स्मार्टवॉच या स्मार्ट रिंग? जानें नींद ट्रैक करने के लिए कौन सी डिवाइस है ज्यादा बेहतर

अगर आप अपनी नींद की गुणवत्ता सुधारना चाहते हैं और Sleep Tracking के लिए नया wearable खरीदने की सोच रहे हैं, तो Smart Ring आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है। Smartwatch की तुलना में यह ज्यादा आरामदायक होती है, रात में कम परेशानी पैदा करती है.

Smartwatch vs Smart Ring Image Credit: Money9 Live

क्या आप भी रात में करवटें बदलते रहते हैं? नींद पूरी नहीं होती और सुबह उठने पर थकान महसूस करते हैं? अपनी स्लीप साइकल को सुधारने के लिए आजकल लोग वियरेबल गैजेट्स (स्मार्टवॉच और स्मार्ट रिंग) का खूब सहारा ले रहे हैं. ये गैजेट्स आपकी हार्ट रेट, ब्लड ऑक्सीजन और सोने के समय का सटीक डेटा देते हैं. लेकिन जब बात सिर्फ एक आरामदायक और गहरी नींद को ट्रैक करने की हो, तो बाजी ‘स्मार्ट रिंग’ मार ले जाती है.

जानिए क्यों स्लीप ट्रैकिंग के मामले में स्मार्ट रिंग, स्मार्टवॉच से कहीं बेहतर है.

आराम के मामले में सबसे आगे

स्मार्टवॉच के मुकाबले स्मार्ट रिंग को रात में पहनकर सोना बेहद आसान है. स्मार्टवॉच थोड़ी भारी और बड़ी होती है, जिससे सोते समय कलाई पर खिंचाव या बेचैनी महसूस हो सकती है. इसके उलट, उंगली में एक हल्की सी अंगूठी पहनना बहुत स्वाभाविक लगता है और आपको अहसास भी नहीं होता कि आपने कुछ पहना है.

स्क्रीन के डिस्ट्रैक्शन से मुक्ति

स्मार्टवॉच में एक बड़ी स्क्रीन होती है. रात में सोते समय अगर कलाई थोड़ी भी हिली, तो उसकी लाइट जल उठती है या नोटिफिकेशन वाइब्रेशन आपकी नींद खराब कर सकता है. स्मार्ट रिंग में कोई स्क्रीन नहीं होती, जिससे रात के अंधेरे में कोई भी लाइट आपकी आंखों में नहीं चुभती. यह आपको बिना किसी भटकाव के सुकून की नींद देती है.

सब्सक्रिप्शन का अतिरिक्त खर्च

हालांकि, स्मार्ट रिंग आपके पॉकेट पर ज्यादा भार देती है. जहां Samsung Galaxy जैसे मॉडल 35000 से शुरू होते हैं, वहीं Oura Ring जैसी स्मार्ट रिंग 39000 रुपये से शुरू होती हैं. इसके अलावा, स्मार्ट रिंग का पूरा डेटा देखने के लिए आपको हर महीने सब्सक्रिप्शन फीस देनी पड़ती है.

बिना सब्सक्रिप्शन के आपको ऐप पर पूरा एनालिसिस नहीं दिखेगा. यानी जो डेटा रिंग पहले से ट्रैक कर रही है, उसे देखने के लिए भी आपको अलग से पैसे चुकाने होंगे.

यह भी पढ़ें: सिंगल माल्ट, प्योर माल्ट या ब्लेंडेड व्हिस्की? जानिए आखिर क्या है इन तीनों में असली फर्क

दोनों में से किसे चुनें?

अगर आपका मुख्य मकसद जिम, रनिंग और हैवी फिटनेस एक्टिविटी को ट्रैक करना है, तो फीचर्स के मामले में स्मार्टवॉच बेस्ट है. लेकिन अगर आप सिर्फ अपनी नींद को सुधारना चाहते हैं और बजट की दिक्कत नहीं है, तो स्मार्ट रिंग आपके लिए सबसे बेहतरीन और आरामदायक विकल्प है.

दोनों गैजेट्स एक जैसा डेटा ट्रैक करते हैं, इसलिए दोनों को एक साथ पहनना पैसों की बर्बादी होगी.