SGB 2020-21 Series-XI: RBI ने घोषित किया प्रीमैच्योर रिडेम्पशन प्राइस, निवेशकों को मिलेगा 216% तक रिटर्न

RBI ने Sovereign Gold Bond 2020-21 Series-XI के लिए 9 फरवरी 2026 को होने वाले प्रीमैच्योर रिडेम्पशन का दाम तय कर दिया है. इस सीरीज में निवेश करने वालों को कीमत बढ़ने से करीब 216 फीसदी तक का सीधा रिटर्न मिल सकता है, इसके अलावा 2.5 फीसदी सालाना ब्याज का फायदा अलग से मिलेगा. पढ़ें डिटेल्स.

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड का प्रीमैच्योर रिडेंप्शन डेट Image Credit: @Money9live

SGB 2020-21 Series-XI Premature Redemption Price: भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने Sovereign Gold Bond (SGB) 2020-21 सीरीज-XI से जुड़े निवेशकों के लिए एक अहम अपडेट जारी किया है. RBI ने इस सीरीज के गोल्ड बॉन्ड का प्रीमैच्योर रिडेम्पशन प्राइस घोषित कर दिया है. आम तौर पर हर SGB की मैच्योरिटी अवधि 8 साल होती है, लेकिन नियमों के मुताबिक निवेशक 5 साल पूरे होने के बाद तय तारीखों पर समय से पहले अपने बॉन्ड को रिडीम कर सकते हैं.

कितनी कीमत पर जारी हुआ था SGB 2020-21 सीरीज-XI?

SGB 2020-21 सीरीज-XI का इश्यू फरवरी 2021 में हुआ था. उस समय ऑफलाइन निवेश करने वाले निवेशकों के लिए इसका इश्यू प्राइस 4,912 रुपये प्रति ग्राम तय किया गया था. वहीं, जिन निवेशकों ने ऑनलाइन आवेदन किया और डिजिटल पेमेंट मोड का इस्तेमाल किया, उन्हें 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट दी गई थी. ऐसे निवेशकों के लिए बॉन्ड की कीमत 4,862 रुपये प्रति ग्राम रही थी.

अब कितना मिलेगा प्रीमैच्योर रिडेम्पशन पर?

RBI के अनुसार, SGB 2020-21 सीरीज-XI का प्रीमैच्योर रिडेम्पशन 9 फरवरी 2026 को किया जाएगा. इसके लिए रिडेम्पशन प्राइस 15,374 रुपये प्रति यूनिट तय किया गया है. यह कीमत सोने की 999 शुद्धता वाले भाव के आधार पर तय की गई है, जिसमें 4, 5 और 6 फरवरी 2026 के तीन कारोबारी दिनों का औसत क्लोजिंग प्राइस शामिल है.

निवेशकों को कितना रिटर्न मिलेगा?

अगर किसी निवेशक ने फरवरी 2021 में यह बॉन्ड 4,862 रुपये प्रति ग्राम की कीमत पर खरीदा था, तो फरवरी 2026 में प्रीमैच्योर रिडेम्पशन पर उसे 15,374 रुपये प्रति ग्राम मिलेंगे. यानी कीमत के हिसाब से उसे करीब 10,510 रुपये प्रति ग्राम का सीधा फायदा होगा. प्रतिशत में देखें तो यह करीब 216 फीसदी का सीधा रिटर्न बनता है. इसमें अभी ब्याज को शामिल नहीं किया गया है.

ब्याज का भी मिलेगा फायदा

Sovereign Gold Bond में निवेश करने वालों को कीमत बढ़ने के साथ-साथ 2.5 फीसदी सालाना ब्याज भी मिलता है. यह ब्याज निवेश की शुरुआती रकम पर दिया जाता है और हर छह महीने में सीधे बैंक खाते में जमा होता है. आखिरी ब्याज भुगतान मैच्योरिटी या प्रीमैच्योर रिडेम्पशन के समय मूलधन के साथ किया जाता है.

क्या है Sovereign Gold Bond स्कीम?

Sovereign Gold Bond योजना को भारत सरकार की ओर से RBI संचालित करता है. यह स्कीम निवेशकों को फिजिकल गोल्ड का सुरक्षित विकल्प देती है, जिसमें न तो सोना रखने की चिंता होती है और न ही शुद्धता को लेकर कोई परेशानी. इसके अलावा इसमें कीमत बढ़ने का लाभ और नियमित ब्याज- दोनों का फायदा मिलता है. SGB को 5 साल बाद तय ब्याज भुगतान तिथियों पर समय से पहले रिडीम किया जा सकता है.

SGB की कीमत कैसे तय होती है?

SGB की कीमत भारतीय रुपये में तय की जाती है. यह कीमत इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा प्रकाशित 999 शुद्धता वाले सोने के भाव के आधार पर तय होती है. इसके लिए सब्सक्रिप्शन पीरियड से पहले के तीन कारोबारी दिनों के औसत क्लोजिंग प्राइस को आधार बनाया जाता है.

ये भी पढ़ें- 31 मार्च 2026 से पहले पूरे कर लें टैक्स से जुड़े ये जरुरी काम, नहीं तो बढ़ सकता है Income Tax बोझ