18 फरवरी को UP–हरियाणा समेत 7 राज्यों में बारिश का अलर्ट, ओले गिरने के साथ तेज आंधी के भी आसार

IMD के मुताबिक, मौसम सिस्टम एक्टिव रहने से पश्चिमी हिमालयी इलाकों में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 18 फरवरी को मौसम बदला-बदला रह सकता है. उत्तराखंड में 18–19 फरवरी को ऐसी ही गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Sunil Ghosh/HT via Getty Images

IMD Weather Update: उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से 17 और 18 फरवरी को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की भी संभावना है.

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के संकेत

मौसम सिस्टम एक्टिव रहने से पश्चिमी हिमालयी इलाकों में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 17–18 फरवरी को मौसम बदला-बदला रह सकता है. उत्तराखंड में 18–19 फरवरी को ऐसी ही गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

मैदानी इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी हिस्सों में 17 से 18 फरवरी को हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. हरियाणा, पश्चिमी यूपी, राजस्थान और निकोबार इलाके में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम मध्य प्रदेश में 18 फरवरी को थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी के संकेत हैं.

पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान में ओलों की आशंका

मौसम विभाग ने 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई है. ओलों से फसलों, बागवानी और पेड़ों को नुकसान का खतरा बढ़ सकता है. पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2–4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है। हालांकि 17–18 फरवरी को बारिश के चलते थोड़ी राहत मिल सकती है.

पिछले 24 घंटों में तापमान कैसा रहा?

पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 0°C से नीचे रहा. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में यह 6°C तक दर्ज किया गया. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में न्यूनतम तापमान 7–12°C के बीच रहा. मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2°C बांदा (पूर्वी उत्तर प्रदेश) में रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 36.4°C कोच्चि (केरल) में दर्ज किया गया.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल?

17 फरवरी को दिन में आसमान साफ से आंशिक बादल वाला और शाम तक बादल छाए रहने की संभावना है. रात में हल्की धुंध रह सकती है. अधिकतम तापमान 29–31°C के बीच रह सकता है. 18 फरवरी को बादल छाए रहने, बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं. तापमान 26–28°C के बीच रहने का अनुमान है.

इसे भी पढ़ें- जनवरी में बेरोजगारी दर बढ़कर 5% हुई, ग्रामीण इलाकों में ज्यादा असर, जानें महिलाओं की कैसी रही स्थिति