रेलवे कवच के लिए मिला ₹800 करोड़ का कॉन्‍ट्रैक्‍ट, शेयर 5% उछला, ऑर्डर बुक मजबूत, वंदे भारत में भी यूज हुए प्रोडक्‍ट

HBL Engineering को रेलवे के स्वदेशी सुरक्षा सिस्टम KAVACH के लिए ₹800 करोड़ से ज्‍यादा का बड़ा ऑर्डर मिला है, जिसके बाद शेयरों में जबरदस्‍त उछाल दर्ज किया गया. मजबूत ऑर्डर बुक और कंपनी की रणनीतियों के दम पर कंपनी आगे बढ़ रही है. रक्षा, रेलवे, बैटरी और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे सेक्टर में फैले कारोबार के दम पर ये सुर्खियां बंटोर रही है.

HBL Engineering share jumps Image Credit: canva/chatgpt AI image

HBL Engineering Share Price: रक्षा, रेलवे इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सॉल्‍यूशन के डिजाइन बनाने वाली इंजीनियरिंग कंपनी HBL Engineering Limited के शेयरों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. कंपनी का स्टॉक 4.91 प्रतिशत उछलकर ₹779 के पिछले बंद भाव से बढ़कर ₹817.25 पर पहुंच गया. बढ़ती खरीदारी के चलते बीएसई पर ट्रेडिंग वॉल्यूम भी 1.5 गुना से ज्यादा बढ़ गया. शेयरों में आई इस तेजी की वजह कंपनी को मिला एक बड़ा ऑर्डर है.

KAVACH की करेगी सप्‍लाई

HBL Engineering को बनारस लोकोमोटिव वर्क्स, वाराणसी से ऑन-बोर्ड KAVACH उपकरण (Version 4.0) की सप्लाई, टेस्टिंग और कमीशनिंग का ₹800.36 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. यह ऑर्डर भारत की स्वदेशी ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्‍शन प्रणाली के विस्तार में अहम कदम माना जा रहा है. इस प्रोजेक्ट को 12 महीनों में पूरा किया जाएगा, जिससे ट्रेन सुरक्षा तकनीक का तेजी से रोलआउट संभव होगा.

जबरदस्‍त रिटर्न और ऑर्डरबुक

HBL Engineering का मार्केट कैप ₹21,593 करोड़ है. साल भर में इसके शेयर 66 फीसदी उछले हैं. जबकि पिछले 3 साल में इसने 665 पर्सेंट और 5 साल में 2,165 पर्सेंट का रिटर्न दिया है. कंपनी के फंडामेंटल्‍स को देखें तो 65 प्रतिशत CAGR की मजबूत प्रॉफिट ग्रोथ दर्ज की गई है. कंपनी का ऑर्डर बुक ₹4,000 करोड़ से ज्‍यादा है. नए ऑर्डर से इसके और मजबूत होने की उम्‍मीद है.

यह भी पढ़ें: 3000% का मल्‍टीबैगर रिटर्न दे चुका ट्रांसफार्मर स्‍टॉक हुआ बेदम, 52% तक टूटा, इन फैक्‍टर्स ने डुबोई नैया, जानें क्‍या हो पाएगी रिकवरी

कंपनी का कारोबार

1983 में स्थापित HBL Engineering पावर सिस्टम्स सेक्टर की प्रमुख कंपनी है. यह इंडस्ट्रियल निकेल बैटरियों में दुनिया में दूसरे और भारत में VRLA लीड बैटरियों में तीसरे स्थान पर है. इसका दावा है कि ये देश में PLT लीड बैटरियां बनाने वाली इकलौती कंपनी है. इसके उत्पाद टेलीकॉम, ऑयल एंड गैस, रेलवे और डिफेंस सेक्टर में इस्तेमाल होते हैं. वंदे भारत ट्रेनों से लेकर Siemens और Hitachi जैसी वैश्विक कंपनियां भी इसके सॉल्‍यूशन्‍स का उपयोग करती है. कंपनी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी जैसे TCAS और TMS पर भी तेजी से काम कर रही है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.