TCS की कुर्सी गई, पैसा भी डूबा, 5 साल के निचले स्तर पर शेयर, 33 फीसदी टूटा

भारतीय शेयर बाजार में TCS के शेयरों में तेज गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. स्टॉक अपने ऑल टाइम हाई से 33 फीसदी टूटकर 5 साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव ने आईटी सेक्टर के बिजनेस मॉडल पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

टीसीएस Image Credit: money9live.com

TCS Stock Fall: भारतीय शेयर बाजार में आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी TCS के शेयरों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है. शुक्रवार को TCS का शेयर टूटकर करीब 5.5 साल के निचले स्तर पर पहुंच गया, जिससे निवेशकों में चिंता का माहौल बन गया है. शेयर अपने ऑल टाइम हाई से अब तक करीब 33 फीसदी तक गिर चुका है. इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते असर को माना जा रहा है, जिसने पूरे आईटी सेक्टर के बिजनेस मॉडल पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

5.5 साल के निचले स्तर पर TCS

TCS के शेयर शुक्रवार को गिरकर 2682 रुपये के स्तर तक आ गए, जो सितंबर 2020 के बाद का सबसे निचला स्तर है. इससे पहले कंपनी का शेयर अगस्त 2024 में 4,592 रुपये के ऑल टाइम हाई पर पहुंचा था. इस तेज गिरावट के चलते TCS का मार्केट कैप घटकर करीब 9.9 लाख करोड़ रुपये रह गया है, जो मल्टी ईयर लो माना जा रहा है. 24 अगस्त 2024 को इसका मार्केट कैप 16.16 लाख करोड़ रुपये था. हाल ही में मार्केट कैप के आधार पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (11 लाख करोड़) ने TCS को पछाड़ते हुए देश की चौथी सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी का दर्जा हासिल कर लिया है.

आईटी सेक्टर में बिकवाली क्यों तेज हुई

TCS में गिरावट सिर्फ घरेलू वजहों से नहीं आई है. अमेरिका में इंफोसिस और विप्रो के एडीआर में एक ही रात में करीब 10 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई. इसके बाद भारतीय बाजार में आईटी शेयरों पर दबाव और बढ़ गया. निवेशकों की चिंता तब और बढ़ी, जब अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप एंथ्रोपिक ने लीगल सेक्टर के लिए एक नया टूल लॉन्च किया. इस टूल के जरिए कॉन्ट्रैक्ट रिव्यू, एनडीए जांच, कंप्लायंस वर्कफ्लो और लीगल ड्राफ्टिंग जैसे काम ऑटोमेट हो सकते हैं.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से क्यों डर रहे हैं निवेशक

निवेशकों को डर है कि अगर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बड़े पैमाने पर लीगल सर्विसेज, डेटा एनालिटिक्स और कस्टमर सपोर्ट जैसे काम खुद करने लगा, तो आईटी सर्विस कंपनियों के लिए काम का दायरा सिमट सकता है. अब तक जिन सेक्टरों को सुरक्षित माना जाता था, वहां भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की एंट्री से बिजनेस मॉडल पर दबाव बढ़ने की आशंका है. इसी चिंता ने पूरे आईटी सेक्टर में भारी बिकवाली को जन्म दिया है.

2 फीसदी से ज्यादा टूटा शेयर

शुक्रवार को TCS का शेयर 2.11 फीसदी गिरकर 2692.20 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक सप्ताह में इसमें 9.46 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. इसके अलावा बीते एक महीने में शेयर 17.33 फीसदी तक टूट चुका है. अगर बीते एक साल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो TCS का शेयर करीब 32 फीसदी की गिरावट दर्ज कर चुका है.

यह भी पढ़ें: अगले 18 महीनों में खत्म हो सकती है व्हाइट कॉलर जॉब! AI दिग्गज मुस्तफा सुलेमान ने बता दी इनसाइड स्टोरी

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Latest Stories

क्वालिटी वॉल्स की 16 फरवरी से BSE और NSE पर शुरू होगी ट्रेडिंग, जानें- कितना है आइसक्रीम बिजनेस का टर्नओवर

Closing Bell: शेयर बाजार में हाहाकार, निवेशकों के 7 लाख करोड़ खाक; इस क्रैश के पीछे आखिर क्या है वजह?

ट्रंप का बड़ा यू-टर्न! स्टील और एल्युमिनियम पर लगे टैरिफ में राहत देने की तैयारी, इन मेटल स्‍टॉक्‍स को फायदे की उम्‍मीद

AI के डर से हिला सॉफ्टवेयर सेक्टर, Infosys 27% और TCS 32% नीचे, क्यों छाया है ये मंजर, क्या कहते हैं दिग्गज

9 दिन में सेंसेक्स 3000 अंक टूटा, निफ्टी 25500 के नीचे, अब आगे क्या है फ्यूचर? क्या अब आएगी तेजी

RSI अलर्ट: इन 3 शेयरों में आ सकता है रिवर्सल, टेक्निकल चार्ट कर रहा इशारा, रडार पर रखें स्टॉक्स!