पहले NHAI अब Tata Steel! इस स्मॉल कैप कंपनी को 1 हफ्ते में मिले 2 बड़े ऑर्डर, 5 साल में 11000% तक चढ़ा भाव

इस कंपनी को टाटा स्टील से कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी बनाने का 182 करोड़ रुपये का बड़ा ठेका मिला है, जिससे कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत होने की उम्मीद है. एक ही सप्ताह में मिले दूसरे बड़े प्रोजेक्ट के बाद इस स्मॉल-कैप शेयर में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है. जानें कंपनी की रिटर्न हिस्ट्री.

हजूर मल्टी प्रोजेक्ट को मिला बड़ा काम Image Credit: @Money9live

Hazoor Multi Projects Bagged Order: स्मॉल-कैप कैटेगरी की कंपनी Hazoor Multi Projects एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ सकती है. करीब 838 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी को देश की दिग्गज स्टील निर्माता Tata Steel से बड़ा निर्माण काम का ऑर्डर मिला है, जिसके बाद सोमवार यानी 23 फरवरी के कारोबार में शेयर में हलचल देखने की संभावना जताई जा रही है. कंपनी ने बाजार बंद होने से थोड़ा पहले ही एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए इस नए कॉन्ट्रैक्ट की जानकारी दी.

काम के बारे में कंपनी ने क्या कहा?

कंपनी के अनुसार, उसे टाटा स्टील लिमिटेड की ओर से एक आवासीय कॉलोनी के डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण और हैंडओवर का ठेका दिया गया है. यह प्रोजेक्ट ओडिशा के जौड़ा स्थित बिलीपाड़ा (TSSIJ, Bileipada) में कर्मचारियों के लिए विकसित किया जाएगा. योजना के तहत OPR और NOPR कॉलोनी का निर्माण किया जाएगा, जिसमें G+9 स्ट्रक्चर वाले अपार्टमेंट ब्लॉक्स बनाए जाएंगे. यह पूरा काम टाटा स्टील द्वारा स्वीकृत आर्किटेक्चरल प्लान और डिजाइन के अनुरूप किया जाएगा.

कितने का है ऑर्डर?

परियोजना में कुल 360 आवासीय इकाइयों का निर्माण शामिल है. इनमें लगभग 900 वर्गफुट के 288 NOPR (नॉन-ऑपरेशनल स्टाफ रेजिडेंशियल) यूनिट्स और करीब 1,100 वर्गफुट के 72 OPR (ऑपरेशनल स्टाफ रेजिडेंशियल) यूनिट्स शामिल होंगे. कंपनी ने कहा है कि पूरा निर्माण कार्य तय स्पेसिफिकेशन और कार्यक्षेत्र के अनुसार किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट की कुल लागत लगभग 182 करोड़ रुपये आंकी गई है और इसे शुरू होने की तारीख से 24 महीनों के भीतर पूरा करना होगा.

@NSE

एक सप्ताह में दूसरा ऑर्डर

दिलचस्प बात यह है कि इस सप्ताह कंपनी को मिला यह दूसरा बड़ा ऑर्डर है. इससे पहले उसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) से करीब 44.2 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मिला था. लगातार मिल रहे ऑर्डर्स से कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत होने और भविष्य के रेवेन्यू पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है.

शेयरों का प्रदर्शन?

शेयर प्रदर्शन की बात करें तो पिछले 6 महीनों में दबाव में रहने के बाद फरवरी में स्टॉक ने वापसी के संकेत दिए हैं. इस महीने अब तक इसमें लगभग 12 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की गई है, जबकि पिछले आधे वर्ष में यह करीब 30 फीसदी गिर चुका था. लंबी अवधि में हालांकि इस शेयर का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. अप्रैल 2021 में करीब 0.43 रुपये के स्तर से बढ़कर सितंबर 2024 तक यह 55 रुपये से अधिक तक पहुंच गया, यानी लगभग 12,700 फीसदी से ज्यादा की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की. इस दौरान स्टॉक ने 63.90 रुपये का ऑल-टाइम हाई भी छुआ. पिछले 5 साल की बात करें तो इस स्टॉक ने निवेशकों को 10,917 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं, 3 साल के दौरान इसमें 244 फीसदी की बढ़त आई है. 

ये भी पढ़ें- ₹360 करोड़ की विदेशी डील और दौड़ पड़े इस कंपनी के शेयर, एक दिन में 13% उछला भाव; जानें डिटेल्स

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.