Stocks to Watch: Coal India की ग्रीन एनर्जी चाल से लेकर TCS की AI डील तक, ये 10 स्टॉक्स दे सकते हैं बड़ा मूव; चेक करें पूरी लिस्ट

गिफ्ट निफ्टी के संकेत बता रहे हैं कि बाजार की शुरुआत कमजोर हो सकती है, लेकिन कुछ खास कंपनियों से जुड़ी खबरें निवेश के मौके भी बना सकती हैं. सोमवार को निफ्टी और सेंसेक्स दोनों में अच्छी तेजी देखने को मिली थी, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है.

इन स्टॉक्स पर रखें नजर Image Credit: @Money9live

Stocks to Watch: बजट से पहले शेयर बाजार में हलचल तेज हो गई है और निवेशकों की नजर उन कंपनियों पर टिकी है जिनसे बाजार की दिशा तय हो सकती है. गिफ्ट निफ्टी के संकेत बता रहे हैं कि बाजार की शुरुआत कमजोर हो सकती है, लेकिन कुछ खास कंपनियों से जुड़ी खबरें निवेश के मौके भी बना सकती हैं. सोमवार को निफ्टी और सेंसेक्स दोनों में अच्छी तेजी देखने को मिली थी, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है. अब अगला फोकस उन कंपनियों पर है जो बड़े फैसले ले रही हैं, नए प्रोजेक्ट ला रही हैं या जिनके बिजनेस में बड़ा बदलाव हो रहा है. ऐसे में निवेशकों के लिए इन स्टॉक्स पर नजर रखना जरूरी हो गया है.

कोल इंडिया (Coal India)

Coal India अब रिन्यूएबल एनर्जी की तरफ तेजी से बढ़ रही है. कंपनी ने 2028 तक 3000 मेगावाट सोलर क्षमता बनाने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए कंपनी ने इस साल सोलर प्रोजेक्ट्स पर खर्च भी काफी बढ़ा दिया है. इससे साफ है कि कंपनी अब कोयले के साथ साथ ग्रीन एनर्जी पर भी ध्यान दे रही है.

IIFL Finance

IIFL Finance अपने फंड के सोर्स बढ़ाने की तैयारी कर रही है. कंपनी अब ज्यादा विदेशी कर्ज लेना चाहती है. अभी इसका हिस्सा करीब 12 से 13 प्रतिशत है, जिसे अगले साल तक 20 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सकता है. इससे कंपनी को सस्ता फंड मिल सकता है.

TCS और AMD

TCS ने अमेरिकी कंपनी AMD के साथ मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए नया इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का फैसला किया है. यह प्रोजेक्ट भारत में बड़े AI डेटा सेंटर बनाने में मदद करेगा. इससे देश में टेक्नोलॉजी सेक्टर को बड़ा फायदा मिल सकता है.

DLF और फीनिक्स मिल्स

DLF और फीनिक्स मिल्स ने अपने कमर्शियल प्रोजेक्ट्स के लिए REITs लाने का प्लान फिलहाल रोक दिया है. इसके पीछे नियमों की सख्ती और पहले से अच्छा कैश फ्लो बताया जा रहा है. इससे कंपनियां अभी अपनी संपत्ति खुद ही संभालना चाहती हैं.

क्वालिटी वॉल्स

हिंदुस्तान यूनिलीवर की आइसक्रीम कंपनी क्वालिटी वॉल्स अब अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए नई योजना बना रही है. कंपनी डिस्ट्रीब्यूशन बढ़ाएगी और कीमतों पर भी ध्यान देगी. साथ ही भविष्य में बेन एंड जेरी ब्रांड भी लॉन्च कर सकती है.

कोचीन शिपयार्ड को बड़ा ठेका

कोचीन शिपयार्ड को नौसेना का बड़ा प्रोजेक्ट मिला है. कंपनी करीब 5000 करोड़ रुपये के जहाज बनाने के ठेके में सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी बनी है. इससे कंपनी के ऑर्डर बुक में बड़ा इजाफा होगा.

USFDA और Alkem Labs

अल्केम लैब्स की एक यूनिट का अमेरिकी दवा नियामक ने निरीक्षण किया है. जांच के बाद कुछ छोटी प्रक्रियागत कमियां बताई गई हैं. हालांकि यह बड़ी चिंता की बात नहीं मानी जा रही है, लेकिन कंपनी को सुधार करना होगा.

टेक्समैको रेल को नया ऑर्डर

टेक्समैको रेल को मुंबई में रेलवे प्रोजेक्ट का 219 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है. कंपनी सिग्नलिंग सिस्टम तैयार करेगी. इससे कंपनी के काम में तेजी आएगी और आय बढ़ने की उम्मीद है.

REC का नया कदम

REC ने ग्रीन हाइड्रोजन प्रोजेक्ट के लिए नई कंपनी बनाई है. यह कंपनी पूरी तरह REC की ही होगी. अभी इसका काम शुरू नहीं हुआ है, लेकिन यह भविष्य के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है.

BLS ई सर्विसेज की डील

बीएलएस इंटरनेशनल ने Atyati Technology नाम की कंपनी को खरीदने का फैसला किया है. यह डील करीब 154 करोड़ रुपये में होगी. इससे कंपनी अपने डिजिटल और फाइनेंशियल सर्विस बिजनेस को और मजबूत कर सकेगी.

ये भी पढ़ें- AI Summit 2026: सिक्योरिटी गार्ड नहीं, अब टाटा का ‘पुचू’ करेगा घर और फैक्ट्री की रखवाली, जानें कैसे करेगा काम

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.