IPO की होने वाली है बौछार! कई कंपनियों के इश्यू को मिली SEBI से हरी झंडी; एक कंपनी ने वापस लिए कागज
शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रहीं 8 कंपनियों को SEBI से IPO लॉन्च की मंजूरी मिल गई है. Elevate Campuses, InCred Holdings समेत कई नामों को ड्राफ्ट पेपर्स पर ऑब्जर्वेशन जारी हुए हैं, जबकि Mann Fleet Partners ने अपने IPO दस्तावेज वापस लेने का फैसला किया है. जानें पूरी लिस्ट.
SEBI Approves IPO 8 Companies: शेयर बाजार में लिस्टिंग की तैयारी कर रही कई कंपनियों के लिए बड़ी खबर है. सिक्योरिटी एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया यानी SEBI ने 8 कंपनियों को उनके IPO यानी इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग प्लान पर आगे बढ़ने की अनुमति दे दी है. इन कंपनियों में Elevate Campuses, InCred Holdings, Aarvee Engineering Consultants, Laser Power and Infra, Armee Infotech, Ardee Industries, Shankesh Jewellers और SEDEMAC Mechatronics शामिल हैं. हालांकि, इसी हफ्ते Mann Fleet Partners ने अपने IPO से जुड़े दस्तावेज वापस लेने का फैसला किया है.
अलग-अलग तारीखों पर मिली SEBI की मंजूरी
SEBI ने अलग-अलग कंपनियों के ड्राफ्ट डॉक्यूमेंट्स पर अलग-अलग तारीखों में अपनी टिप्पणियां (Observations) जारी की हैं.
- 2 फरवरी को Laser Power and Infra
- 3 फरवरी को Ardee Industries
- 4 फरवरी को Aarvee Engineering Consultants
- 5 फरवरी को Elevate Campuses और InCred Holdings
- 6 फरवरी को Armee Infotech, Shankesh Jewellers और SEDEMAC Mechatronics
SEBI की ओर से ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) पर टिप्पणियां जारी होने का मतलब है कि अब ये कंपनियां Red Herring Prospectus (RHP) दाखिल कर अपने IPO लॉन्च की प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं.
IPO लॉन्च के लिए तय समय-सीमा
SEBI के नियमों के मुताबिक, सामान्य तरीके से DRHP दाखिल करने वाली कंपनियों को एक साल के भीतर IPO लाना होता है. वहीं, कॉन्फिडेंशियल रूट से IPO दस्तावेज दाखिल करने वाली कंपनियों को 18 महीने के भीतर पब्लिक इश्यू लॉन्च करने की छूट मिलती है.
Elevate Campuses और InCred Holdings पर खास नजर
मुंबई स्थित Elevate Campuses, जो ऑन-कैंपस स्टूडेंट हॉस्टल और रेजिडेंस सुविधाएं मुहैया कराती है, ने पिछले साल सितंबर में IPO के लिए आवेदन किया था. यह कंपनी सिंगापुर स्थित निवेश फर्म Hillhouse Investment की ओर से समर्थित है. Elevate Campuses का प्रस्तावित IPO पूरी तरह फ्रेश इश्यू है, जिसके जरिए कंपनी करीब 2,550 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है.
वहीं, InCred Holdings, जो NBFC InCred Financial Services की पैरेंट कंपनी है, ने कॉन्फिडेंशियल रूट के जरिए SEBI के पास IPO दस्तावेज दाखिल किए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, InCred का IPO साइज 4,000 से 5,000 करोड़ रुपये के बीच हो सकता है, जिसमें फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (OFS) दोनों शामिल होंगे.
Aarvee और Laser Power का कर्ज घटाने पर फोकस
तेलंगाना की Aarvee Engineering Consultants ने सितंबर 2025 में IPO दस्तावेज दाखिल किए थे. कंपनी इस इश्यू से मिली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, सब्सिडियरी कंपनियों में निवेश और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए करेगी. Aarvee का IPO 202.5 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू और प्रमोटर द्वारा 67.5 लाख शेयरों की बिक्री (OFS) का मिक्सचर होगा.
वहीं, पश्चिम बंगाल की Laser Power & Infra, जो पावर केबल और कंडक्टर बनाती है, ने 1,200 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है. इसमें 800 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 400 करोड़ रुपये का OFS शामिल है. कंपनी इस रकम से अपना कर्ज कम करना चाहती है.
IT, मेटल और ज्वेलरी सेक्टर की कंपनियां भी कतार में
Armee Infotech, जो IT इंफ्रास्ट्रक्चर और मैनेज्ड सर्विसेज देती है, ने इस साल फरवरी में IPO दस्तावेज दोबारा दाखिल किए हैं. कंपनी 300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है और यह पूरा इश्यू फ्रेश इश्यू होगा. Ardee Industries, जो लेड एलॉय बनाने वाली कंपनी है, अपने IPO के जरिए 320 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर्स द्वारा 3.76 करोड़ शेयरों की बिक्री करना चाहती है.
वहीं, मुंबई की Shankesh Jewellers, जो कई बड़े ज्वेलरी ब्रांड्स के लिए हाथ से बने सोने के गहने तैयार करती है, ने 4 करोड़ शेयरों का IPO प्रस्तावित किया है. इसमें 3 करोड़ शेयर फ्रेश इश्यू और 1 करोड़ शेयर OFS शामिल हैं.
SEDEMAC Mechatronics और Mann Fleet Partners
पुणे की SEDEMAC Mechatronics, जो ऑटोमोबाइल और पावरट्रेन कंट्रोल सिस्टम बनाती है, ने नवंबर में IPO दस्तावेज दाखिल किए थे. यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल होगा, जिसमें 80.43 लाख शेयर बेचे जाएंगे. इसमें कोई फ्रेश इश्यू नहीं होगा. दूसरी ओर, Mann Fleet Partners, जो कार रेंटल सर्विस देती है, ने 3 फरवरी को अपने IPO डॉक्यूमेंट्स वापस ले लिए. कंपनी ने सितंबर में IPO के लिए आवेदन किया था, जिसमें फ्रेश इश्यू और OFS दोनों शामिल थे.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




