यूरोप पर ट्रंप टैरिफ में नरमी से अमेरिकी मार्केट में तेजी, डाउ जोंस से लेकर S&P तक में उछाल, टेक और बैंकिंग में दिखी तेजी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूरोपीय देशों पर प्रस्तावित टैरिफ रोकने के ऐलान के बाद अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली. इस फैसले से निवेशकों की चिंता कम हुई और बाजार में भरोसा लौटा. डाउ जोंस करीब 600 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ .

अमेरिकी बाजारों में तेजी देखने को मिली. Image Credit: money9live

American Stock Market Rally: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक ऐलान से बुधवार को शेयर बाजारों की दिशा ही बदल गई. यूरोपीय देशों पर लगाए जाने वाले नए टैरिफ को रोकने की घोषणा के बाद अमेरिकी बाजारों में जोरदार तेजी देखी गई. इस फैसले से निवेशकों की चिंता कम हुई और ग्लोबल मार्केट में पॉजिटिव संकेत मिले. डाउ जोंस से लेकर S&P और नैस्डैक तक सभी प्रमुख इंडेक्स मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए. यूरोप और अमेरिका के बीच ग्रीनलैंड को लेकर चल रहे तनाव के कम होने से बाजार को राहत मिली. ट्रंप के बयान के बाद टेक और बैंकिंग शेयरों में खास खरीदारी देखने को मिली.

ट्रंप के ऐलान से बदला बाजार का मूड

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यूरोप के साथ ग्रीनलैंड और आर्कटिक क्षेत्र को लेकर एक डील का स्ट्रक्चर तैयार हो गया है. उन्होंने साफ किया कि फरवरी से लागू होने वाले टैरिफ अब नहीं लगाए जाएंगे. ट्रंप ने यह भी कहा कि ग्रीनलैंड को लेकर किसी तरह की सैन्य कार्रवाई नहीं होगी. इस बयान के बाद निवेशकों का भरोसा लौटा और बाजार में तेजी आई. पहले जहां टैरिफ को लेकर डर बना हुआ था वहीं अब माहौल शांत होता दिखा.

अमेरिकी शेयर बाजारों में जोरदार उछाल

टैरिफ रोकने की खबर के बाद डाउ जोंस में करीब 600 अंकों (1.21 फीसदी) की तेजी आई. S&P और नैस्डैक इंडेक्स भी 1 फीसदी से ज्यादा चढ़कर बंद हुए. हालांकि हफ्ते के हिसाब से बाजार अब भी हल्की गिरावट में हैं. इसके बावजूद एक दिन की तेजी ने निवेशकों को बड़ी राहत दी. मंगलवार को आई भारी गिरावट के बाद यह मजबूत वापसी मानी जा रही है.

टेक और बैंकिंग शेयरों में दिखी खरीदारी

टेक शेयरों में निवेशकों ने फिर से भरोसा दिखाया और एनविडिया व एएमडी जैसे शेयर चढ़े.
बैंकिंग सेक्टर में भी तेजी देखने को मिली. ट्रंप ने क्रेडिट कार्ड ब्याज दर को सीमित करने की बात कही जिससे बैंक शेयरों को सपोर्ट मिला. सिटीग्रुप और कैपिटल वन जैसे शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई. इससे साफ है कि निवेशक दोबारा ग्रोथ स्टॉक्स की ओर लौट रहे हैं.

ये भी पढ़ें- रेखा झुनझुनवाला का इस इंश्‍योरेंस कंपनी में बड़ा दांव, 3 से सीधा 15% तक बढ़ाई हिस्‍सेदारी, क्‍या ये कमजोर शेयर बनेगा मनी मशीन

वैश्विक बाजारों पर भी दिखा असर

अमेरिका यूरोप तनाव कम होने से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी पॉजिटिव संकेत मिले. डॉलर मजबूत हुआ और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी आई. मंगलवार को दिखा सेल अमेरिका ट्रेंड पलटता नजर आया. जानकारों का मानना है कि ट्रंप के फैसले से फिलहाल बड़े भू राजनीतिक खतरे टल गए हैं.