7 जनवरी को खुलेगा कोलकाता की इस टेक्सटाइल कंपनी का IPO, ₹120 करोड़ का होगा इश्यू; जानें पूरी डिटेल
कोलकाता की टेक्सटाइल कंपनी 7 जनवरी को अपना SME IPO लॉन्च करने जा रही है. 168 रुपये से 174 रुपये के प्राइस बैंड वाले इस फ्रेश इश्यू के जरिए कंपनी 120.4 करोड़ रुपये जुटाएगी. मजबूत फाइनेंशियल ग्रोथ, कैपेक्स प्लान और ग्रीनफील्ड यूनिट इस IPO को निवेशकों के लिए खास बना रहे हैं.

Yajur Fibers IPO: कोलकाता की टेक्सटाइल कंपनी Yajur Fibres अपना इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO 7 जनवरी 2026 को लॉन्च करने जा रही है. कंपनी ने इस इश्यू के लिए प्राइस बैंड 168 रुपये से 174 रुपये प्रति शेयर तय किया है. यह पूरी तरह से फ्रेश इश्यू होने वाला है, जिसके जरिए कंपनी कुल 120.4 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से इस इश्यू में 69.2 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे. हालांकि, कुछ हिस्सा मार्केट मेकर के लिए रिजर्व रखा गया है जिसके बाद नेट पब्लिक इश्यू साइज 114 करोड़ रुपये हो जाता है.
कब से होगा खुलेगा इश्यू?
Yajur Fibres का यह पब्लिक इश्यू 7 जनवरी को खुलेगा और निवेशक इसमें 9 जनवरी 2026 तक बोली लगा सकेंगे. IPO का अलॉटमेंट 12 जनवरी को फाइनल होने की संभावना है, जबकि कंपनी के शेयर 14 जनवरी से BSE SME प्लेटफॉर्म पर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे. यह बीते तीन महीनों में फंड रेजिंग के लिहाज से सबसे बड़ा SME IPO माना जा रहा है. इससे पहले True Colors का IPO करीब 128 करोड़ रुपये का था.
कंपनी प्रोफाइल और कारोबार
Yajur Fibres कॉटनाइज्ड बास्ट फाइबर्स के निर्माण में विशेषज्ञता रखती है. यह कंपनी हावड़ा आधारित The Kankaria Group का हिस्सा है और टेक्सटाइल वैल्यू चेन में इंडस्ट्रियल और सस्टेनेबल फाइबर सॉल्यूशंस पर फोकस करती है. कंपनी के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल यार्न और फैब्रिक मैन्युफैक्चरिंग में किया जाता है, जहां नेचुरल और ब्लेंडेड फाइबर्स की मांग लगातार बढ़ रही है.
IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल
IPO से मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा कैपेक्स और विस्तार योजनाओं पर खर्च किया जाएगा. कंपनी 11.9 करोड़ रुपये का निवेश हावड़ा के जगन्नाथपुर स्थित मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में 50,000 स्क्वायर फीट का शेड बनाने और प्रतिदिन 4 टन तक अतिरिक्त प्रोडक्शन कैपेसिटी लगाने में करेगी. इसके अलावा, करीब 48 करोड़ रुपये मध्य प्रदेश के विक्रम उद्योगपुरी, DMIC में एक ग्रीनफील्ड यूनिट स्थापित करने पर खर्च किए जाएंगे. यह यूनिट 100 फीसदी वेट स्पन लिनन यार्न और ब्लेंडेड यार्न के उत्पादन पर केंद्रित होगी. लगभग 36 करोड़ रुपये कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने में लगाए जाएंगे, जबकि शेष रकम जनरल कॉर्पोरेट खर्चों के लिए इस्तेमाल की जाएगी.
मजबूत वित्तीय प्रदर्शन
वित्तीय मोर्चे पर Yajur Fibres का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 11.7 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले वर्ष के 4.3 करोड़ रुपये की तुलना में 173.6 फीसदी की तेज बढ़ोतरी दर्शाता है. इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 67 फीसदी की वृद्धि के साथ 140.8 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो इससे पहले 84.3 करोड़ रुपये था. वहीं, नवंबर 2025 को समाप्त आठ महीनों की अवधि में कंपनी ने 69.4 करोड़ रुपये के रेवेन्यू पर 7.1 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया है. यह आंकड़े IPO के जरिए बाजार में उतरने से पहले कंपनी की ग्रोथ स्टोरी को मजबूती देते हैं.
मैनेजमेंट और इश्यू हैंडलिंग
Yajur Fibres के इस IPO के लिए Horizon Management को मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया गया है. SME सेगमेंट में यह इश्यू उन निवेशकों के लिए खास माना जा रहा है, जो टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग ग्रोथ थीम पर दांव लगाना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें- खुलने से पहले ही दौड़ गया साल के पहले IPO का GMP, लिस्टिंग के साथ हो सकती है ₹86400 की कमाई; जानें डिटेल
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.