अब नहीं होगी टिकट बुकिंग की टेंशन! 15 जुलाई तक लॉन्च होगी IRCTC की नई वेबसाइट; कई फीचर होंगे अपग्रेड

भारतीय रेलवे 15 जुलाई तक नई IRCTC वेबसाइट लॉन्च करने की तैयारी में है. नई वेबसाइट के जरिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक तेज, आसान और भरोसेमंद बनाया जाएगा. यात्रियों को सीट चयन, बेहतर तात्काल बुकिंग स्टेटस, तेज स्पीड और बेहतर यूजर एक्सपीरिएंस जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं.

रेलवे टिकट Image Credit: money9live

IRCTC New Website: देश में करोड़ों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. भारतीय रेलवे जल्द ही अपनी ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम को नए रूप में पेश करने जा रहा है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि 15 जुलाई तक नई IRCTC वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी. नई वेबसाइट का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक तेज, सरल और भरोसेमंद बनाना है. इसके साथ ही यात्रियों को सीट चयन जैसी कई नई सुविधाएं भी मिलने की उम्मीद है. यह घोषणा उस समय सामने आई, जब जयपुर स्थित मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जयपुर के छात्रों ने मौजूदा IRCTC प्लेटफॉर्म पर आने वाली तकनीकी समस्याओं को लेकर अपनी चिंता जाहिर की गई.

छात्रों की शिकायत के बाद लिया गया फैसला

जयपुर दौरे के दौरान रेल मंत्री छात्रों के साथ संवाद कर रहे थे. इसी दौरान एक छात्र ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग में आने वाली दिक्कतों का मुद्दा उठाया. छात्र की शिकायत सुनने के बाद रेल मंत्री ने मौके पर ही रेलवे अधिकारियों से चर्चा की और पूछा कि क्या 30 दिनों के भीतर एक नया प्लेटफॉर्म तैयार किया जा सकता है. बाद में उन्होंने छात्रों को जानकारी दी कि नई IRCTC वेबसाइट 15 जुलाई तक लॉन्च कर दी जाएगी. इस घोषणा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और यात्रियों के बीच नई उम्मीदें जग गईं.

नई वेबसाइट में क्या होगा खास

रेलवे की योजना केवल वेबसाइट का स्वरूप बदलने की नहीं है, बल्कि पूरे टिकट बुकिंग एक्सपीरिएंस को बेहतर बनाने की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई वेबसाइट में कई महत्वपूर्ण सुधार किए जाएंगे. सबसे बड़ा बदलाव टिकट बुकिंग की स्पीड में देखने को मिल सकता है. यात्रियों को पहले की तुलना में तेजी से टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा वेबसाइट को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि वह एक साथ बड़ी संख्या में आने वाले उपयोगकर्ताओं को आसानी से संभाल सके.

तात्काल टिकट बुकिंग के दौरान अक्सर यात्रियों को वेबसाइट हैंग होने या स्टेटस अपडेट में देरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. नई प्रणाली में तात्काल बुकिंग स्टेटस को अधिक सटीक और रियल टाइम बनाने पर भी काम किया जा रहा है. इसके अलावा यात्रियों को सीट चयन की सुविधा मिलने की संभावना है, जिससे वे उपलब्ध सीटों में से अपनी पसंद की सीट चुन सकेंगे. वेबसाइट का इंटरफेस भी अधिक सरल और यूजर फ्रेंडली बनाया जाएगा, ताकि नए उपयोगकर्ताओं को भी टिकट बुक करने में परेशानी न हो.

क्यों जरूरी हो गया था अपग्रेड

भारतीय रेलवे में डिजिटल टिकट बुकिंग का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान समय में लगभग 88 फीसदी रेल टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक किए जाते हैं. ऐसे में वेबसाइट की विश्वसनीयता और गति बेहद महत्वपूर्ण हो गई है.

पिछले कुछ वर्षों में यात्रियों ने कई बार वेबसाइट क्रैश होने, ओटीपी देर से आने, भुगतान अटकने और तात्काल टिकट बुकिंग के दौरान तकनीकी बाधाओं की शिकायत की है. विशेष रूप से त्योहारों और छुट्टियों के मौसम में बढ़ते ट्रैफिक के कारण यह समस्या और गंभीर हो जाती है. नई वेबसाइट का लक्ष्य इन सभी चुनौतियों का समाधान करना है, ताकि यात्रियों को बिना किसी परेशानी के टिकट बुकिंग का बेहतर अनुभव मिल सके.

जयपुर में हुए अन्य बड़े ऐलान

जयपुर दौरे के दौरान रेल मंत्री ने केवल रेलवे से जुड़ी घोषणा ही नहीं की, बल्कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदमों का ऐलान किया. उन्होंने एमएनआईटी जयपुर में एडवांस्ड क्वांटम कंप्यूटिंग और क्वांटम कम्युनिकेशन लैब स्थापित करने की घोषणा की. यह लैब क्वांटम की डिस्ट्रीब्यूशन, क्वांटम कंप्यूटिंग सिमुलेशन और क्वांटम सेंसिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों पर काम करेगी.

यात्रियों की निगाहें 15 जुलाई पर

अब रेलवे यात्रियों की नजर 15 जुलाई पर टिकी हुई है. यदि नई IRCTC वेबसाइट अपनी घोषित सुविधाओं और बेहतर प्रदर्शन के साथ लॉन्च होती है, तो यह करोड़ों यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया को काफी आसान बना सकती है. तेज गति, कम तकनीकी समस्याएं और बेहतर यूजर एक्सपीरिएंस भारतीय रेलवे की डिजिटल सर्विस को एक नई दिशा देने का काम कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: 5 दिनों में ₹4870 सस्ता हुआ सोना, चांदी में ₹1500 की गिरावट, खरीदारी से पहले जान लें अपने शहर के ताजा रेट