इमरजेंसी में काम आएगा अपना ही पैसा! PPF पर कम ब्याज में ऐसे मिलता है लोन, जानें कैसे उठाएं फायदा

PPF पर लोन एक ऐसा संतुलित रास्ता देता है, जहां आप अपने बचत को पूरी तरह तोड़ते नहीं हैं और साथ ही महंगे कर्ज से भी बच सकते हैं. यह सुविधा छोटी जरूर है, लेकिन सही समय और जरूरत पर इस्तेमाल की जाए तो काफी काम की साबित हो सकती है.

पीपीएफ लोन Image Credit: Soumyabrata Roy/NurPhoto via Getty Images

अक्सर लोग Public Provident Fund (PPF) को एक ऐसी स्कीम मानते हैं, जिसमें पैसा लंबे समय के लिए लॉक हो जाता है और जरूरत पड़ने पर उसे निकालना आसान नहीं होता. यही वजह है कि अचानक पैसे की जरूरत पड़ने पर लोग या तो दूसरे विकल्प तलाशते हैं या फिर आंशिक निकासी के बारे में सोचते हैं. लेकिन PPF में एक ऐसा विकल्प भी मौजूद है, जिस पर ज्यादा चर्चा नहीं होती और वह है PPF यानी पब्लिक प्रोविडेंट फंड पर लोन.

यह एक ऐसा तरीका है जिसमें आप अपनी ही बचत के आधार पर पैसा उधार लेते हैं, जबकि आपका निवेश जारी रहता है और उस पर ब्याज भी मिलता रहता है.

कब ले सकते हैं PPF पर लोन?

PPF पर लोन लेने का विकल्प हमेशा उपलब्ध नहीं रहता है. यह सुविधा केवल एक सीमित समय के लिए मिलती है यानी
अकाउंट खुलने के तीसरे वित्त वर्ष से लेकर छठे वित्त वर्ष तक. अगर यह समय निकल गया, तो फिर लोन का विकल्प खत्म हो जाता है और उसकी जगह आंशिक निकासी के नियम लागू हो जाते हैं. यानी यह सिर्फ सुविधा जानने की बात नहीं है, बल्कि सही समय पर इसका इस्तेमाल करना भी उतना ही जरूरी है.

कितना लोन मिल सकता है?

  • PPF पर मिलने वाला लोन सीमित रखा गया है. इसके तहत्,
  • आप अपने PPF बैलेंस का अधिकतम 25 फीसदी तक ही लोन ले सकते हैं.
  • यह 25 फीसदी भी आपके वर्तमान बैलेंस पर नहीं, बल्कि दो साल पहले के बैलेंस के आधार पर तय होता है.
  • इस वजह से असल में मिलने वाली रकम अक्सर उम्मीद से कम लग सकती है.
  • सरल शब्दों में, यह स्कीम बड़ी रकम निकालने के लिए नहीं, बल्कि थोड़ी वित्तीय राहत देने के लिए बनाई गई है.

ब्याज दर बनाती है इसे खास?

  • PPF लोन का सबसे बड़ा फायदा इसकी ब्याज दर है.
  • इस पर ब्याज आमतौर पर PPF ब्याज दर से सिर्फ 1 फीसदी ज्यादा होता है.
  • आज के समय में जहां पर्सनल लोन और क्रेडिट कार्ड पर ब्याज काफी ज्यादा होता है, वहां यह विकल्प काफी सस्ता साबित होता है. हालांकि, इसमें एक संतुलन भी है. जिस हिस्से पर आपने लोन लिया है, वह रकम उतनी प्रभावी तरीके से रिटर्न नहीं देती जब तक आप उसे वापस नहीं करते.

चुकाने का तरीका कितना आसान है?

  • PPF लोन को चुकाने के लिए आपको 3 साल तक का समय मिलता है.
  • आप इसे किस्तों में चुका सकते हैं.
  • या एक साथ पूरा पेमेंट भी कर सकते हैं.
  • आमतौर पर लोग पहले प्रिंसिपल चुकाते हैं और फिर ब्याज का पेमेंट करते हैं.
  • लेकिन अगर तय समय से ज्यादा देर हो जाए, तो ब्याज दर काफी बढ़ जाती है.

इसे भी पढ़ें- धाक जमाने आ गई Royal Enfield की पहली इलेक्ट्रिक बाइक, एक बार चार्ज करने पर चलेगी 154 KM