इस फार्मा स्टॉक को ट्रिपल बूस्ट! 11% से ज्यादा उछल गए शेयर, फोकस में रख लें स्टॉक वरना हो सकता है पछतावा

CDSCO से मिली बड़ी मंजूरी और भारत–ब्राजील फार्मा सहयोग की खबर ने Natco Pharma को निवेशकों के फोकस में ला दिया है. घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी विस्तार की संभावना ने शेयर में तेजी की उम्मीद को मजबूत किया है, यही वजह है कि निवेशक इस स्टॉक पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

फार्मा कंपनी के शेयरों में रफ्तार Image Credit: AI Generated

Pharma stock to buy: हैदराबाद की फार्मा कंपनी Natco Pharma के शेयरों में सोमवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. बाजार खुलते ही निवेशकों ने स्टॉक में खरीदारी शुरू कर दी और कुछ ही घंटों में शेयर 11 फीसदी से ज्यादा उछल गए. इस तेजी के पीछे तीन बड़ी वजहें हैं – पहली, भारत में एक अहम दवा को लेकर CDSCO से मिली मंजूरी और दूसरी, मजबूत Q3FY26 नतीजे और तीसरी, भारत-ब्राजील के बीच होने जा रहा अहम फार्मा समझौता, जिससे कंपनी के विदेशी कारोबार को नई रफ्तार मिल सकती है.

CDSCO से मिली बड़ी मंजूरी

Natco Pharma ने शनिवार को बताया कि उसे भारत में Semaglutide Injection बनाने और बेचने की मंजूरी मिल गई है. यह मंजूरी सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) ने दी है. कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि वह मार्च 2026 से भारत में इस दवा को लॉन्च करेगी.

Semaglutide का इस्तेमाल टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों में किया जाता है, खासतौर पर उन वयस्क मरीजों के लिए जिनकी शुगर डाइट और एक्सरसाइज से कंट्रोल नहीं हो पाती. भारत में डायबिटीज के मरीजों की संख्या काफी ज्यादा है, ऐसे में इस दवा को एक बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है. यही वजह है कि CDSCO की मंजूरी को निवेशक बेहद अहम मान रहे हैं.

मजबूत Q3 नतीजों से मिला सपोर्ट

Natco Pharma ने पिछले हफ्ते अपने तीसरी तिमाही के नतीजे भी जारी किए थे. दिसंबर 2025 को खत्म तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14 फीसदी बढ़कर 151 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी ने 132 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था.

वहीं, ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी बढ़कर 647 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 475 करोड़ रुपये था. मजबूत नतीजों ने भी शेयर की तेजी को सपोर्ट दिया.

ब्राजील पर निवेशकों की खास नजर

CDSCO की मंजूरी के अलावा निवेशकों की नजर ब्राजील पर भी टिकी हुई है. इस हफ्ते भारत और ब्राजील के बीच एक अहम फार्मा समझौते पर हस्ताक्षर होने जा रहे हैं. इससे ब्राजील में भारतीय फार्मा कंपनियों को और ज्यादा मौके मिल सकते हैं.

Natco पहले से ही ब्राजील में अपनी सब्सिडियरी Natcofarma Brasil के जरिए काम कर रही है. यह कंपनी वहां दवाओं के इंपोर्ट, डिस्ट्रीब्यूशन और सेल्स का काम करती है. Natco ब्राजील में कैंसर, ब्लड डिसऑर्डर, हार्ट, न्यूरोलॉजी और जनरल ट्रीटमेंट से जुड़ी जेनेरिक दवाएं बेचती है.

ब्राजील बाजार क्यों है अहम

ब्राजील लैटिन अमेरिका के सबसे बड़े फार्मा बाजारों में से एक है. वहां की सरकारी हेल्थ सिस्टम बड़े पैमाने पर जेनेरिक दवाओं पर निर्भर है. भारत की फार्मा इंडस्ट्री कम कीमत और बेहतर क्वालिटी के लिए जानी जाती है. ऐसे में Natco जैसी कंपनियों के लिए ब्राजील में आगे और मजबूत पकड़ बनाने का मौका है.

यह भी पढ़ें: India-Brazil ट्रेड डील पर अगले हफ्ते लगेगी मुहर, दवा कंपनियों की मौज! बनें स्मार्ट, अभी से इन 3 फार्मा स्टॉक को रखें रडार में

शेयर में जोरदार उछाल, ट्रेडिंग वॉल्यूम बढ़ा

इन्हीं वजहों से निवेशक Natco Pharma के शेयर पर फिलहाल खास नजर बनाए हुए हैं. सोमवार, 9 फरवरी को Natco Pharma का शेयर NSE पर 930.60 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया. शेयर में सामान्य से कहीं ज्यादा ट्रेडिंग देखने को मिली. NSE पर ट्रेडिंग वॉल्यूम 6.4 गुना बढ़कर 43.91 लाख शेयर तक पहुंच गया, जबकि औसतन यह आंकड़ा 6.83 लाख शेयर का रहता है.

BSE पर भी 3.29 लाख शेयरों की ट्रेडिंग हुई, जबकि पिछले दो हफ्तों में रोजाना औसतन सिर्फ 41 हजार शेयरों का कारोबार हो रहा था. साफ है कि CDSCO की खबर ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.