UAE में प्लांट में आग, कुवैत पर हमले, ट्रंप की 48 घंटे की चेतावनी भी बेअसर; नहीं थम रहा ईरान

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष खाड़ी देशों में फैला हुआ है. UAE, कुवैत और अन्य क्षेत्रों में ड्रोन और मिसाइल हमलों से ऊर्जा ढांचे को नुकसान पहुंचा है. इस बीच अमेरिका ने ईरान को सख्त चेतावनी दी है, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं.

प्रतिकात्मक तस्वीर Image Credit: FreePik

रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में एक बड़े पेट्रोकेमिकल प्लांट में आग लगने की घटना सामने आई. ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमलों के बीच पूरे खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जा रहा है.

AFP ने अबू धाबी प्रशासन के हवाले से रिपोर्ट किया है कि, बोरोज (Borouge) पेट्रोकेमिकल प्लांट में कई जगह आग लग गई. यह आग एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा इंटरसेप्ट किए गए मिसाइल और ड्रोन के मलबे गिरने से लगी. अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं और एहतियात के तौर पर प्लांट का संचालन तुरंत रोक दिया गया है. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

UAE के रक्षा मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि देश पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दिया जा रहा है.

खाड़ी देशों में फैलता संघर्ष

ईरान ने खाड़ी के कई देशों को निशाना बनाया है. रॉयटर्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक, बहरीन में भी एक पेट्रोकेमिकल स्टोरेज सुविधा में ड्रोन हमले के बाद आग लगने की घटना सामने आई, जिसे बाद में काबू में कर लिया गया.

ईरान उन खाड़ी देशों के ऊर्जा ढांचे को निशाना बना रहा है जिन्हें वह अमेरिका-इजरायल गठजोड़ का समर्थन करने वाला मानता है.

कुवैत में ड्रोन हमले से बड़ा नुकसान

कुवैत में हालात और गंभीर नजर आ रहे हैं. शनिवार को कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के मुख्यालय और तेल मंत्रालय वाले परिसर में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई.

इसके अलावा, दो पावर और वाटर डिसेलिनेशन प्लांट्स को भी निशाना बनाया गया, जिससे बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ और भारी नुकसान हुआ. हालांकि, इन घटनाओं में भी किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है.

यह भी पढ़ें: ₹1.5 लाख करोड़ निकाल चुके विदेशी निवेशक! अप्रैल में ही ₹19,837 करोड़ की बिकवाली, क्यों टूट रहा भरोसा

ट्रंप का 48 घंटे का अल्टीमेटम

इस पूरे तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने कहा कि या तो ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोल दे और समझौता करे, वरना उसे गंभीर सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा.

हालांकि, फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक ईरान ने इस चेतावनी को खारिज करते हुए जवाबी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है, जिससे आने वाले दिनों में संघर्ष और तेज होने की आशंका बढ़ गई है.