देश के सबसे सफल फर्स्ट जेन बिजनेसमैन करते हैं ये कारोबार, हुरून लिस्ट की टॉप-20 में जानें कौन नंबर वन
Hurun India की रिपोर्ट के अनुसार, अडानी परिवार 14 लाख करोड़ रुपये के वैल्यूएशन के साथ सबसे मूल्यवान पहले पीढ़ी के परिवार व्यवसाय की सूची में शीर्ष पर है. इसके बाद पूनावाला और दिवि परिवार जैसे दिग्गज फार्मा, हेल्थकेयर और एनर्जी सेक्टर में अपनी ताकत दिखा रहे हैं.
Hurun First Generation Top Business Family: भारत के बिजनेस जगत में पहली पीढ़ी के परिवारों की एक खास पहचान है, जिन्होंने अपने दम पर बड़े-बड़े व्यापारिक साम्राज्य खड़े किए हैं. Hurun India की ताजा रिपोर्ट “Most Valuable Family Businesses List” में भी यही बात साफ झलकती है. इस सूची में उन परिवारों को शामिल किया गया है, जिन्होंने पहली पीढ़ी में ही इंडस्ट्री की ऊंचाइयों को छुआ और अब उनकी अगली पीढ़ी भी इस बिजनेस को आगे बढ़ा रही है.
इस इंडस्ट्री का है बोलबाला
हुरून इंडिया की इस लिस्ट में पहली पीढ़ी के टॉप 20 नामों में केवल दो ही ऐसे सेक्टर हैं जिनका बोलबाला है. फार्मास्युटिकल और हेल्थकेयर. हुरून लिस्ट में इन दोनों सेक्टरों के कुल 9 बिजनेस शामिल हैं. 5 फार्मास्युटिकल और 4 हेल्थकेयर. बाकी के बचे 11 कारोबारों में रियल एस्टेट, मेटल्स और माइनिंग, एनर्जी, कंस्ट्रक्शन और इजीनियरिंग जैसे सेक्टर शामिल हैं.
सबसे ऊपर किसका नाम?
सूची में सबसे ऊपर अडानी परिवार है, जिसकी अगुवाई गौतम अडानी कर रहे हैं. अडानी समूह की कंपनियां जैसे अडानी इंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट्स, और दूसरे ग्रुप की कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैप लगभग 14 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. यह वैल्यूएशन भारत के किसी भी पहले पीढ़ी के परिवार व्यवसाय के लिए अब तक का सबसे बड़ा है. अडानी परिवार ने ऊर्जा, पोर्ट्स, और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे महत्वपूर्ण सेक्टर्स में अपने मजबूत कदम जमाए हैं और देश की आर्थिक प्रगति में बड़ा योगदान दिया है. गौतम अडानी की अगुवाई में यह समूह निरंतर विस्तार कर रहा है और नई तकनीकों तथा सेक्टरों में निवेश बढ़ा रहा है.
दूसरे स्थान पर पूनावाला
दूसरे नंबर पर पूनावाला परिवार है, जिसका नाम खास तौर पर सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के लिए जाना जाता है. इस कंपनी का वैल्यूएशन लगभग 2.3 लाख करोड़ रुपये बताया गया है. सीरम इंस्टिट्यूट दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता कंपनी है, जिसने वैश्विक स्वास्थ्य संकट के समय में अहम भूमिका निभाई. पूनावाला परिवार ने न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में योगदान दिया है.
तीसरे स्थान पर कौन?
तीसरे स्थान पर दिवि परिवार का नाम आता है, जो फार्मास्यूटिकल सेक्टर में काम करती है. दिवि लैबोरेटरीज, जो मुरली के दिवि के नेतृत्व में है, का वैल्यूएशन 1.8 लाख करोड़ रुपये के करीब है. यह कंपनी खासकर फार्मास्यूटिकल इनोवेशन, प्रोडक्शन और एक्सपोर्ट में एक बड़ी ताकत बन चुकी है.
और कौन है लिस्ट में?
इस सूची में दूसरे अहम परिवारों में नुवाल परिवार शामिल है, जो सोलर इंडस्ट्रीज के जरिए एनर्जी सेक्टर में कार्यरत है और इसका वैल्यूएशन 1.6 लाख करोड़ रुपये के आसपास है. रेड्डी परिवार, जो अपोलो हॉस्पिटल्स के जरिए हेल्थकेयर क्षेत्र में प्रसिद्ध है, लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के मूल्य के साथ सूची में है. वहीं, ग्रांधी परिवार जीएमआर के जरिए इंफ्रास्ट्रक्चर और एविएशन सेक्टर में 98,300 करोड़ रुपये के कारोबार के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराता है.
रैंक | परिवार का नाम | कंपनी | वैल्यूएशन (रु. करोड़ में) | संस्थापक का नाम | इंडस्ट्री सेक्टर |
---|---|---|---|---|---|
1 | अडानी परिवार | अडानी एंटरप्राइज | 14,01,100 | गौतम अडानी | एनर्जी |
2 | पूनावाला परिवार | सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया | 2,28,000 | साइरस पूनावाला | फार्मास्यूटिकल्स |
3 | दिवि परिवार | दिवि लैबोरेटरीज | 1,80,900 | मुरली के दिवि | फार्मास्यूटिकल्स |
4 | नुवाल परिवार | सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया | 1,59,200 | सत्यानारायण नंदलाल नुवाल | केमिकल्स और पेट्रोकेमिकल्स |
5 | रेड्डी परिवार | अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज | 1,04,200 | प्रथप सी. रेड्डी | हेल्थकेयर |
6 | ग्रांधी परिवार | जीएमआर | 98,300 | ग्रांधी मल्लिकार्जुन राव | कंस्ट्रक्शन और इंजीनियरिंग |
7 | रेड्डी परिवार | मेघा इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर | 85,300 | पी.पी. रेड्डी | कंस्ट्रक्शन और इंजीनियरिंग |
8 | चुडगर परिवार | इंटस फार्मास्यूटिकल्स | 58,900 | हसमुख चुडगर | फार्मास्यूटिकल्स |
9 | कल्याणरामन परिवार | कल्याण ज्वैलर्स इंडिया | 57,400 | टी.एस. कल्याणरामन | ज्वेलरी |
10 | शेट्टी परिवार | नारायणा हृदयालय | 44,400 | देवी शेट्टी | हेल्थकेयर |
11 | इंजीनियर परिवार | एस्ट्राल | 40,500 | संदीप इंजीनियर | इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स |
12 | पटेल परिवार | निर्मा | 35,300 | करसनभाई पटेल | एफएमसीजी |
13 | हिरानंदानी परिवार | हिरानंदानी कम्युनिटीज | 33,000 | निरंजन हिरानंदानी | रियल एस्टेट |
14 | अग्रवाल परिवार | श्याम मेटालिक्स एंड एनर्जी | 32,900 | महाबीर प्रसाद अग्रवाल | मेटल्स और माइनिंग |
15 | अग्रवाल परिवार | अजंता फार्मा | 32,200 | मन्नालाल, पुरुषोत्तम, मधुसूदन अग्रवाल | फार्मास्यूटिकल्स |
16 | मूपेन परिवार | डीएम हेल्थकेयर | 30,900 | आजाद मूपेन | हेल्थकेयर |
17 | मुनोट परिवार | कल्पतरु | 29,600 | मफतराज पी. मुनोट | रियल एस्टेट |
18 | खोराकिवाला परिवार | वोकहार्ड्ट | 27,900 | हबील एफ. खोराकिवाला | फार्मास्यूटिकल्स |
19 | शंकर परिवार | ब्रिगेड एंटरप्राइजेज | 27,200 | मैसूर रामचंद्रसेट्टी जयशंकर | रियल एस्टेट |
20 | बोल्लिनेनी परिवार | कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज | 27,000 | भास्कर राव बोल्लिनेनी | हेल्थकेयर |
ये भी पढे़ं- लगातार दूसरे दिन टूटा सोने का भाव, चांदी की चमक भी फीकी; जानें अब 10 ग्राम सोने की क्या है कीमत