USA-ईरान युद्ध के बीच क्रैश हुए ड्रोन स्टॉक, 5% तक की बड़ी गिरावट

अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच भारतीय बाजार में गिरावट का असर ड्रोन कंपनियों के शेयरों पर भी दिखा. Droneacharya, Drone Destination, Zen Technologies और RattanIndia Enterprises जैसे स्टॉक्स 1% से 5% तक टूट गए. युद्ध में ड्रोन तकनीक की अहम भूमिका के कारण इस सेक्टर के शेयर निवेशकों की नजर में बने हुए हैं.

ड्रोन शेयर Image Credit: AI

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव का असर वैश्विक बाजारों के साथ-साथ सोमवार को भारतीय शेयर बाजार के अलग-अलग सेक्टरों में भी देखने को मिला. इस दौरान निफ्टी और सेंसेक्स में बड़ी गिरावट देखने को मिली. ड्रोन से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में सोमवार को बड़ी गिरावट हुई और कुछ स्टॉक्स में करीब 5% तक की गिरावट दर्ज की गई.

किन ड्रोन स्टॉक्स में गिरावट

Droneacharya

सोमवार को बाजार में कमजोरी के बीच Droneacharya Aerial Innovations का शेयर लगभग 3.92% गिरकर ₹31.60 पर पहुंच गया. 2017 में स्थापित Droneacharya Aerial Innovations Ltd ड्रोन संचालन प्रशिक्षण, ड्रोन की आपूर्ति और मेंटेनेंस सेवाएं, तथा मैनेजमेंट कंसल्टेंसी और ट्रेनिंग सेवाएं प्रदान करती है.

Drone Destination

वहीं Drone Destination Limited का शेयर भी 3.75% की गिरावट के साथ ₹47.50 पर कारोबार करता नजर आया. Drone Destination Limited भारत की एक ड्रोन-एज-ए-सर्विस (DaaS) और ड्रोन ट्रेनिंग प्रदान करने वाली कंपनी है. यह कंपनी विभिन्न प्रकार के ड्रोन जैसे मल्टीरोटर, फिक्स्ड विंग, हाइब्रिड UAV, e-VTOL, UAS, SUAV, RPV, RPAS, UWV और UGV के ट्रेडिंग, संचालन, निर्माण, मरम्मत, किराये की सेवाएं और प्रशिक्षण के व्यवसाय में लगी हुई है.

Zen Technologies

इसी तरह ड्रोन और डिफेंस टेक्नोलॉजी से जुड़ी एक और प्रमुख कंपनी Zen Technologies का शेयर भी दबाव में रहा और यह करीब 1.30% गिरकर ₹1,342.20 पर आ गया. Zen Technologies Limited (NSE: ZENTEC) की स्थापना 1993 में हुई थी और इसका मुख्यालय हैदराबाद, भारत में स्थित है. यह कंपनी उन्नत डिफेंस ट्रेनिंग सिमुलेटर और काउंटर-ड्रोन सिस्टम (CUAS) के डिजाइन और निर्माण में अग्रणी है. कंपनी दुनियाभर में सशस्त्र बलों, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सेवाएं देती है और इसके पास 40 से अधिक प्रोडक्ट्स हैं, जिनमें लाइव, वर्चुअल और कंस्ट्रक्टिव ट्रेनिंग सॉल्यूशंस शामिल हैं.

RattanIndia

इसके अलावा ड्रोन से जुड़े बिजनेस में सक्रिय RattanIndia Enterprises के शेयर में भी तेज गिरावट देखी गई और यह 5.03% टूटकर ₹27.36 पर आ गया. RattanIndia Enterprises Limited (पहले RattanIndia Infrastructure Limited) रतनइंडिया ग्रुप की नई पीढ़ी के ग्रोथ बिजनेस की प्रमुख कंपनी है. यह कंपनी टेक-फोकस्ड बिजनेस में ई-कॉमर्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, फिनटेक और ड्रोन जैसे नए युग के सेक्टर शामिल है.

युद्ध में ड्रोन की अहम भूमिका

दरअसल, मिडिल ईस्ट में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं. ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कई सैन्य ठिकानों और रणनीतिक स्थानों को निशाना बनाया है. इस संघर्ष में ड्रोन तकनीक और आधुनिक युद्ध प्रणालियों की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है, जिसके चलते निवेशकों की नजर ड्रोन सेक्टर से जुड़े शेयरों पर बनी हुई है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.