दिसंबर तिमाही में इन 5 शेयरों में FII ने बढ़ाई हिस्सेदारी, मुकुल अग्रवाल ने भी लगा रखा है दांव; देखें स्टॉक की लिस्ट

वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही यानी Q3FY26 में कुछ चुनिंदा शेयरों में FII ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है, जिनमें दिग्गज निवेशक मुकेश अग्रवाल पहले से निवेशक हैं. यह रुझान इन कंपनियों के भविष्य की ग्रोथ पर विदेशी निवेशकों के भरोसे को दिखा रहा है. इन शेयरों में FII हिस्सेदारी बढ़ने से बाजार में इन पर खास नजर बनी हुई है.

मुकुल अग्रवाल. Image Credit: Canva, tv9

Mukul Agarwal Stocks: भारतीय शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII की गतिविधियां हमेशा निवेशकों के लिए अहम मानी जाती हैं. जब किसी कंपनी में FII अपनी हिस्सेदारी बढ़ाते हैं, तो इसे उस कंपनी पर वैश्विक भरोसे के रूप में देखा जाता है. वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही यानी Q3FY26 में ऐसे ही कुछ शेयर सामने आए हैं, जिनमें दिग्गज निवेशक मुकुल अग्रवाल की हिस्सेदारी मौजूद है और साथ ही FII ने भी अपनी भागीदारी बढ़ाई है. मुकुल अग्रवाल को छोटे और मझोले शेयरों की सटीक पहचान के लिए जाना जाता है. आइए जानते हैं उन पांच शेयरों के बारे में, जिनमें इस तिमाही के दौरान FII की हिस्सेदारी में बढ़ोतरी देखी गई.

Hindustan Construction Company Ltd

Hindustan Construction Company Ltd भारत की जानी मानी कंपनी है, जिसकी स्थापना 1926 में हुई थी. Q3FY26 में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 8 फीसदी घटकर 925 करोड रुपये रहा, जबकि पिछली तिमाही की तुलना में इसमें 4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

हालांकि, कंपनी ने मुनाफे के मोर्चे पर सुधार दिखाया और पिछले साल के 39 करोड रुपये के घाटे से उबरकर 8 करोड रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया. दिसंबर 2025 में मुकुल अग्रवाल के पास कंपनी के 4 करोड से अधिक शेयर थे, जो 1.6 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है. tradebrains की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी अवधि में FII की हिस्सेदारी 9.58 फीसदी से बढ़कर 10.41 फीसदी हो गई.

Vasa Denticity Ltd

Vasa Denticity Ltd के Q3FY26 में रेवेन्यू सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 71 करोड रुपये पहुंच गया, हालांकि मुनाफे में तेज गिरावट देखने को मिली और नेट प्रॉफिट घटकर 1.5 करोड रुपये रह गया. दिसंबर 2025 में मुकुल अग्रवाल के पास कंपनी की 2.4 फीसदी हिस्सेदारी थी. इस दौरान FII की हिस्सेदारी 4 फीसदी से बढ़कर 7.5 फीसदी हो गई.

Zota Health Care Ltd

Zota Health Care Ltd ने Q3FY26 में रेवेन्यू लगभग दोगुना होकर 143 करोड रुपये कर लिया, लेकिन घाटा बढ़कर 30 करोड रुपये तक पहुंच गया. इसके बावजूद FII ने इस शेयर में भरोसा दिखाया और उनकी हिस्सेदारी 3.5 फीसदी से बढ़कर 8 फीसदी हो गई. दिसंबर 2025 में मुकुल अग्रवाल के पास कंपनी की 7.5 फीसदी हिस्सेदारी थी.

Radico Khaitan Ltd

Radico Khaitan Ltd के Q3FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 19 फीसदी बढ़कर 1547 करोड रुपये हो गया, जबकि नेट प्रॉफिट में 61 फीसदी की उछाल दर्ज की गई और यह 155 करोड रुपये तक पहुंच गया. मुकुल अग्रवाल की हिस्सेदारी 1.1 फीसदी रही, वहीं FII ने अपनी भागीदारी 18 फीसदी से बढ़ाकर 19.82 फीसदी कर दी.

Strides Pharma Science Ltd

Strides Pharma Science Ltd के Q3FY26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 131 फीसदी बढ़कर 208 करोड रुपये पहुंच गया. दिसंबर 2025 में मुकुल अग्रवाल के पास कंपनी की 1.2 फीसदी हिस्सेदारी थी, जबकि FII की हिस्सेदारी 28.5 फीसदी से बढ़कर 29.5 फीसदी हो गई.

यह भी पढ़ें: टेस्ला, स्पेसएक्स और Grok के लिए नहीं है कोई सेफ्टी टीम, एलन मस्क ने भरी हामी; क्या खतरे में है आपका डेटा?

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.