इंफोसिस की AI डील भी न आई काम, धड़ाम हुए शेयर फिर भी ब्रोकरेज का भरोसा कायम, ₹1900 का दिया टारगेट

इंफोसिस के शेयरों में हालिया गिरावट के बावजूद ब्रोकरेज हाउस कंपनी के AI ग्रोथ आउटलुक पर भरोसा बनाए हुए हैं. PL Capital, Elara Capital और BofA ने BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,680 से ₹1,900 तक के टारगेट दिए हैं. उनका मानना है कि AI सर्विसेज में 2030 तक बड़े अवसर खुलेंगे और भले ही शॉर्ट टर्म में रेवेन्यू पर दबाव दिखे, लंबी अवधि में इंफोसिस को मजबूत ग्रोथ मिल सकती है.

इंफोसिस Image Credit: money9

आईटी कंपनी इंफोसिस के शेयरों में बुधवार को कमजोरी देखने को मिली जबकि कंपनी लगातार AI पर फोकस बढ़ा रही है और नई साझेदारियों की घोषणा कर रही है. सुबह 11:43 बजे के कारोबार के दौरान इंफोसिस का शेयर करीब 1.4% की गिरावट के साथ ₹1,371 पर ट्रेड करता दिखा. हालांकि शेयर में गिरावट के बावजूद ब्रोकरेज हाउस कंपनी के लॉन्ग टर्म ग्रोथ आउटलुक को लेकर सकारात्मक बने हुए हैं और ब्रोकरेज फर्म PL Capital, Elara Capita और BofA ने इसके नए टारगेट प्राइस जारी किए हैं.

कंपनी ने Anthropic से की है पार्टनरशिप

हाल ही में इंफोसिस के AI डे इवेंट और Anthropic के साथ साझेदारी की खबरों के बाद भी शेयरों में उम्मीद के मुताबिक तेजी नहीं आई. ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि निवेशकों को फिलहाल निकट अवधि में AI से होने वाली आय और मार्जिन पर असर को लेकर कोई खास भरोसा नहीं है. उनका मानना है कि AI से प्रोडक्टिविटी बढ़ने पर शुरुआती दौर में आईटी सर्विसेज रेवेन्यू पर कुछ दबाव आ सकता है क्योंकि कंपनियां लागत बचत का फायदा क्लाइंट्स को भी देती हैं.

PL Capital ने दिया 1900 का टारगेट

PL Capital ने इंफोसिस पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,900 का टारगेट दिया है. ब्रोकरेज का मानना है कि AI सर्विसेज के बढ़ते इस्तेमाल से कंपनी अगले ग्रोथ साइकल के लिए मजबूत स्थिति में है. 2030 तक AI सेवाओं में 300-400 अरब डॉलर के बड़े अवसर की उम्मीद है जो आईटी सर्विसेज में संभावित दबाव से ज्यादा साबित हो सकता है. Anthropic के साथ साझेदारी को भी ब्रोकरेज ने सकारात्मक कदम बताया है जिससे अलग-अलग इंडस्ट्री में AI एजेंट्स तैनात करने में मदद मिलेगी.

Elara Capital ने दिया 1680 का टारगेट

Elara Capital ने इंफोसिस पर BUY रेटिंग देते हुए ₹1,680 का टारगेट तय किया है जो मौजूदा स्तर से करीब 21% की संभावित तेजी दिखाता है. ब्रोकरेज का कहना है कि AI से पारंपरिक आईटी सर्विस मॉडल पर तुरंत बड़ा खतरा नहीं है क्योंकि कंपनियों के पुराने सिस्टम और टेक्निकल चुनौतियां अपनाने की रफ्तार धीमी रखेंगी. शुरुआती दौर में प्रोडक्टिविटी के फायदे क्लाइंट्स को देने से रेवेन्यू पर दबाव आ सकता है लेकिन लंबी अवधि में ज्यादा काम और वॉलेट शेयर मिलने से कुल असर सकारात्मक रहेगा.

जानें BofA का टारगेट

BofA Securities ने इंफोसिस पर BUY रेटिंग कायम रखते हुए ₹1,840 का टारगेट दिया है. ब्रोकरेज के मुताबिक, एंटरप्राइज AI में कंपनी की पोजिशनिंग मजबूत है और कुल अवसर मौजूदा अनुमान से भी बड़ा हो सकता है. हालांकि इसका पूरा फायदा धीरे-धीरे दिखेगा. AI अपनाना आसान प्रक्रिया नहीं है और इसमें सर्विस कंपनियों की अहम भूमिका रहेगी जो इंफोसिस के लिए पॉजिटिव है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.