हो जाएं सावधान, कॉल सेंटर से लोगों को निशाना बना रहे हैं साइबर अपराधी, पटना में बड़े गिरोह का खुलासा, ऐसे करते थे ठगी

पटना में साइबर पुलिस ने अवैध कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है. इस कार्रवाई में 15 महिलाओं समेत 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया. आरोपी बिजनेस सर्विस और आधार सेंटर खोलने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे. पुलिस ने लैपटॉप मोबाइल एटीएम कार्ड और अहम दस्तावेज बरामद किए है.

साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है. Image Credit:

Cyber Fraud: पटना में चल रहे साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है. साइबर पुलिस ने छापेमारी कर अवैध कॉल सेंटरो से जुड़े 22 लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें 15 महिलाए भी शामिल है. यह गिरोह लोगों को बिजनेस सर्विस और आधार सेंटर खोलने का झांसा देकर ठगी करता था. पुलिस के मुताबिक यह नेटवर्क पिछले एक साल से ज्यादा समय से सक्रिय था. बरामद इलेक्ट्रॉनिक सामान से ठगी के पुख्ता सबूत मिले है. पुलिस अब फरार आरोपियो की तलाश में जुटी है.

तीन ठिकानों पर एक साथ पड़ी रेड

बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने पटना के सगुना मोड और रुपासपुर इलाके में स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. यहां से अवैध कॉल सेंटर संचालित किए जा रहे थे. छापेमारी के दौरान कई लोग कॉल करते हुए पकड़े गए.

15 महिलाए भी शामिल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाए मुख्य रूप से कॉल करने का काम करती थी. इन्हें हर महीने 8 से 10 हजार रुपये की सैलरी दी जाती थी. इनका काम लोगों को फोन कर झांसे में लेना और गिरोह के लिए ग्राहक जुटाना था. अधिकतर महिलाए डेटा के आधार पर कॉल करती थी.

कैसे की जाती थी ठगी

गिरोह का मुख्य निशाना साइबर कैफे संचालक होते थे. पहले उनका डेटा डाउनलोड किया जाता था. इसके बाद कॉल कर बिजनेस टू बिजनेस सर्विस और आधार सेंटर खोलने का लालच दिया जाता था. भरोसा जीतने के बाद उनसे पैसे वसूले जाते थे.

लैपटॉप, मोबाइल बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान 19 लैपटॉप, एक डेस्कटॉप 53 मोबाइल फोन और 12 एटीएम कार्ड बरामद किए है. इसके अलावा कई अहम दस्तावेज भी मिले है. पुलिस का कहना है कि यह सामान ठगी में इस्तेमाल किया जाता था.

एक साल से सक्रिय था गिरोह

साइबर पुलिस के मुताबिक यह गिरोह करीब 12 से 18 महीने से सक्रिय था. इतने समय में कई लोगों को निशाना बनाया गया. अब पुलिस बाकी फरार सदस्यों की तलाश कर रही है. जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.