मार्च की शुरुआत में ही तेज हुई गर्मी, UP समेत कई राज्यों में पारा चढ़ेगा सामान्य से 8 डिग्री तक ऊपर, जानें देशभर के मौसम का हाल

मार्च के शुरुआती दिनों में ही देश के कई हिस्सों में गर्मी तेज हो गई है और कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में कुछ क्षेत्रों में गिरावट भी देखी जा सकती है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Raj K Raj/HT via Getty Images

IMD Weather Update: मार्च की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में गर्मी ने तेजी पकड़ ली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर भारत से लेकर मध्य और पश्चिमी भारत तक कई जगहों पर तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है. वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 7 से 12 मार्च के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है.

कई राज्यों में 37 से 40°C तक पहुंचा तापमान

पिछले 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान काफी ऊंचा दर्ज किया गया. महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कई स्थानों पर तापमान 37 से 40°C के बीच रहा. इसके अलावा राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में भी तापमान इसी दायरे में दर्ज किया गया. ओडिशा के झारसुगुड़ा में 39.6°C तापमान दर्ज किया गया, जो देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक रहा. इसके अलावा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी तापमान काफी ऊंचा दर्ज किया गया.

उत्तर भारत में सामान्य से 8–12°C ज्यादा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. राजस्थान और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में भी तापमान 4 से 7 डिग्री अधिक रहा. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया. उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 1 से 3 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया.

अगले 7 दिनों तक यूपी में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में अधिकतम तापमान में अगले 5 दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है. इसके कारण राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर से लेकर काफी ऊपर तक रह सकता है.

वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले 2 से 3 दिनों के दौरान लगभग 2 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके बाद इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है. इसके चलते राज्य में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रह सकता है.

पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक इस समय कई मौसम प्रणालियां एक्टिव हैं. एक ऊपरी हवा का चक्रवाती सर्कुलेशन उत्तर-पश्चिम ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है. इसके अलावा एक दूसरे चक्रवाती सर्कुलेसन बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्र में एक्टिव है. वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और पाकिस्तान के आसपास एक्टिव है, जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ मध्य ट्रोपोस्फियर स्तर में देखा जा रहा है. इनके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर में 6 से 12 मार्च, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7 से 12 मार्च के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है.

इन राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की है. ओडिशा में 7 से 9 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
,इसके अलावा झारखंड में 8 और 9 मार्च, बिहार में 9 से 11 मार्चगंगीय पश्चिम बंगाल में 9 और 10 मार्च, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 से 10 मार्च, के दौरान बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है.

दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम ?

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 33°C से 35°C और न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C के बीच दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार यह तापमान सामान्य से काफी ऊपर है. 6 से 9 मार्च 2026 के दौरान दिल्ली में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 33°C से 35°C और न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C के बीच रहने की संभावना है. इस दौरान हवा की दिशा अलग-अलग समय पर उत्तर-पश्चिम, दक्षिण और पश्चिम की ओर से चलने की संभावना जताई गई है.

इसे भी पढ़ें- कभी इराक कभी ईरान, खाड़ी युद्ध से भारतीयों पर कितना रिस्क, 1990 से कैसे अलग है 2026 के हालात-ए-जंग