TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

8th Pay Commission: फिटमेंट फैक्‍टर 2.46 लागू हुआ तब भी डबल नहीं होगी सैलरी, ये चीजें बिगाड़ेंगी पूरा खेल, रिपोर्ट में दावा

8वें वेतन आयोग के लिए सरकार से मिली मंजूरी के बाद से अभी तक इसे अमल में नहीं लाया गया है. कर्मचारी दोगुनी सैलरी बढ़ने की उम्‍मीद कर रहे हैं, लेकिन क्‍या आपको पता है आपकी सैलरी बढ़ने के पीछे कई फैक्‍टर शामिल होते हैं, तो कौन-सी हैं वो चीजें, यहां करें चेक.

8वें वेतन आयोग में कितनी बढ़ेगी सैलरी Image Credit: freepik

8th Pay Commission: सरकार की ओर से 8वें वेतन आयोग को मंजूरी मिलने के बाद से ही सरकारी कर्मचारी सैलरी बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि अभी तक इसकी तारीख तय नहीं हुई है. मगर वे वेतन के दोगुने होने की आस लगाए हैं. मगर क्‍या आपने गौर किया कि वेतन आयोग लागू होने के बावजूद सैलरी उम्‍मीद से कम बढ़ती है. इसके पीछे फिटमेंट फैक्टर एक अहम कारण होता है. तो क्‍या है इसका गणित यहां समझें पूरी डिटेल.

फिटमेंट फैक्टर का क्या है गणित?

फिटमेंट फैक्टर एक ऐसा को-एफिसिएंट (गुणांक) है, जिसे मौजूदा बेसिक सैलरी से मल्‍टीप्‍लाई करके नई बेसिक सैलरी तय की जाती है. 7वें वेतन आयोग में यह फैक्टर 2.57 था, जिसके चलते न्यूनतम सैलरी 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हो गई थी. लेकिन इससे पूरी सैलरी 2.57 गुना तक नहीं बढ़ी थी. असल में उस समय कुल सैलरी में औसतन सिर्फ 14.3% की बढ़ोतरी हुई थी. ऐसा इसलिए, क्योंकि फिटमेंट फैक्टर सिर्फ बेसिक सैलरी पर लागू होता है, और महंगाई भत्ता (DA) व अन्य भत्तों का हिसाब बाद में होता है.

8वें वेतन आयोग में क्या होगा?

हाल ही में एम्बिट कैपिटल की एक रिपोर्ट ने 8वें वेतन आयोग के लिए फिटमेंट फैक्टर 1.83 से 2.46 के बीच रहने का अनुमान लगाया है. यानी अगर किसी कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है, तो नई सैलरी 91,500 रुपये से 1,23,000 रुपये के बीच हो सकती है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आपकी पूरी सैलरी इतनी ही बढ़ जाएगी. दरअसल जब 8वां वेतन आयोग लागू होगा, तो DA को बेसिक सैलरी में एडजस्‍ट कर इसे रीसेट किया जाएगा. इसके बाद दूसरे भत्ते भी नई बेसिक सैलरी के आधार पर तय होंगे.

एम्बिट की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर फिटमेंट फैक्टर 2.46 भी हो, तो कुल सैलरी में बढ़ोतरी सिर्फ 30% से 34% के बीच होगी. वहीं कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के अनुसार अगर सरकार फिटमेंट फैक्टर को न्यूनतम 1.8 रखती है, तो सैलरी में बढ़ोतरी सिर्फ 13% तक सीमित रह सकती है. ऐसे में उन लोगों को मायूसी हाथ लग सकती है जो 2 या 2.5 गुना यानी सैलरी के दोगुने होने की उम्मीद कर रहे हैं.

अभी तक लागू हुए वेतन आयोग में कितनी बढ़ी सैलरी

वेतन आयोगफिटमेंट फैक्टरअनुमानित वेतन वृद्धिवास्तविक वृद्धि
6वां1.8686%20-25%
7वां2.57157%14.3%
8वां (अनुमानित)1.83-2.4683%-146%30-34% (एम्बिट), 13% (कोटक) की रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक

यह भी पढ़ें: 11 अगस्‍त से खुलेगा हार और कंगन बनाने वाली कंपनी का IPO, 1540 करोड़ जुटाना लक्ष्‍य, जानें कहां पहुंचा GMP

जारी नहीं हुआ ToR

अभी तक सरकार ने 8वें वेतन आयोग के लिए आधिकारिक टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) जारी नहीं किए हैं. यह प्रक्रिया 7वें वेतन आयोग की तुलना में देरी से आगे बढ़ रही है. पहले माना जा रहा था कि 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से लागू होगा, लेकिन मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक अब आयोग के सदस्यों की नियुक्ति और अधिसूचना में देरी को देखते हुए यह 2027 तक खिसक सकता है.