सोने के दाम ऊपर-नीचे होते रहे… लेकिन ये 2 रीजनल दिग्गज ज्वेलरी कंपनियां बन रहीं लंबी रेस का घोड़ा

Organized यानी बड़े ब्रांड वाले ज्वेलरी रिटेलर छोटे और Unorganized दुकानदारों से बाजार हिस्सेदारी छीन रहे हैं. वजह है बेहतर ब्रांडिंग, पारदर्शिता, मजबूत स्टॉक मैनेजमेंट और तेजी से फैलते स्टोर नेटवर्क. ऐसे माहौल में निवेशकों की नजर सिर्फ बड़े नामों पर नहीं, बल्कि उन कंपनियों पर भी है जो सीमित इलाकों में रहते हुए अच्छा मुनाफा कमा रही हैं और मजबूत बैलेंस शीट बनाए हुए हैं.

jewellery stocks Image Credit: Canva/Money9 live

jewellery stocks: भारत का ज्वेलरी बाजार हमेशा सीधी रेखा में नहीं चलता. कभी सोने के दाम बढ़ते हैं तो बिक्री धीमी पड़ जाती है. कभी कीमतें ठंडी होती हैं तो मांग फिर लौट आती है. शादियों का सीजन, फैशन ट्रेंड और ग्राहकों की पसंद भी शेयरों की चाल को तेजी से बदल देती है. लेकिन इस उतार-चढ़ाव के पीछे एक बड़ा बदलाव धीरे-धीरे आकार ले रहा है. Organized यानी बड़े ब्रांड वाले ज्वेलरी रिटेलर छोटे और Unorganized दुकानदारों से बाजार हिस्सेदारी छीन रहे हैं. वजह है बेहतर ब्रांडिंग, पारदर्शिता, मजबूत स्टॉक मैनेजमेंट और तेजी से फैलते स्टोर नेटवर्क.

ऐसे माहौल में निवेशकों की नजर सिर्फ बड़े नामों पर नहीं, बल्कि उन कंपनियों पर भी है जो सीमित इलाकों में रहते हुए अच्छा मुनाफा कमा रही हैं और मजबूत बैलेंस शीट बनाए हुए हैं. आज ज्वेलरी सेक्टर में असली फर्क उन कंपनियों में दिख रहा है जो पूंजी का सही इस्तेमाल करती हैं. कम कर्ज, स्थिर रिटर्न और अपने इलाके में मजबूत पकड़ अब लंबी अवधि की सफलता की पहचान बनती जा रही है. इसी आधार पर दो रीजनल खिलाड़ी निवेशकों के रडार पर आए हैं.

Thangamayil Jewellery

Thangamayil ज्वेलरी ने तमिलनाडु में रहकर बेहद मजबूत नेटवर्क खड़ा किया है. 6 फरवरी तक इसका मार्केट कैप करीब 10,155 करोड़ रुपये था. कंपनी बीते तीन साल में औसतन 20 फीसदी रिटर्न ऑन इक्विटी दे चुकी है. रिटर्न ऑन कैपिटल भी करीब 13.7 फीसदी है. कर्ज का स्तर कंट्रोंल है, जो इस कारोबार में बड़ी बात मानी जाती है.

Q3 FY26 में कंपनी की बिक्री 2,406 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर 112 फीसदी बढ़ी. मुनाफा भी 121 फीसदी उछलकर 106 करोड़ रुपये पहुंचा. पिछले तीन साल में इसके शेयर ने करीब 84 फीसदी सालाना रिटर्न दिया है. कंपनी का ज्यादातर कारोबार दक्षिण भारत तक सीमित है. अगर उस इलाके में मांग कमजोर पड़ी या बड़ी राष्ट्रीय कंपनियों से मुकाबला बढ़ा तो असर ज्यादा पड़ सकता है.

P N Gadgil Jewellers

P N Gadgil एक पुराना नाम है, जो अब संगठित रिटेल में तेजी से फैल रहा है. इसका मार्केट कैप करीब 7,440 करोड़ रुपये है. कंपनी पर कर्ज जरूर है, लेकिन उसके बावजूद यह अच्छा रिटर्न दे रही है. बीते तीन साल में इसका औसत रिटर्न ऑन इक्विटी करीब 26 फीसदी रहा है. Q2 FY26 में कंपनी की आमदनी 2,178 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर करीब 9 फीसदी बढ़ी.

मुनाफा 127 फीसदी उछलकर 79 करोड़ रुपये पहुंचा. हालांकि पिछले कुछ साल में शेयर की कीमत में उतार-चढ़ाव रहा है. वैल्यूएशन फिलहाल इंडस्ट्री के औसत के आसपास है. जैसे-जैसे कंपनी नए इलाकों में जाएगी, वहां स्टोर चलाना और ग्राहकों को जोड़ना चुनौती होगा. सोने की कीमतें और फंडिंग कॉस्ट बढ़ीं तो मार्जिन पर दबाव आ सकता है.

डेटा सोर्स: BSE, Groww, FE

ये भी पढ़ें: India-USA ट्रेड डील का अंतरिम ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी, भारत को मिलेगा 30 ट्रिलियन डॉलर का बाजार, जानें अमेरिका को क्या होने वाला है फायदा

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.