भारतीय शेयर बाजार को 2 लाख करोड़ का दिया झटका, AI कंपनी Anthropic की वैल्यूएशन 34.2 लाख करोड़ पार

AI कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) एक बार फिर सुर्खियों में है. हाल ही में इसके AI दावे से शेयर बाजार में करीब 2 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. अब कंपनी की वैल्यूएशन 34.2 लाख करोड़ रुपये पार पहुंच गई है. सिंगापुर सरकार के निवेश के साथ मिली नई फंडिंग ने इसे दुनिया की सबसे मूल्यवान स्टार्टअप्स में शामिल कर दिया है.

Anthropic

Anthropic Valuation: ग्लोबल IT और सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में Y2K के बाद एक नया ट्रांजिशन पीरियड आया है. यह ट्रांजिशन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का है. लेकिन इस बदलाव का असर सिर्फ इन दो सेक्टरों तक सीमित नहीं है, बल्कि लगभग हर क्षेत्र में इसकी गूंज सुनाई दे रही है. आईटी सेक्टर इन दिनों दबाव में नजर आ रहा है. फरवरी महीने के पहले हफ्ते में एक ऐसी खबर आई जिसने शेयर बाजार में कोहराम मचा दिया. यह खबर AI कंपनी Anthropic से जुड़ी थी.

कंपनी ने दावा किया कि उसने एक ऐसा AI टूल विकसित किया है, जो कॉन्ट्रैक्ट रिव्यू करना, NDA (नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट) की जांच करना, कंप्लायंस वर्कफ्लो संभालना, लीगल ब्रीफ तैयार करना और स्टैंडर्ड जवाब देने जैसे काम कर सकता है. खबर सामने आते ही भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों के लगभग 2 लाख करोड़ रुपये डूब गए.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रही कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) अब दुनिया की सबसे वैल्यूएबल प्राइवेट स्टार्टअप कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो गई है. कंपनी ने हाल ही में बड़ी फंडिंग हासिल करने के बाद अपनी वैल्यूएशन 380 अरब डॉलर (लगभग 34.2 लाख करोड़) बताई है. अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि क्या एंथ्रोपिक, ओपनएआई और स्पेसएक्स इस साल शेयर बाजार में उतरेंगे?

30 अरब डॉलर की नई फंडिंग से बढ़ी ताकत

एंथ्रोपिक ने हाल ही में 30 अरब डॉलर की नई फंडिंग जुटाई है. इस निवेश का नेतृत्व सिंगापुर के सरकारी फंड GIC और अमेरिकी निवेश फर्म Coatue ने किया. इसके अलावा Nvidia और Microsoft ने भी निवेश की घोषणा की थी. माइक्रोसॉफ्ट के साथ कंपनी का एक बड़ा समझौता है, जिसके तहत एंथ्रोपिक भविष्य में करीब 30 अरब डॉलर की कंप्यूटिंग सेवाएं खरीदेगी. कंपनी को Amazon और Google जैसे क्लाउड सेवा मुहैया करने वाली कंपनी का भी समर्थन मिला है.

शेयर बाजार में उतर सकती है ये कंपनी

मिंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, एंथ्रोपिक दुनिया की तीसरी सबसे वैल्यूएबल प्राइवेट कंपनी है. इससे आगे ChatGPT बनाने वाली OpenAI है, जिसकी वैल्यूएशन 500 अरब डॉलर बताई गई है. इन दोनों से आगे एलन मस्क की कंपनी SpaceX है. ये तीनों कंपनियां इस साल संभावित रूप से शेयर बाजार में उतर सकती हैं.

अभी मुनाफा नहीं, लेकिन सेल्स में तेज बढ़ोतरी

एंथ्रोपिक फिलहाल मुनाफे में नहीं है, लेकिन कंपनी का कहना है कि अगले एक साल में उसकी सेल्स 14 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है. कंपनी का चैटबॉट Claude खासतौर पर दफ्तरों और पेशेवर कामों के लिए तैयार किया गया है. इसका उपयोग सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग और अन्य ऑफिस कार्यों में किया जा रहा है.

IPO की तैयारी

एक्सपर्ट का मानना है कि जो कंपनी पहले IPO लाएगी, उसे और अधिक पैसा जुटाने और अपनी छवि मजबूत करने का मौका मिलेगा. हालांकि, शेयर बाजार में आने के बाद कंपनियों को अपनी कमाई और खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक करना होगा. अगर किसी तिमाही में नतीजे कमजोर रहे, तो शेयरों पर इसका असर साफ दिखेगा. एंथ्रोपिक की स्थापना 2021 में OpenAI के पूर्व कर्मचारियों ने की थी.