Stock Market Today: शेयर बाजार में हाहाकार, निफ्टी 450 और सेंसेक्स 1450 अंक टूटे, निवेशकों के 9 लाख करोड़ रुपये डूबे
एक दिन पहले आई जोरदार तेजी के बाद 2 अप्रैल को शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही. वैश्विक संकेतों और मुनाफावसूली के दबाव में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों गिरावट के साथ खुले. शुरुआती कारोबार में ही बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों की सतर्कता बढ़ गई और बाजार का रुख नकारात्मक नजर आया.
Stock Market Today: एक दिन की तेजी के बाद 2 अप्रैल को शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला. प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स, सेंसेक्स और निफ्टी, दोनों ही कमजोरी के साथ खुले. Sensex 72,262 अंक के करीब खुला वहीं Nifty50 22,382 अंक पर कारोबार करना शुरू किया. सुबह 9:20 बजे बीएसई सेंसेक्स 1,450 अंकों की गिरावट के साथ 71,672 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 50 में 450 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद यह 22,220 के आसपास ट्रेड कर रहा था. इस गिरावट के बाद निवेशकों के 9 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. हलांकि बाजार बाद में रिकवर किया और निवेशकों के 8.56 लाख करोड़ रुपये डूबे.
सेंसेक्स के शेयरों का हाल
बाजार में व्यापक दबाव देखने को मिला, जहां अधिकांश दिग्गज शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. आईटी, बैंकिंग, मेटल और ऑटो सेक्टर में भारी बिकवाली देखने को मिली. एसबीआई, एनटीपीसी, अदानी पोर्ट्स, इंडिगो और सन फार्मा जैसे शेयरों में 3% से 4% तक की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, एचसीएल टेक हल्की बढ़त के साथ ग्रीन जोन में रहा.

डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा में थोड़ी रिकवरी देखने को मिली है. मौजूदा एक्सचेंज रेट के अनुसार, 1 अमेरिकी डॉलर (USD) की कीमत लगभग 93.2175 भारतीय रुपये (INR) के बराबर है. इससे पहले रुपया 1 डॉलर के मुकाबले 95 रुपये के स्तर के पार तक पहुंच गया था. लगभग 1.54% की रिकवरी के बाद रुपया डॉलर के मुकाबले 93.3 के स्तर पर पहुंच गया है.
सेक्टोरल इंडेक्स का हाल

एशियाई बाजार का क्या है हाल?
ट्रंप का देश के नाम संबोधन के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिला. Gift Nifty में 1.62% की गिरावट के साथ यह 22,452 पर कारोबार करता दिखा. एशियाई बाजारों में निक्केई में 1.88% और हैंग सेंग में 1.02% की गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों की सतर्कता साफ नजर आई. वहीं अमेरिकी बाजार में मामूली तेजी देखने को मिली है.

गिरावट की क्या है वजह?
2 अप्रैल की सुबह अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया है कि अगले दो से तीन हफ्तों में ईरान में हमले तेज होंगे. ट्रंप के इस बयान के बाद युद्ध खत्म होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं. इससे दुनिया भर में अनिश्चितता का माहौल पैदा हो रहा है. यही वजह है कि निवेश सेफ साइड ले रहे हैं और बाजार से पैसे निकाल रहे हैं.
1 अप्रैल को कैसा था बाजार का मूड?
1 अप्रैल को शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिससे बाजार में खरीदारी तेज रही. दिन के अंत में सेंसेक्स 1,186.77 अंक यानी 1.65% की बढ़त के साथ 73,134.32 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी भी 348 अंक यानी 1.56% चढ़कर 22,679.40 पर पहुंच गया और 22,600 के स्तर से ऊपर बना रहा.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
5 साल में 88000% का रिटर्न, FII की बनी फेवरेट, कर्ज भी जीरो, जानें क्या करती है कंपनी
ट्रंप के भाषण से एशियाई बाजार निराश, Gift Nifty भी लुढ़का, कच्चा तेल 5 फीसदी उछला, युद्ध जल्द खत्म होने के संकेत नहीं
Coal India की बिक्री में 6 महीने बाद आया उछाल, गैस संकट और गर्मी से बढ़ी मांग; जानें शेयर का हाल
