दिल्ली-यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में हीटवेव का कहर हुआ शुरू, 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा; कब बदलेगा मौसम का मिजाज?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आने वाले 3 से 4 दिन बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं. 24 से 27 अप्रैल के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी है. हालांकि 28 से 30 अप्रैल के बीच तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Salman Ali/HT via Getty Images

IMD Weather Update: उत्तर भारत में गर्मी लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंचती जा रही है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और हीटवेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आने वाले 3 से 4 दिन बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं, हालांकि अप्रैल के अंत तक कुछ राहत के संकेत भी दिखाई दे रहे हैं.

दिल्ली में क्या है हाल?

दिल्ली में 24 से 27 अप्रैल के बीच मौसम साफ से आंशिक बादलों वाला रहेगा, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिलेगी. अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री तक रहने का अनुमान है. हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी और रात में भी गर्मी (Warm Night) लोगों को परेशान करेगी. 25 और 26 अप्रैल को तेज हवाएं (25–35 किमी/घंटा) चल सकती हैं, लेकिन इससे भी तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा. 27 अप्रैल को हल्की गरज-चमक के साथ मौसम बदलने की संभावना है, जिससे राहत की शुरुआत हो सकती है.

उत्तर प्रदेश में बढ़ती तपिश

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर तेज है. 24 से 27 अप्रैल के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी है. हालांकि 28 से 30 अप्रैल के बीच तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है. इस दौरान आंधी-तूफान और हल्की बारिश भी हो सकती है.

बिहार में मौसम का बदलता मिजाज

बिहार में अभी गर्मी के साथ उमस भी लोगों को परेशान कर रही है. 24 से 25 अप्रैल तक तापमान ऊंचा रहेगा, लेकिन 26 से 30 अप्रैल के बीच गरज-चमक, तेज हवाएं (50–70 किमी/घंटा तक) और बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में आंधी और तूफान के साथ मौसम अचानक बदल सकता है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.

हीटवेव का असर और सावधानियां

मौसम विभाग के अनुसार, यह गर्मी सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा है, जिससे खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खतरा हो सकता है, ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि:

  • धूप में कम निकलें.
  • हल्के और ढीले कपड़े पहनें.
  • पर्याप्त पानी पीते रहें.
  • सिर को ढककर रखें.

कब मिलेगी राहत ?

IMD के मुताबिक, 28 अप्रैल के बाद उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है. दिल्ली, यूपी और बिहार में आंधी, बादल और हल्की बारिश के कारण गर्मी से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं.

इसे भी पढ़ें- 30 मई से बंद होगा X का ये खास फीचर, अब ‘Custom Timelines’ से बदलेगा पूरा एक्सपीरियंस; जानें कैसे करेगा काम