घर में Starlink का इंटरनेट चलाने के लिए हर महीने 2000-4000 नहीं बल्कि चुकाने होंगे इतने रुपये, कंपनी ने बताई कीमत
एलन मस्क की स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक ने भारत में रेजिडेंशियल प्लान की कीमत की घोषणा कर दी है. मासिक प्लान ₹8,600 और एक-बार हार्डवेयर किट लगवाने के लिए ₹34,000 देने होंगे. अनलिमिटेड डेटा, 30-डे ट्रायल, 99.9% अपटाइम और आसान इंस्टॉलेशन इसकी प्रमुख खूबियां होंगी.
एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक ने भारत में अपना रेजिडेंशियल प्लान आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया है. कंपनी का फोकस उन इलाकों को हाई-स्पीड इंटरनेट देना है जहां आज भी ब्रॉडबैंड नेटवर्क सीमित या अस्थिर है. एलन मस्क ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान कहा था कि स्टारलिंक का नेटवर्क दुनिया भर में तेजी से एक्सपैंड कर रहा है और भारत में लॉन्च एक बड़ी उपलब्धि होगी, क्योंकि यहां अभी भी करोड़ों लोग भरोसेमंद हाई-स्पीड इंटरनेट सर्विस से दूर हैं. भारत स्टारलिंक के ग्लोबल मिशन में अहम भूमिका निभा सकता है.
रेजिडेंशियल पैकेज की कीमत
स्टारलिंक इंडिया वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रेजिडेंशियल पैकेज की कीमत 8,600 रुपये प्रति माह तय की गई है. इसके अलावा सर्विस शुरू करने के लिए 34,000 रुपये एक बार हार्डवेयर किट के लिए चुकाने होंगे. इसमें अनलिमिटेड डेटा और 30 दिन का ट्रायल शामिल है ताकि नए यूजर्स पहले क्वालिटी टेस्ट कर सकें. कंपनी के अनुसार, स्टारलिंक सिस्टम हर मौसम में काम करने के लिए डिजाइन किया गया है और 99.9 प्रतिशत अपटाइम देने का दावा किया गया है. इसे सेटअप करने के लिए किसी टेक्निकल एक्सपर्ट की जरूरत नहीं पड़ती, सिर्फ हार्डवेयर प्लग इन करते ही इंटरनेट चलने लगता है. स्टारलिंक का यह मॉडल खासतौर पर उन घरों और इलाकों के लिए उपयोगी माना जा रहा है जहां अभी तक ब्रॉडबैंड इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं पहुंच पाया है.
बिजेनस प्लान की प्राइसिंग
स्टारलिंक ने भारत में अपने बिजनेस टियर की प्राइसिंग अभी जारी नहीं की है. उम्मीद है कि कंपनी जल्द ही कमर्शियल प्लान और बाकी रोलआउट डिटेल्स भी शेयर करेगी क्योंकि भारत में एंटरप्राइज और एडवांस्ड नेटवर्किंग की डिमांड तेजी से बढ़ रही है.
पिछले महीने शुरू की थी भर्ती
स्टारलिंक का भारत में एंट्री प्लान रफ्तार पकड़ता दिख रहा है. कंपनी ने पिछले महीने लिंक्डइन पर बेंगलुरु ऑफिस के लिए पेमेंट्स मैनेजर, अकाउंटिंग मैनेजर, सीनियर ट्रेजरी एनालिस्ट और टैक्स मैनेजर जैसे पदों पर भर्ती शुरू की थी. माना जा रहा है कि सर्विस लॉन्च होने से पहले देश के कई शहरों में ग्राउंड स्टेशन स्थापित किए जाएंगे ताकि नेटवर्क स्टेबिलिटी और इंटरनेट स्पीड बेहतर रखी जा सके.
Latest Stories
भारत का अपना Apple-Samsung Moment! 2028 तक आएगा देश में डिजाइन और बना स्मार्टफोन
336 दिन की वैलिडिटी और कीमत सिर्फ 1234 रुपए, ये है Jio का सस्ता रिचार्ज प्लान
Redmi Note 17 5G से Realme Narzo 100x 5G तक, इन 3 स्मार्टफोन्स में मिलती है 8000mAh बैटरी
