इंडिगो के बाद अब एयर इंडिया को बड़ा झटका, CEO कैम्पबेल विल्सन ने दिया इस्तीफा; जानें कौन संभालेगा कमान
एयरलाइंस सेक्टर में हलचल के बीच Air India के CEO ने इस्तीफा दे दिया, कंपनी पहले से ही घाटे और ऑपरेशनल चुनौतियों से जूझ रही है. अब सीईओ क इस्तीफे के बाद एयरलाइन कंपनी की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. इससे पहले हाल ही में इंडिगो के सीईओ ने भी अपने पद से इस्तीफा दिया था.
Air India CEO Resigns: एयरलाइंस इंडस्ट्री में इन दिनों मुसीबतों के बादल छाए हुए है. यही वजह है कि एक के बाद एक एयरलाइन कंपनी के सीईओ अपना पद छोड़ रहे हैं. मार्च में जहां इंडिगो के सीईओ ने अपने पद से इस्तीफा दिया था, वहीं अब एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया को तगड़ा झटका लगा है. मुश्किल दौर से गुजर रही एयर इंडिया के सीईओ कैम्पबेल विल्सन (Campbell Wilson) ने इस्तीफा दे दिया है. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कंपनी कई चुनौतियों से जूझ रही है और इस साल रिकॉर्ड घाटे की आशंका जताई जा रही है. हालांकि वे तब तक अपने पद पर बने रहेंगे जब तक कंपनी नया उत्तराधिकारी नियुक्त नहीं कर लेती.
फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि कंपनी ने नए CEO की तलाश जनवरी में ही शुरू कर दी थी, जब विल्सन ने संकेत दिया था कि वे अपने मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के बाद आगे काम जारी नहीं रखना चाहते. उनका पांच साल का कार्यकाल अगले साल सितंबर तक चलना था, लेकिन उससे पहले ही यह बदलाव तय माना जा रहा है.
एयर इंडिया में विल्सन का सफर
कैम्पबेल विल्सन ने सितंबर 2022 में एयर इंडिया की कमान संभाली थी. यह वही समय था जब टाटा ग्रुप ने एयरलाइन को अपने नियंत्रण में लिया था. उनके नेतृत्व में कंपनी ने ऑपरेशंस को स्थिर करने, अलग-अलग बिजनेस यूनिट्स को इंटीग्रेट करने और एक बड़े ट्रांसफॉर्मेशन प्लान पर काम शुरू किया. विल्सन के कार्यकाल में एयर इंडिया ने अपनी वैश्विक पहचान को फिर से मजबूत करने की दिशा में कई कदम उठाए. कंपनी ने नए विमान खरीदने, सेवाओं को बेहतर बनाने और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को विस्तार देने की योजना पर तेजी से काम किया.
चुनौतियां अभी भी बरकरार
सुधार के कई प्रयासों के बावजूद एयर इंडिया अभी भी कई समस्याओं से घिरी हुई है. बढ़ती फ्यूल कीमतों ने लागत पर भारी दबाव डाला है. सप्लाई चेन की दिक्कतें और विमानों की सीमित उपलब्धता के कारण ऑपरेशंस प्रभावित हुए हैं. इसके अलावा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है, जिससे कंपनी के मुनाफे पर असर पड़ा है. एयर इंडिया इस समय अपने बेड़े के बड़े विस्तार और आधुनिकीकरण कार्यक्रम के बीच में है, जिसे उसके भविष्य के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.
इंडिगो के सीईओ भी कर चुके हैं रिजाइन
एयर इंडिया से कुछ समय पहले IndiGo के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Pieter Elbers ने भी अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने मार्च 2026 में इस्तीफा दिया था. कंपनी के मुताबिक उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से यह फैसला लिया, हालांकि विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई. यह कदम ऐसे समय में आया है जब पिछले साल के अंत में नए पायलट रोस्टर नियमों के कारण हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं, जिससे देशभर में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे थे.
Latest Stories
भारत की रेटिंग Baa3 स्थिर; लेकिन Moody’s ने दी ग्रोथ और महंगाई पर बड़ी चेतावनी; रुपये को लेकर कही ये बात
ट्रंप ने फिर दी धमकी, कहा- एक रात में खत्म हो सकता है ईरान… और शायद ऐसा कल ही हो
मार्च में कैसा रहा थाली का खर्च, वेज और नॉन वेज में कौन हुआ महंगा , कीमत का पूरा हिसाब
