ये टेक कंपनी ले रही बड़े फैसले! ₹250 करोड़ डीपटेक फंड में निवेश, रिटेल बिजनेस से एग्जिट, सोमवार को फोकस में शेयर

Info Edge ने डीपटेक स्टार्टअप्स पर बड़ा दांव लगाते हुए 250 करोड़ रुपये के नए फंड को मंजूरी दी है. साथ ही कंपनी Shopkirana में अपनी हिस्सेदारी बेच रही है. यह कदम निवेश रणनीति में बदलाव का संकेत देता है.

Share Market Image Credit: Canva

भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम में एक बार फिर हलचल दिख रही है. Zomato के शुरुआती निवेशक Info Edge ने एक तरफ डीपटेक स्टार्टअप्स पर बड़ा दांव लगाया है, तो दूसरी ओर अपने पोर्टफोलियो को संतुलित करते हुए एक कंपनी से एग्जिट का फैसला भी किया है. यह रणनीति साफ तौर पर कंपनी के फोकस और निवेश अप्रोच में बदलाव का संकेत देती है. ऐसे में सोमवार को कंपनी के शेयरों पर फोकस बनाए रखना आपके लिए फायदे का सौदा हो सकता है.

डीपटेक फंड में ₹250 करोड़ का निवेश

कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग के जरिए बताया है कि Info Edge ने 27 मार्च की बोर्ड मीटिंग में A88 Fund I में 250 करोड़ रुपये तक निवेश की मंजूरी दी है. यह फंड A88 Trust के तहत लॉन्च किया गया है और Sebi में कैटेगरी II AIF के रूप में रजिस्टर्ड है. इस फंड का मकसद भारत में शुरुआती चरण के डीपटेक स्टार्टअप्स को सपोर्ट करना है.

इस फंड को Info Edge की सब्सिडियरी Smartweb Internet Services स्पॉन्सर और मैनेज करेगी. कंपनी का कहना है कि इससे निवेशकों को लंबी अवधि में ग्रोथ मिलेगी और भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी मजबूती मिलेगी.

Shopkirana में हिस्सेदारी बेचने का फैसला

Info Edge अपनी 26.14% हिस्सेदारी रिटेल टेक स्टार्टअप Shopkirana में Trustroot Internet Private Limited (TIPL) को करीब 32.97 मिलियन डॉलर में बेच रही है. इस डील के तहत SIHL को TIPL में 2.021% हिस्सेदारी के बराबर प्रेफरेंस शेयर मिलेंगे.

SIHL TIPL में अतिरिक्त 1.72 मिलियन डॉलर का निवेश करेगी, जिससे उसकी हिस्सेदारी 0.105% और बढ़ जाएगी. यह डील जून 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है, हालांकि इसके लिए रेगुलेटरी मंजूरी जरूरी होगी. Info Edge ने फरवरी में B8 Fund-I नाम से एक ग्रोथ-स्टेज फंड लॉन्च किया था, जिसमें 250 करोड़ रुपये का कमिटमेंट है. कंपनी के पास पहले से ही कई निवेश प्लेटफॉर्म हैं जो स्टार्टअप्स में निवेश करते हैं.

यह भी पढ़ें: Rentomojo ने IPO के लिए फाइल की DRHP, 150 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी, 22 शहरों में मौजूदगी

शेयर का हाल

शुक्रवार को Info Edge का शेयर 991 रुपये पर बंद हुआ. पिछले तीन महीनों में शेयर में गिरावट देखी गई है, जबकि पांच साल में करीब 11% का रिटर्न मिला है. कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 64,301 करोड़ रुपये है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.