Gold-Silver Rate Today: सोना-चांदी 3% तक उछले, मिडिल ईस्ट तनाव और शादी सीजन से बढ़ी चमक, पर गिरावट का खतरा बरकरार
मिडिल ईस्ट तनाव, कच्चे तेल की कीमतों और डिप बायिंग के चलते सोना-चांदी में 3% तक की जोरदार तेजी देखने को मिली. शादी सीजन की मांग और कमजोर रुपये ने घरेलू बाजार में गोल्ड और सिल्वर की कीमतों को और सपोर्ट दिया. हालांकि तेजी के बावजूद सोना इस महीने बड़ी गिरावट की ओर है, इसलिए आगे बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.
Gold-Silver Rate Today: सोना और चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट के बाद जोरदार रिकवरी देखने को मिली है. आज वैश्विक बाजार में सोने और चांदी दोनों कीमती धातुएं चढ़़ गईं, जिससे निवेशकों की दिलचस्पी फिर बढ़ी है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और महंगाई की चिंताओं के बीच फेडरल रिजर्व के संकेतों ने बाजार को सहारा दिया है. COMEX पर सोना करीब 1.25% चढ़कर 4,618 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 3.7% उछलकर 73.2 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई.
तेजी की वजह
कीमतों में तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव है. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते टकराव, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में संभावित बाधाएं और तेल सप्लाई पर खतरे ने कच्चे तेल की कीमतों को ऊपर धकेला है. इससे महंगाई बढ़ने की आशंका मजबूत हुई है. हालांकि, फेडरल रिजर्व चेयर जेरोम पॉवेल ने कहा है कि फिलहाल नीति वेट एंड वॉच की स्थिति में है. इसके बावजूद बाजार में यह चिंता बनी हुई है कि महंगाई बढ़ने पर ब्याज दरें ऊंची रह सकती हैं, जो सोने जैसे नॉन-यील्डिंग एसेट के लिए नकारात्मक होती है.
शादी सीजन ने बढ़ाई चमक
विशेषज्ञों के मुताबिक शादी सीजन की मांग और ज्वैलर्स की खरीदारी ने भी कीमतों को सहारा दिया है. इसके अलावा रुपये में कमजोरी भी एक बड़ा फैक्टर रही. डॉलर के मुकाबले रुपया 95 के पार जाकर 95.2350 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया, जिससे इंपोर्टेड गोल्ड महंगा हो गया और घरेलू कीमतों में तेजी आई है.
घरेलू बाजार का हाल
31 मार्च को महावीर जयंती के चलते मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर गोल्ड और सिल्वर की ट्रेडिंग बंद है. ऐसे में 30 मार्च को सोना 216 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 147,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. जबकि चांदी 72 रुपये की हल्की बढ़त के साथ 229,033 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी.
रिटेल बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में अच्छी तेजी देखने को मिली थी. दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 3,700 रुपये बढ़कर 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी 7,000 रुपये उछलकर 2,37,000 रुपये प्रति किलो हो गई.
गिरावट की ओर बढ़ रहा सोना
ग्लोबल मार्केट में लिक्विडिटी की कमी और ऊंचे ऊर्जा दामों के कारण सोना इस महीने करीब 15% गिरावट की ओर बढ़ रहा है, जो 2008 के बाद सबसे बड़ी मासिक गिरावट हो सकती है. मंगलवार को सोने की कीमतों में तेजी आने के बावजूद 17 साल से भी ज्यादा समय में ये अपनी सबसे बड़ी मासिक गिरावट दर्ज करने की राह पर है. ऐसे मे शॉर्ट टर्म में सोना-चांदी को भले ही सपोर्ट मिल रहा हो, लेकिन आगे की दिशा मिडिल ईस्ट के हालात, कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिकी ब्याज दरों और रुपये-डॉलर की चाल पर निर्भर करेगी. ऐसे में निवेशकों को उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
Latest Stories
Bank Holidays: आज महावीर जयंती से लेकर गुड फ्राइडे तक छुट्टियों की बहार, जल्द निपटा लें काम, जानें कब-कब बंद रहेंगे बैंक
रुपये को बचाने के लिए RBI सख्त, फॉरेक्स पर 100 मिलियन डॉलर लिमिट लागू, जानें आपके बैंक पर क्या होगा असर
Excise Duty घटी, अब क्या राज्य घटाएंगे VAT? जानें पेट्रोल पर कौन-कितना वसूलता है टैक्स, ये रहे टॉप 5 स्टेट
