पाइप बनाने वाली कंपनी को 3 महीने में मिले 3100 करोड़ के टेंडर, ऑर्डर बुक ₹23460 करोड़, LIC का लगा है दांव

मेटल सेक्टर की दिग्गज कंपनी Welspun Corp के शेयरों में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. अमेरिका से मिले नए बड़े ऑर्डर ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिससे स्टॉक 2 फीसदी से ज्यादा चढ़ गया. मजबूत ऑर्डर बुक, बेहतर वित्तीय नतीजे और LIC जैसी बड़ी संस्थाओं की हिस्सेदारी ने कंपनी के भविष्य को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं.

Welspun Corp Image Credit: Money9live/AI

Welspun Corp: मेटल सेक्टर की दिग्गज कंपनी Welspun Corp के शेयरों में बुधवार को अच्छी तेजी देखने को मिली. कंपनी को अमेरिका से नया बड़ा ऑर्डर मिलने की खबर के बाद निवेशकों में भरोसा बढ़ा और शेयर 2 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 809 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया. इस नए कॉन्ट्रैक्ट से कंपनी की ऑर्डर बुक और भी मजबूत हो गई है.

अमेरिका से मिला नया बड़ा ऑर्डर

वेल्सपन कॉर्प को अमेरिका में एक प्रोजेक्ट के लिए बड़े साइज के कोटेड स्टील पाइप सप्लाई करने का ऑर्डर मिला है. यह ऑर्डर कंपनी के विदेशी कारोबार के लिए अहम माना जा रहा है. इस डील के बाद सितंबर 2025 से अब तक भारत में मिले नए ऑर्डर की कुल वैल्यू 3,100 करोड़ रुपये हो गई है. नए ऑर्डर को जोड़ने के बाद कंपनी की कुल ग्लोबल ऑर्डर बुक बढ़कर 23,460 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है. इससे साफ है कि आने वाले समय में कंपनी के पास काम की कोई कमी नहीं होगी. भारत और अमेरिका, दोनों जगह कंपनी के ऑपरेशंस को लगातार सपोर्ट मिलेगा, जिससे भविष्य की कमाई को लेकर तस्वीर साफ नजर आती है.

शेयर का प्रदर्शन

बुधवार को बाजार बंद होने के बाद इसके शेयर की कीमत 790.65 रुपये रह गई. बीते एक साल में इसमें मामूली गिरावट आई है. हालांकि लॉन्ग टर्म में इसने निवेशकों को मुनाफा कराया है. बीते पांच साल में इसके स्टॉक 451 फीसदी से अधिक उछले हैं. यानी 1 लाख रुपये का निवेश 4.5 लाख से अधिक हो गया.

यह भी पढ़ें: पैसा रखें तैयार! जनवरी में लगेगी IPO की बहार, Hero FinCorp समेत आएंगे ये 5 दमदार इश्यू

LIC का लगा है पैसा

यह स्टॉक देश के सबसे बड़े घरेलू निवेशक Life Insurance Corporation of India (LIC) के पोर्टफोलियो में भी शामिल है. ट्रेंडलाइन के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2025 तक LIC के पास कंपनी की 4.71फीसदी हिस्सेदारी थी, जो करीब 1.24 करोड़ शेयरों के बराबर है.

कैसी है कंपनी की वित्तीय सेहत?

Welspun Corp के वित्तीय प्रदर्शन

  • सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 4,409 करोड़ रुपये रहा
  • जून तिमाही के 3,587 करोड़ रुपये के मुकाबले रेवेन्यू में 23% की बढ़त
  • सितंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा बढ़कर 444 करोड़ रुपये हुआ
  • पिछली तिमाही में मुनाफा 349 करोड़ रुपये था
  • मार्च 2025 में खत्म हुए वित्त वर्ष में कुल मुनाफा 1,902 करोड़ रुपये रहा
  • वित्त वर्ष 2024 में मुनाफा 1,136 करोड़ रुपये था
  • सालाना आधार पर मुनाफे में 67% की मजबूत बढ़त
  • कंपनी का रेवेन्यू/टर्नओवर 17,582 करोड़ रुपये से घटकर 14,167 करोड़ रुपये रहा

क्या करती है कंपनी?

कंपनी के कारोबार की बात करें तो वेल्सपन कॉर्प अब सिर्फ पाइप बनाने तक सीमित नहीं है. यह सड़क, पानी और बिजली से जुड़े प्रोजेक्ट्स में दुनिया के 6 महाद्वीपों पर काम कर रही है. बड़े स्टील पाइप, खास कोटिंग, डक्टाइल आयरन पाइप, पानी की टंकियां और प्लास्टिक पाइप जैसे प्रोडक्ट्स के साथ कंपनी का बिजनेस तेजी से आगे बढ़ रहा है. मजबूत ऑर्डर बुक और बड़े निवेशकों का भरोसा कंपनी के भविष्य को मजबूत बनाता है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.