क्या है Korean Lover Game, जिसने ली 3 बेटियों की जान? जानिए कैसे करता है मजबूर, करने होते हैं ये काम
गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. देर रात भारत सिटी सोसायटी की 9वीं मंजिल से छलांग लगाकर तीनों ने जान दे दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वे टास्क-बेस्ड ऑनलाइन गेम, खासकर कोरियन लवर गेम की आदी थीं, जिसे लेकर घर में विवाद हुआ था.
What is Korean Lover Game: मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे, जब गाजियाबाद गहरी नींद में डूबा हुआ था, तब सन्नाटे को चीरती एक चीख ने पूरे इलाके को दहला दिया. यह चीख भारत सिटी सोसायटी की 9वीं मंजिल से आई थी, जहां तीन नाबालिग बहनों ने छलांग लगाकर अपनी जान दे दी. पुलिस और शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये तीनों बहनें टास्क-बेस्ड ऑनलाइन गेम, खासकर एक कोरियन लवर गेम खेलने की आदी थीं.
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात उनके माता-पिता ने उन्हें गेम खेलने से मना किया था, जिसके बाद घर में विवाद हुआ. इसी के बाद तीनों बहनों ने कथित तौर पर सामूहिक आत्महत्या कर ली. मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता से माफी मांगी थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि गेम से जुड़े टास्क की इस दर्दनाक घटना में क्या भूमिका रही.
क्या है कोरियन लवर गेम?
कोरियन लवर गेम एक तरह का रोमांस सिमुलेशन गेम होता है, जिसमें खिलाड़ी कहानी के अंदर मौजूद कोरियन-स्टाइल किरदारों के साथ बातचीत करता है और अपने फैसलों के जरिए कहानी को आगे बढ़ाता है. इसमें खेलना ऐसे होता है कि आपको डायलॉग और विकल्प दिए जाते हैं, जिनमें से चुनकर आप दोस्ती, प्यार या रिश्तों की दिशा तय करते हैं, और उन्हीं चुनावों के आधार पर कहानी और उसका अंत बदल जाता है. ये गेम ज्यादातर मोबाइल पर खेले जाते हैं, आसान कंट्रोल्स और स्टोरी-आधारित होते हैं. इसे वे लोग खेल सकते हैं जिन्हें रोमांटिक कहानियां, K-drama या K-pop जैसी वाइब पसंद हो. आम तौर पर यह टीनएजर्स और वयस्कों के लिए होता है, और कंटेंट हल्का-फुल्का रोमांटिक होता है.
गेम में दिया जाता है टास्क
कोरियन लवर गेम में टास्क ऐसे छोटे-छोटे काम होते हैं जो कहानी को आगे बढ़ाने और किरदारों के साथ रिश्ता मजबूत करने के लिए किए जाते हैं. इनमें आम तौर पर किसी कैरेक्टर से बातचीत करना, सही डायलॉग चुनना, डेट या मीट-अप पूरा करना, मैसेज का जवाब देना, या किसी खास सीन को अनलॉक करना शामिल होता है. कुछ गेम्स में रोजाना लॉग-इन करना, गिफ्ट देना, या मिनी-गेम खेलना भी टास्क होता है. इन टास्क्स को पूरा करने से स्टोरी आगे खुलती है, नए सीन मिलते हैं और अलग-अलग एंडिंग तक पहुंचना संभव होता है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इन तीन बहनों को भी गेम में टास्क मिला था. इस टास्क को पूरा करने में उसने अपनी जान दे दी. हालांकि इस पर अभी स्पष्टता नहीं आई है.
क्या Play Store पर उपलब्ध हैं यह ऐप्स?
जब कोई यूजर प्ले स्टोर पर Korean Lover Game सर्च करता है, तो उसे कई तरह के गेम्स दिखाई देते हैं. इनमें सबसे ऊपर 136 MB का Mystic Messenger आता है, जिसे 50 लाख से अधिक लोग डाउनलोड कर चुके हैं और इसकी रेटिंग 4.1 स्टार है. दूसरे नंबर पर Love Alarm: Your Choice नाम का ऐप दिखाई देता है. वहीं तीसरे नंबर पर 113 MB का K-Pop Dating Game है, जिसे एक लाख से अधिक लोगों ने डाउनलोड किया है. इसके अलावा भी ऐसे कई ऐप्स मौजूद हैं, जिन्हें लाखों यूजर्स डाउनलोड कर चुके हैं. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना किस ऐप की वजह से हुई.




