलर पैनल लगाने में खर्च किए जाएंगे, जबकि बाकी रकम अन्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल होगी.

मजबूत ऑर्डर बुक और तेज ग्रोथ

ओमनीटेक इंजीनियरिंग ऊर्जा, मोशन कंट्रोल और ऑटोमेशन, इंडस्ट्रियल इक्विपमेंट सिस्टम और मेटल फॉर्मिंग सेक्टर के लिए हाई-प्रिसीजन कंपोनेंट्स बनाती है. मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर 2025 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 1,764.7 करोड़ रुपये रही, जो मार्च 2025 में 283.6 करोड़ रुपये थी. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का मुनाफा 132% बढ़कर 43.9 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 18.9 करोड़ रुपये था. इसी दौरान रेवेन्यू 92.5% बढ़कर 342.9 करोड़ रुपये पहुंच गया. सितंबर 2025 तक के छह महीने में कंपनी ने 27.7 करोड़ रुपये का मुनाफा और 228.1 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.