बिना नंबर बताए WhatsApp पर होगी चैट! यूजरनेम से होगी पहचान; बढ़ाएगा यूजर्स की प्राइवेसी

WhatsApp का यह बदलाव प्लेटफॉर्म को और ज्यादा प्राइवेसी-फ्रेंडली और फ्लेक्सिबल बना सकता है. यूजरनेम और गेस्ट चैट जैसे फीचर्स आने के बाद WhatsApp सिर्फ एक मैसेजिंग ऐप नहीं, बल्कि एक नया कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म बन सकता है. आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि यूजर्स इस बदलाव को कितना अपनाते हैं.

व्हाट्सएप Image Credit: @Money9live

WhatsApp जल्द ही अपने प्लेटफॉर्म में बड़ा बदलाव करने जा रहा है. अब तक जहां किसी से बात करने के लिए मोबाइल नंबर जरूरी होता था, वहीं आने वाले समय में यूजर्स सिर्फ यूजरनेम के जरिए भी चैट और कॉल कर सकेंगे. यह नया फीचर 2026 के बीच तक लॉन्च हो सकता है, जिससे यूजर्स की प्राइवेसी और भी मजबूत होगी.

यूजरनेम से होगी पहचान, नंबर की जरूरत नहीं

Economic Times की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp एक नया सिस्टम लाने की तैयारी में है जिसमें यूजर्स अपने लिए यूनिक यूजरनेम बना सकेंगे. इसके जरिए वे बिना मोबाइल नंबर शेयर किए किसी से भी मैसेज, वॉयस कॉल या वीडियो कॉल कर पाएंगे. अब तक WhatsApp पूरी तरह फोन नंबर पर आधारित रहा है, लेकिन यह बदलाव प्लेटफॉर्म के काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है.

प्राइवेसी होगी और मजबूत

इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यूजर्स की प्राइवेसी को मिलेगा. अभी किसी नए व्यक्ति से बात करने के लिए नंबर शेयर करना जरूरी होता है, जिससे कई बार अनचाहे मैसेज या कॉल्स आने लगते हैं. यूजरनेम आने के बाद लोग अपनी पर्सनल जानकारी छुपाकर भी आसानी से कनेक्ट कर सकेंगे.

ऑप्शनल रहेगा नया फीचर

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यूजरनेम फीचर पूरी तरह ऑप्शनल होगा. यानी अगर कोई यूजर चाहे तो वह पुराने तरीके से नंबर के जरिए ही WhatsApp इस्तेमाल कर सकता है. अगर किसी के पास पहले से आपका नंबर है, तो वह पहले की तरह ही आपसे संपर्क कर सकेगा.

पहले भी मिल चुके हैं ऐसे संकेत

यह पहली बार नहीं है जब WhatsApp में यूजरनेम फीचर की चर्चा हुई है. पिछले कई सालों से इस पर काम चलने की खबरें आती रही हैं. हालांकि इस बार पहली बार इसके लॉन्च की संभावित टाइमलाइन सामने आई है. यूजरनेम भी दूसरे प्लेटफॉर्म्स की तरह यूनिक होंगे और उनकी उपलब्धता पर निर्भर करेंगे.

गेस्ट चैट फीचर पर भी काम जारी

रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp एक और नए फीचर ‘गेस्ट चैट’ पर भी काम कर रहा है. इसके जरिए बिना WhatsApp अकाउंट के भी लोग किसी चैट में जुड़ सकेंगे. यह फीचर ब्राउजर लिंक के जरिए काम कर सकता है, जहां गेस्ट यूजर्स सीमित सुविधाओं के साथ केवल टेक्स्ट मैसेज भेज पाएंगे. खास बात यह है कि ऐसे चैट में भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन बना रहेगा.

इसे भी पढ़ें- पावर स्टॉक्स में तेजी! 100 रुपये से सस्ते इस दिग्गज स्टॉक में 5% की उछाल, क्यों निवेशकों ने दिखाया भरोसा