एलन मस्क का X फिर हुआ डाउन, लगातार दूसरे दिन यूजर्स झेल रहे परेशानी
एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) में लगातार दूसरे दिन तकनीकी खराबी आई. शनिवार शाम यूजर्स को पोस्ट लोड करने में दिक्कत हुई, जबकि शुक्रवार को भी कई लोग लॉगिन और ट्वीटिंग से जुड़ी समस्याओं से जूझते रहे.
X Outage: एलन मस्क के स्वामित्व वाला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) शनिवार शाम को फिर तकनीकी गड़बड़ी का शिकार हो गया. शाम करीब 6 बजे से यूजर्स को नए पोस्ट लोड करने में परेशानी होने लगी. जैसे ही यूजर्स पोस्ट रिफ्रेश करने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें “Something went wrong. Try reloading” जैसा एरर मैसेज दिखाई दे रहा था.
लगातार दूसरे दिन डाउन हुआ प्लेटफार्म
यह लगातार दूसरा दिन था जब X प्लेटफॉर्म में दिक्कत आई. शुक्रवार को भी ग्लोबल लेवल पर X डाउन हो गया था. उस दौरान Downdetector की रिपोर्ट के अनुसार, 50 फीसदी से अधिक यूजर्स अपने अकाउंट में लॉग इन नहीं कर पाए थे. करीब 30 फीसदी को ऐप में गड़बड़ी दिखी- जैसे टाइमलाइन लोड न होना और ट्वीट पोस्ट न हो पाना. वहीं, 13 फीसदी यूजर्स के लिए वेबसाइट खुल ही नहीं रही थी, या तो एरर दिखा रही थी या पूरी तरह फ्रीज हो गई थी. लगातार दो दिन तक आई तकनीकी खामियों से यूजर्स खासे नाराज हैं. फिलहाल X की ओर से इन आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

X पर पहले हो चुका है साइबर हमला
इस साल के मार्च महीने में एलन मस्क ने दावा किया था कि उनकी सोशल मीडिया कंपनी X पर एक “बड़े साइबर अटैक” का शिकार किया गया है. मस्क ने कहा, “हम रोज हैकिंग अटैक झेलते हैं, लेकिन यह हमला काफी बड़े पैमाने पर किया गया. इसमें काफी संसाधनों का इस्तेमाल हुआ है. या तो कोई बड़ा संगठित समूह या कोई देश इसके पीछे हो सकता है. हम इसका पता लगा रहे हैं.” मस्क का यह बयान उस वक्त आया जब X प्लेटफॉर्म पर एक के बाद एक तकनीकी दिक्कतें आई थी और हजारों यूजर्स इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे. बता दें कि एलन मस्क ने 2022 में ट्विटर को खरीदा था और अब वह न सिर्फ X के मालिक हैं, बल्कि Tesla जैसी कंपनियों के साथ-साथ अमेरिकी सरकारी डाटा सिस्टम्स तक की पहुंच भी संभालते हैं.
Latest Stories
अगले हफ्ते धमाकेदार एंट्री करेगा Infinix GT 50 Pro, लॉन्च से पहले हो गया फीचर्स का खुलासा
भारत में घट रहा चीनी स्मार्टफोन्स का दबदबा! 8 साल के निचले स्तर पर खिसका मार्केट शेयर, ये है वजह
भारत का अपना Apple-Samsung Moment! 2028 तक आएगा देश में डिजाइन और बना स्मार्टफोन
