क्या 2,000 रुपये तक पहुंच सकता है SBI का शेयर? पिछले 3 साल में दे चुका है 129 फीसदी रिटर्न

SBI का शेयर मजबूत नतीजों और 70% से ज्यादा रैली के बाद चर्चा में है कि क्या यह 2,000 रुपये तक पहुंच सकता है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि लगातार मुनाफा, लोन ग्रोथ और बेहतर एसेट क्वालिटी से लंबी अवधि में यह स्तर संभव है लेकिन आगे की तेजी धीरे-धीरे और समय लेकर आ सकती है.

SBI Image Credit: Canva, tv9

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का शेयर पिछले कुछ सालों में निवेशकों के लिए शानदार रिटर्न देने वाला साबित हुआ है. 17 फरवरी 2023 को जहां शेयर का भाव करीब 530.65 रुपये था वहीं 17 फरवरी 2026 तक यह बढ़कर लगभग 1222 रुपये पर पहुंच गया है. इस दौरान शेयर ने करीब 129% का एब्सल्यूट रिटर्न दिया और तीन साल का सालाना कंपाउंड रिटर्न (CAGR) करीब 31.9% रहा. वहीं, इसमें पिछले एक साल में करीब 70% की तेजी आई है. मजबूत क्रेडिट ग्रोथ, बेहतर एसेट क्वालिटी और रिकॉर्ड मुनाफे के चलते बैंक का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है. ऐसे में सवाल यह है कि क्या SBI का शेयर भविष्य में 2,000 रुपये तक पहुंच सकता है? आइये समझते हैं.

बैंक के फायनेंशियल्स

SBI देश का सबसे बड़ा सार्वजनिक क्षेत्र का (PSU) बैंक है जिसके पास 22,000 से ज्यादा शाखाएं और 63,000 से अधिक एटीएम हैं. बैंक 25 से ज्यादा देशों में भी मौजूद है. वित्तीय आंकड़ों पर नजर डालें तो FY23 में बैंक का नेट प्रॉफिट 5.56 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर FY25 में 7.75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया. नेट इंटरेस्ट इनकम भी FY23 के 16.08 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर FY25 में 18.99 लाख करोड़ रुपये रही. दिसंबर तिमाही (Q3FY26) में बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर बढ़कर 21,876 करोड़ रुपये रहा, जबकि नेट इंटरेस्ट इनकम 51,807 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. वहीं, ग्रॉस एनपीए 2.07% से घटकर 1.57% पर आ गया है जो एसेट क्वालिटी में सुधार दिखाता है.

2000 रुपये तक जाने के लिए क्या है जरुरी

‘इक्विटी मास्टर’ ने एक्सपर्ट्स के हवाले से बताया है कि अगर SBI को मौजूदा स्तर से 2,000 रुपये तक पहुंचना है तो लगातार मजबूत कमाई और लोन ग्रोथ जरूरी होगी. रिटेल, एग्री और MSME सेगमेंट में लोन डिमांड मजबूत बनी हुई है, जो बैंक की आय बढ़ाने में मदद कर सकती है. डिजिटल प्लेटफॉर्म YONO और टेक्नोलॉजी निवेश से बैंक की लागत घटाने और फीस इनकम बढ़ाने में भी मदद मिल रही है.

हालांकि चुनौतियां भी कम नहीं हैं. जमा जुटाने की प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है और ब्याज दरों में संभावित कटौती से मार्जिन पर दबाव आ सकता है. फिनटेक कंपनियों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा और आर्थिक सुस्ती का असर भी बैंकिंग सेक्टर पर पड़ सकता है. SBI के मजबूत फंडामेंटल और स्थिर ग्रोथ इसे लंबी अवधि में सहारा देंगे, लेकिन तेज रैली के बाद शेयर में आगे बढ़त धीरे-धीरे और सीमित रह सकती है.

ब्रोकरेज के टारगेट

ब्रोकरेज हाउसटारगेट प्राइस (₹)
Jefferies1,300
Motilal Oswal1,300
Emkay Global1,225
BOB Capital1,279

इसे भी पढ़ें: इस इंफ्रा कंपनी को मिला ₹2,163 करोड़ का मेगा ऑर्डर, तमिलनाडु में बनाएगी 4-लेन एलिविटेड कॉरिडोर, शेयर पर रखें नजर


डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.